Web News

www.upwebnews.com

बलिया BSA ने सहायक अध्यापक को किया बर्खास्त, दिए वेतन रिकवरी और मुकदमा का आदेश

July 31, 2026

बलिया BSA ने सहायक अध्यापक को किया बर्खास्त, दिए वेतन रिकवरी और मुकदमा का आदेश

बलिया – बलिया के बांसडीह में कूटरचित दस्तावेज के सहारे बेसिक शिक्षा विभाग में नौकरी हथियाने वाले सहायक अध्यापक जितेन्द्र राम को बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बर्खास्त कर दिया है। यही नहीं, बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी, बांसडीह को निर्देश दिया है कि बर्खास्त अध्यापक से विद्यालय का शासकीय अभिलेख एवं कार्यभार तत्काल अपने कब्जे में लेने के साथ ही संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने करावें। बीएसए ने वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) को तत्काल प्रभाव से वेतन भुगतान रोकने तथा यदि अतिरिक्त वेतन का भुगतान हुआ हो तो उसकी वसूली करने के निर्देश दिए हैं। बीएसए की इस कार्रवाई से विभागीय गलियारे में हड़कम्प मच गया है। मामला शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के प्राथमिक विद्यालय रामपुर नौबरार से जुड़ा है।
बीएसए द्वारा जारी आदेश के अनुसार त्रिभुवन नारायण सिंह पुत्र स्व. कन्हैया सिंह (निवासी-रत्तोपुर, पोस्ट-चिलकहर, थाना व तहसील-रसड़ा, बलिया) ने जनसुवाई के दौरान जिलाधिकारी बलिया के समक्ष शिकायती पत्र प्रस्तुत किया था कि जितेन्द्र राम पुत्र भरत राम (नवासी : रत्तोपुर, पोस्ट-चिलकहर, तहसील-रसड़ा, बलिया) ने दस्तावेज में कूटरचना करके खरवार (अनुसूचित जन जाति) का फर्जी जाति प्रमाण-पत्र बनवाकर शिक्षक की नौकरी पाई है, जो प्राथमिक विद्यालय रामपुर नौबरार, ब्लाक बांसडीह, बलिया में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत है। जबकि वास्तव में जितेन्द्र राम कमकर जाति का व्यक्ति है।
शिकायत के क्रम में बीएसए ने जितेन्द्र कुमार सहायक अध्यापक के जाति प्रमाण-पत्र संख्या-63310500725 का सत्यापन तहसीलदार मजिस्ट्रेट, तहसील रसड़ा, बलिया को सत्यापन प्रेषित किया गया। कार्यालय तहसीलदार रसड़ा द्वारा अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में सत्यापन आख्या उपलब्ध कराया गया है। आख्या में उल्लिखित किया गया है कि जॉचोपरान्त जिला कास्ट स्कूटनी कमेटी, बलिया द्वारा जितेन्द्र राम पुत्र भरत राम के भाई अरविन्द कमकर का खरवार जाति का प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया गया है। इससे यह स्पष्ट है कि जितेन्द्र राम खरवार जाति का न होकर कमकर जाति से सम्बन्धित है।
बीएसए ने बताया कि जितेन्द्र राम को अपना पक्ष प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया। लेकिन जितेन्द्र राम ने जो स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया वह तथ्यहीन पाया राया। इससे स्पष्ट हो गया कि जितेद्र राम ने वास्तविक जाति कमकर (पिछड़ी जाति) से खरवार (अनुसूचित जन जाति) के जाति प्रमाण-पत्र में कूटरचना एवं विभाग को गुमराह कर सेवा प्राप्त की है। ऐसी स्थिति में बीएसए ने जितेन्द्र राम की नियुक्ति को नियुक्ति तिथि से शून्य मानते हुए सेवा समाप्त कर दिया है।

एटा पुलिस को मिला हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन 1 किमी दूर तक का ओवरस्पीड पर काटेगा ई-चालान

एटा 31 जुलाई उप्रससे। जनपद में पुलिस को सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन मिला है। शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने पुलिस कार्यालय परिसर से इस हाईटेक वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इंटरसेप्टर वाहन स्पीड डिटेक्शन रडार, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, एलईडी डिस्प्ले बोर्ड और अन्य आधुनिक उपकरणों से लैस है। इसमें लगा रडार चलते वाहनों की गति का सटीक आकलन करेगा, जबकि हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे 250 मीटर से लेकर एक किलोमीटर तक की दूरी से वाहनों की नंबर प्लेट कैप्चर करने में सक्षम हैं। इस वाहन की मदद से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनका ई-चालान किया जाएगा। वाहन में ब्रीथ एनालाइज़र भी लगाया गया है, जिससे शराब पीकर वाहन चलाने वालों की मौके पर जांच की जा सकेगी।

रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर भी रहेगी नजर

हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन रॉन्ग साइड ड्राइविंग समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी तकनीकी निगरानी रखेगा। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वर्जन
एसएसपी ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इस इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी। साथ ही यातायात नियमों का बेहतर पालन सुनिश्चित होगा और आमजन की सुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।

एटा में एक मकान में अचानक लगी आग से बाइक और साइकिल जलकर राख; दमकल ने बचाया पूरा घर

एटा 31 जुलाई उप्रससे। जनपद की कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव उज्जैपुर में शुक्रवार को एक घर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में घर में खड़ी एक बाइक और एक साइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। समय रहते फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार गांव उज्जैपुर निवासी शेर सिंह पुत्र हरिपाल सिंह के मकान में अज्ञात कारणों से अचानक आग भड़क उठी। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण बाल्टियों और पानी के अन्य साधनों के साथ मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के कमरों और पड़ोसी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। हालांकि तब तक घर में खड़ी बाइक और साइकिल पूरी तरह जल चुकी थीं और घरेलू सामान को भी नुकसान पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि दमकल कुछ देर और पहुंचती तो आग आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में देर तक आग की चर्चा होती रही।

July 30, 2026

गोवर्धन में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

गोवर्धन (मथुरा)। थाना गोवर्धन क्षेत्र में 10-11 वर्षीय बालिका से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हरिदास (42) मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले का रहने वाला है। वह पिछले दो-तीन वर्षों से गोवर्धन में मकान खरीदकर रह रहा था। पीड़ित बालिका अपने परिजनों के साथ उसी मकान में किराए पर रहती थी।
शिकायत मिलने के बाद महिला उपनिरीक्षक ने बालिका से पूछताछ की और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों का गंभीरता से संकलन कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चन्द्र रावत ने बताया कि मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार अत्यंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एटा में कांवड़ यात्रा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू, भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय

एटा 30 जुलाई उप्रससे। जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 31 जुलाई (शुक्रवार) शाम 8 बजे से लागू होगी और 3 अगस्त (सोमवार) शाम 6 बजे तक प्रभावी रहेगी। इसके अलावा 7 से 11 अगस्त, 14 से 17 अगस्त और 21 से 24 अगस्त तक भी यही व्यवस्था लागू रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में कांवड़िए कासगंज के सोरों घाट से गंगाजल लेकर एटा के रास्ते विभिन्न शिवालयों तक पहुंचते हैं। इसे देखते हुए भारी वाहनों, रोडवेज बसों और सामान्य यातायात के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।
अलीगढ़ और पिलुआ की ओर से मैनपुरी जाने वाले भारी वाहनों को एटा शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन्हें एटा बाईपास से निकाला जाएगा। अलीगढ़ से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद मार्ग से होकर जाएंगे।
एटा से बदायूं और बरेली जाने वाले भारी वाहनों को कादरगंज मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। मैनपुरी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं कासगंज से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन सोरों, अमांपुर, मलावन, कुरावली, घिरोर और शिकोहाबाद मार्ग का उपयोग करेंगे। शिकोहाबाद और टूंडला की ओर से आवश्यक वस्तुओं के वाहन भी निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित होंगे।

रोडवेज बसों के रूट में भी बदलाव

शुक्रवार से सोमवार तक अलीगढ़ और पिलुआ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें एटा शहर में प्रवेश नहीं करेंगी। मैनपुरी की ओर से आने वाली बसों को आरओबी से पहले ही बाईपास की ओर मोड़ दिया जाएगा। गंजडुंडवारा, अलीगंज और अमांपुर मार्ग की बसों का संचालन भी बाईपास से किया जाएगा।

शहर में चार पहिया वाहनों की एंट्री बंद

श्रावण मास के प्रत्येक शनिवार, रविवार और सोमवार को एटा शहर में चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अन्य दिनों में जीटी रोड पर हल्के वाहनों का संचालन वन-वे व्यवस्था के तहत किया जाएगा। एटा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

« Newer PostsOlder Posts »