Web News

www.upwebnews.com

Mainpuri गौशाला में तड़पते गोवंश को कौवों ने नोचा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

June 14, 2026

Mainpuri गौशाला में तड़पते गोवंश को कौवों ने नोचा, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Posted on 14.06.2026 Time 09.27 PM Sunday, Mainpuri
व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, कार्रवाई की मांग
मैनपुरी, 14 जून 2026, एलाऊ जागीर ब्लॉक के मलिकपुर स्थित गौशाला में रविवार को अव्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला में बीमार और असहाय गोवंशों की उचित देखभाल नहीं हो रही है। एक गंभीर रूप से बीमार गोवंश को कौवों द्वारा नोचे जाने की घटना सामने आने के बाद लोगों का आक्रोश बढ़ गया।
ग्रामीणों के अनुसार संबंधित गोवंश काफी समय से गंभीर हालत में पड़ा हुआ था, लेकिन उसके उपचार के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। स्थिति इतनी दयनीय हो गई कि कौवे उसे नोचते रहे और जिम्मेदार लोग मूकदर्शक बने रहे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण गौशाला पहुंच गए और विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सचिव और पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि दिन के समय भी गौशाला में कर्मचारियों की उपस्थिति नहीं रहती, जिससे गोवंशों की निगरानी और देखभाल प्रभावित होती है। भीषण गर्मी के बावजूद पशुओं के लिए पर्याप्त छाया, स्वच्छ पानी और हरे चारे की व्यवस्था नहीं है। ग्रामीण शेर सिंह ने बताया कि गौशाला की समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि गौशाला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गोवंशों के अवशेष एवं कंकाल तक दिखाई देते हैं, जो व्यवस्थाओं की बदहाली को दर्शाते हैं। गर्मी के मौसम में भी पशु खुले में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण कराने, गोवंशों के लिए चारा, पानी और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बीमार पशुओं के उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन में ब्रजेश कुमार, संजय यादव, प्रबल कुमार, अजय कुमार, राकेश यादव, मनोज यादव, रामरतन यादव, फेरु सिंह, सियाराम यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। खंड विकास अधिकारी उमेश कुमार कौशल ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। जल्द ही गौशाला का निरीक्षण कराया जाएगा और जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

CM Yogi Adityanath के निर्देश: जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को प्राथमिकता दें अफसर

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर एवं आजमगढ़ मण्डल के सांसदों व विधायकों और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की
 
जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर प्राथमिकता निर्धारित कर त्वरित कार्यवाही करते हुये समय से परियोजनाआ की स्वीकृति करायी जाए तथा तत्काल कार्य प्रारम्भ कराया जाए : मुख्यमंत्री
Posted on 14.06.2026 Time 08.56 PM Sunday, Gorakhpur, Azamgarh
गोरखपुर: 14 जून, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर एवं आजमगढ़ मण्डल के सांसदों व विधायकों और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने दोनों मण्डलों के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए आगामी परियोजनाओं/प्रस्तावों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों से विधानसभावार उनके क्षेत्र की सड़क आवश्यकताओं पर चर्चा करते हुये कहा कि बैठक का उद्देश्य प्रदेश के सभी क्षेत्रों मे समान रूप से विकास सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर प्राथमिकता निर्धारित कर त्वरित कार्यवाही करते हुये समय से परियोजनाआ की स्वीकृति करायी जाए तथा तत्काल कार्य प्रारम्भ कराया जाए। उन्हांने कहा कि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। लोक निर्माण विभाग तकनीक की मदद से कार्य की ऑनलाइन तथा भौतिक निगरानी करे। उन्होंने सेतु निगम को तकनीक का उपयोग करते हुये सेफ्टी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान लोगां की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाये। उन्हांने कहा कि ज्यादा बिलो टेन्डर होने पर कार्य की गुणवक्ता प्रभावित होती है, इसलिए ऐसे लोगां का चिन्हित कर कार्यवाही की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर-आजमगढ मण्डल के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आगामी सड़क निर्माण परियोजनाओं, प्रस्तावों का डिजिटल प्रेजेंटेशन देखा। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री जी को आगामी प्रस्तावों से अवगत कराया। मुख्यमंत्री जी ने सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए कहा कि सड़कों के सम्बन्ध में जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों से प्राथमिकता का निर्धारण जनप्रतिनिधियों की सहमति से किया जाए। जनप्रतिनिधि जिन सड़कों को प्राथमिकता दें, सबसे पहले उनका एस्टिमेट बनाकर योजना स्वीकृत कराकर, शिलान्यास कर निर्माण कार्य प्रारम्भ कराया जाए। उन सड़कों को सबसे पहले प्राथमिकता दी जाए, जो बड़े क्षेत्र को लाभान्वित करने वाली हों।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की सड़कों के निर्माण कार्य की निरन्तर मॉनिटरिंग करते रहें, ताकि तेजी के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य हो। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर और आजमगढ मण्डल विकास की नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में संचालित विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करते रहें और किसी विकास कार्य में अड़चन आने पर अधिकारियों के साथ मिलकर उसे दूर कराएं।
बैठक मे परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह द्वारा बलिया-बांसडीह मार्ग पर पानी भरने की समस्या पर मुख्यमंत्री जी ने मुख्य अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग को निरीक्षण कर रिर्पोट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री  कमलेश पासवान, प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, ग्राम्य विकास राज्य मंत्री श्रीमती विजयलक्ष्मी गौतम, सांसद रवि किशन शुक्ल, सांसद विजय दुबे, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान सहित जनप्रतिनिधिगण व शासन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मोबाइल स्क्रीन ने दूरियां बढ़ा दी: कुंवर मानवेंद्र सिंह

Posted on 14.06.2026 Time 08.14 PM Lucknow, UP Kshatriya Lok Sevak Parivaraha Samiti, Kumvar Manvendra Singh

इतिहासकारों ने क्षत्रियों के साथ बहुत अन्याय किया- जॆपीएस राठौर
लखनऊ, 14 जून 2016, उत्तर प्रदेश क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमिति के तत्वाधान में गोमती नगर स्थित एसकेडी अकादमी के सभागार में “हल्दीघाटी दिवेरघाटी, विजयोत्सव सामाजिक सरोकार एवं सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सभापति विधान परिषद उत्तर प्रदेश कुंवर मानवेंद्र सिंह एवं राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार जेपीएस राठौर ने विभिन्न क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित करने वाले प्रादेशिक, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र का सम्मान बढ़ाने वाले क्षत्रिय परिवार के 36 विभूतियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही इंटरमीडिएट व हाई स्कूल की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले 112 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतिभा सम्मान देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए सभापति विधान परिषद उत्तर प्रदेश कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि समाज तब तक विजयी या सशक्त नहीं हो सकता, जब तक समाज का हर वर्ग एक-दूसरे का हाथ थामकर खड़ा न हो। आज के इस आधुनिक और तकनीकी युग में जहाँ मोबाइल स्क्रीन ने हमारे बीच दूरियां बढ़ा दी हैं, हमें अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा। शिक्षा का उजियारा फैलाना, समाज के वंचितों की मदद करना, पर्यावरण की रक्षा करना और युवाओं को सही मार्गदर्शन देना ही आज के समय की सच्ची राष्ट्र सेवा है।”
उन्होंने कहा कि आज इस मंच से जिन महानुभावों को समाज सेवा और उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है, मैं उन सभी विभूतियों को हृदय से बधाई देता हूँ। आपका यह सम्मान केवल आपका आदर नहीं है, बल्कि हमारी नई पीढ़ी के लिए एक प्रकाश स्तंभ (लाइट हाउस) है, जो उन्हें समाज के कल्याण मार्ग पर चलने की प्रेरणा देगा।


सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमिति को इस बात के लिए साधुवाद देता हूँ कि उन्होंने इतिहास के गौरव, वर्तमान की आवश्यकता और भविष्य की सकारात्मक दिशा को एक मंच पर ला खड़ा किया है। समारोह को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि क्षत्रिय सर्व समाज के लिये काम करता आया है लेकिन फिल्मों ने क्षत्रिय समाज की छवि को लगातार खराब करने का काम किया है। मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमित के प्रदेश अध्यक्ष बाबा हरदेव सिंह जो बीड़ा उठाते हैं उसे पूरा करते हुए अंत तक ले आते हैं। इस मौके पर मंत्री जीपीएस राठौर ने भारतीय इतिहासकारों पर भी जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इतिहासकारों ने क्षत्रियों के साथ बहुत अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि इतिहासकारो ने महाराणा प्रताप की जगह अकबर को महान बताया। महाराणा प्रताप ने भीलो और वंचित समाज को लेकर युद्ध किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ही थे जो सर्व समाज को लेकर चलते थे। इस मौके पर मौजूद पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से हमें धर्म और कर्तव्य का बोध होता है। समझ में उपस्थित पूर्व अध्यक्ष बाल अधिकार संरक्षण आयोग जूही सिंह ने कहा कि आज का छात्र कल का भविष्य है, उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को सम्मानित करना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि हम सभी को एक जुट होकर राष्ट्र को मजबूत करना है। इंडो अमेरिकन चैंबर ऑफ़ कॉमर्स उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए इंडोआमेरिकन चैम्बर के यूपी अध्यक्ष मुकेश सिंह ने कहा की क्षत्रिय समाज के बच्चे इंजीनियरिंग मैनेजमेंट या और कोर्स करने प्राइवेट इंडस्ट्री में अपना भविष्य देखते है या स्टार्ट अप लघु उद्योग स्थापित करना चाहते है इंडस्ट्री चैंबर्स से जुड़े होने के उन्हें यथा सहायता की जाएगी ।


समारोह को महासमिति के अध्यक्ष, बाबा हरदेव सिंह ने सम्बोधित करते हुए कहा कि क्षत्रिय समाज को विषम परिस्थितियों से उबारने के लिए बहुत बड़े प्रयास की जरुरत है। ऐसी दशा में इस संगठन की जिम्मेदारी है कि वह युवाओं में आगे बढ़ने की इच्छा जाग्रत करे और उन्हें हर स्तर पर मजबूत बनाने का प्रयास करे।
महासमिति की महासचिव, इन्द्रासन सिंह ‘इन्दु’ ने महासमिति की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि महासमिति स्थापना के 17 वर्ष पूर्ण करके 18वें वर्ष में प्रवेश कर रही है सभी का समर्पित प्रयास और समर्थन मिलता रहा तो यह महासमिति अपनी 25वीं वर्षगांठ तक विशाल वटवृक्ष का रूप ले लेगी और इसके छांव के नीचे अपनी समस्याओं का समाधान कर समाज को नई दिशा देने में सक्षम होंगे। महासमिति अनवरत समाज के हर वर्ग के जरूरतमन्द लोगों और बेरोजगार युवक युवतियों को उचित मार्ग दर्शन देकर उन्हें आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

समारोह में 500 से अधिक सेवारत एवं सेवा निवृत्त लोक सेवक एवं उनके परिवारीजन उपस्थित रहे। प्रमुख पदाधिकारीगण एवं सदस्यगण सर्व श्री श्री प्रकाश सिंह धनन्जय सिंह, कोषाध्यक्ष, के. के. सिंह, डा.डी..पी. सिंह, कुँवर प्रदीप सिंह, अजय कुमार गौतम, नायक सिंह, शिवशरन सिंह, डा.देव राज सिंह, डा. अनुपमा सिंह, डा० उर्मिला सिंह, डा. दिव्या सिंह, इ.जी.एन.सिंह, इ. एस.आर. सिंह परिहार, इं.एस.एन.सिंह, श्रीमती रीता सिंह, सिखा सिंह, अनीता सिंह, डा.श्री मुसाफिर सिंह, श्रीमती माधुरी सिंह आराधना सिंह, बन्दना सिंह रमेन्द सिंह विसेन, विजय कुमार सिंह जतेन्द्र सिंह नेगी, अजीत कुमार सिंह, नगेन्द्र सिंह, हरमनाम सिंह, इं. गोविन्द नारायण सिंह जयकरन सिंह आर.पी.सिंह, सिद्धार्थ सिंह अमित सिंह, अध्यक्ष, फिरोजाबाद, राम नायक सिंह अनिल कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, सुनील सिंह, विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुरादाबाद में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने गिनाई केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियां

मुरादाबाद ब्लाक परिसर में किया विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन और पौधारोपण

Posted on 14.06.2026 Time 07.02 PM Sunday, Report by Akhilesh Sharma Moradabad, UP News, UP Samachar Sewa, Uttar Pradesh

मुरादाबाद, 14 जून 2026 (उप्र समाचार सेवा), उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को मुरादाबाद के ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर विकास, पर्यावरण और केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताई। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई, जिसके जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन मुरादाबाद ब्लाक प्रमुख मनीष सिंह ने किया।

मंच से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उपमुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के हित में लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता और एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त एवं गोपाल अनजान, विधायक रितेश गुप्ता एवं रामबीर सिंह, मेयर विनोद अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भांडुला, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विजयबान सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा और राष्ट्रीय परिषद सदस्य राकेश सिंह समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

नेताओं ने सरकार की नीतियों और विकास कार्यों को जनता के लिए लाभकारी बताते हुए उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। दोनों कार्यक्रमों के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को प्रमुखता से गिनाया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उनका दावा था कि आज भारत दुनिया में नई ताकत के रूप में उभरा है और केंद्र सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन दलों ने वर्षों तक जनता को केवल वादों और घोषणाओं में उलझाए रखा, आज वही विकास की राजनीति पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का फोकस केवल चुनावी घोषणाओं पर नहीं बल्कि धरातल पर परिणाम देने पर है। यही वजह है कि जनता लगातार भाजपा पर विश्वास जता रही है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद की राजनीति से ऊपर उठकर विकास और सुशासन का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की डबल इंजन व्यवस्था ने विकास की गति को कई गुना बढ़ाया है।
ब्लॉक कार्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ जहां भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है, वहीं दूसरी ओर आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए संगठनात्मक मजबूती का संदेश भी दिया जा रहा है। डिप्टी सीएम के दौरे ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम किया और भाजपा नेताओं ने इसे विकास और जनसंपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के समापन पर उपमुख्यमंत्री ने सभी से पर्यावरण संरक्षण, सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और विकास कार्यों में सहभागिता का आह्वान किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

अखिलेश यादव आगरा से कर गए चुनाव अभियान का श्रीगणेश

  • अखिलेश का मास्टरस्ट्रोक, धर्म, विकास और पीडीए के सहारे साधे 2027 के समीकरण
  • आगरा में सपा प्रमुख ने खोला चुनावी मोर्चा, राम मंदिर चढ़ावा विवाद से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और नदियों की सफाई तक योगी सरकार को घेरा

Posted on 14.06.2026 Time 06.44 PM, Sunday, Agra, Samajwadi Party, Report by Ashok Agnihotri Tau, Agra
आगरा 14 जून 2926 । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा से भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक हमला तेज कर दिया। व्यापारियों, उद्योगपतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच संवाद करते हुए उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा विवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार और नदियों की सफाई जैसे मुद्दों पर योगी सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के सवाल पर अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मंदिर और धर्म से जुड़े मामलों की जांच अधिकारियों को करनी पड़ रही है। उनके अनुसार सनातन धर्म के लिए इससे बड़ा दुर्भाग्य कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यदि चढ़ावे को लेकर कोई विवाद या गड़बड़ी हुई है तो उसे सार्वजनिक विवाद बनाने के बजाय आपसी स्तर पर सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कैमरे बंद कर दीजिए, आंखें बंद कर लीजिए और जो भी चढ़ावा गलत तरीके से लिया गया है, उसे प्रभु श्रीराम के चरणों में वापस रख दीजिए, भगवान सबको माफ कर देंगे। लेकिन अधिकारियों से जांच कराना धार्मिक आस्था का अपमान है।

—भाजपा की राजनीति पर निशाना

योगी आदित्यनाथ के समर्थकों और भाजपा नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश ने कहा कि वह उस विषय को छेड़ना नहीं चाहते क्योंकि नकारात्मक राजनीति भाजपा की पहचान बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोगों का ध्यान असली मुद्दों से हटाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करती है।

—–पीडीए की उन्होंने बताई नई परिभाषा

सपा प्रमुख ने अपने चर्चित पीडीए फार्मूले को नया सामाजिक अर्थ देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पीडीए केवल पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक गठजोड़ का राजनीतिक नारा नहीं है, बल्कि इसका अर्थ प्रेम, दया और अपनापन भी है। उन्होंने कहा कि समाज में जितना अधिक प्रेम, दया और अपनापन बढ़ेगा, उतना ही सामाजिक सौहार्द और भाईचारा मजबूत होगा। यही भावनाएं प्रदेश को विकास और समृद्धि की ओर ले जा सकती हैं।

—शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने दावा किया कि आगरा में प्राथमिक शिक्षा और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार खराब हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में जिले में 2090 प्राथमिक विद्यालय थे, जो अब घटकर 1637 रह गए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी चिकित्सा ढांचे को कमजोर किया गया है, जबकि निजी अस्पतालों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि पहले जहां सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं अधिक थीं, वहीं अब निजी स्वास्थ्य संस्थानों की संख्या तेजी से बढ़ी है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

—-पेठा उद्योग को वैश्विक पहचान दिलाने का संकल्प

आगरा के प्रसिद्ध पेठा उद्योग को लेकर भी अखिलेश यादव ने बड़ा विजन पेश किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह मैकडॉनल्ड्स और पिज्जा हट जैसे ब्रांड दुनिया के सैकड़ों देशों तक पहुंच चुके हैं, उसी तरह आगरा का पेठा भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बना सकता है। उन्होंने कहा कि बचपन में जब वह आगरा आते थे तब पंछी पेठा की गिनी-चुनी दुकानें होती थीं, लेकिन आज शहर की पहचान ही पेठा उद्योग से जुड़ गई है। उनका मानना है कि उचित ब्रांडिंग, पैकेजिंग और सरकारी सहयोग मिलने पर पेठा विश्व बाजार में बड़ा उत्पाद बन सकता है।

—-आगरा से अखिलेश दे गये यह चुनावी संदेश

उन्होंने भाजपा सरकार की आलोचना ही नहीं की, बल्कि 2027 के लिए अपना वैकल्पिक विजन भी प्रस्तुत किया। राम मंदिर विवाद पर धार्मिक भावनाओं को छूने की कोशिश, पीडीए के जरिए सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने का संदेश, स्वास्थ्य और शिक्षा पर सवाल तथा उद्योग और रोजगार को लेकर बड़े वादे, इन सभी के जरिए उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल बनाने का प्रयास किया। आगरा से दिया गया यह संदेश साफ संकेत देता है कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में विकास, सामाजिक न्याय, उद्योग और धार्मिक मुद्दों के संतुलित मिश्रण के साथ भाजपा को चुनौती देने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

« Newer PostsOlder Posts »