Web News

www.upwebnews.com

प्रतापगढ़ पुलिस ने 17 साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार

July 13, 2026

प्रतापगढ़ पुलिस ने 17 साइबर अपराधी को किया गिरफ्तार

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP

प्रतापगढ़।  पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग साइबर अपराधियों को बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराकर 12.18 करोड़ रुपये की ऑनलाइन ठगी में मदद कर रहे थे। मामले का खुलासा जिले के 10 अलग-अलग थानों में दर्ज 14 मुकदमों की जांच के दौरान हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी खुद ऑनलाइन ठगी नहीं करते थे, बल्कि अपने बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें प्रति खाते या सिम के एवज में 5 हजार से 10 हजार रुपये तक का भुगतान किया जाता था। साइबर ठग इन खातों और सिम कार्डों का इस्तेमाल दूसरे राज्यों में बैठकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने के लिए करते थे।मुख्य सरगना की तलाश जारी एएसपी ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश कर रही है। साथ ही ठगी की गई रकम की बरामदगी के भी प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही नेटवर्क के मुख्य संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सभी आरोपियों को भेजा गया जेल पुलिस ने इस मामले में श्रीराम गौतम, सचिन सिंह, सचिन पटेल, विराज सिंह, लवकुश सरोज, रवि कुमार, मुकेश कुमार, दीपक सिंह, अर्पित कुमार, अंकित त्रिवेदी, अंकित कुमार पटेल समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

July 10, 2026

जमीन विवाद में किशोर की मौत, मां और बहन घायल

Uttar Pradesh Map

Posted on 10.07.2026 Time 03.23 PM

VIKAS GUPTA , PRATAPGARH UP

परिजन सभी की गिरफ्तारी पर अड़े, अंतिम संस्कार से किया इनकार

प्रतापगढ़, 10 जुलाई 2026, कंधई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में घायल 14 वर्षीय किशोर प्रवेश पटेल की प्रयागराज मे इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार दोपहर तीन बजे करीब पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इस घटना में किशोर की मां प्रमिला देवी और बहन प्रतिभा भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, पृथ्वीपाल पटेल का अपने ही परिवार के कुछ लोगों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार को जब पृथ्वीपाल मुकदमे की पैरवी के लिए पट्टी तहसील गए थे, तभी विपक्षी विवादित जमीन पर मेड़ बांधने लगे।इसका विरोध करने पर 14 वर्षीय प्रवेश पटेल से उनकी कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी प्रवेश के घर में घुस गए और डंडे व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में प्रवेश, उसकी मां प्रमिला देवी (37) और बहन प्रतिभा (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को तत्काल सीएचसी कोहंडौर ले जाया गया। वहां से प्रवेश की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रवेश का शव गांव पहुंचने के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में तनाव का माहौल बन गया।अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि इस मामले में पहले चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया था। किशोर की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।

July 9, 2026

प्रतापगढ़ में खड़ी पिकअप में घुसी वैगनआर, भाई-बहन की मौत

Breaking News UP Web News

Posted on 09.07.2026 Time 05.41 PMVIKAS GUPTA ,PRATAPGARH UP

प्रतापगढ़, 09 जुलाई, बुधवार रात करीब 12:20 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में सगे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि युवती का मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा तब हुआ, जब तेज रफ्तार वैगनआर सड़क किनारे खड़ी प्लाईवुड लदी पिकअप में पीछे से जा घुसी। कार मृतक भाई चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप डिवाइडर पर चढ़कर वैगनआर के ऊपर पलट गई। इससे कार में सवार तीनों लोग अंदर ही फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने करीब डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जेसीबी से पिकअप हटाने के बाद कटर मशीन से कार काटकर तीनों को बाहर निकाला गया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भाई-बहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर रानीगंज थाना क्षेत्र के ट्रामा सेंटर के पास हुआ। भाई-बहन अपने बड़े भाई की ससुराल से गोंडा से जौनपुर लौट रहे थे। युवती की नवंबर में शादी होने वाली थी।जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर निवासी मनीष सोनी अपनी पत्नी दीपा और बच्चों के साथ कार से गोंडा जिले के मनकापुर स्थित ससुराल गए थे। उनके पीछे दूसरी वैगनआर में मनीष का छोटा भाई मोहित सोनी, उसकी मंगेतर रोली सोनी (26) और रोली का भाई आकाश सोनी उर्फ मोनू (23) सवार थे। परिवार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दो कारों से गोंडा गया था। बुधवार रात करीब 10 बजे सभी लोग जौनपुर लौट रहे थे। मनीष की कार आगे चल रही थी, जबकि मोहित की कार पीछे थी। रात करीब 12:20 बजे रानीगंज तहसील बाजार स्थित ट्रामा सेंटर के पास सड़क किनारे प्लाईवुड से लदी एक पिकअप खड़ी थी। तेज रफ्तार वैगनआर पीछे से पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पिकअप के अंदर धंस गया और पिकअप का पिछला हिस्सा कार के ऊपर पलट गया।डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन हादसे के बाद मोहित, रोली और मोनू कार में बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन पिकअप का भारी वजन कार पर होने के कारण सफलता नहीं मिली। उधर, आगे चल रहे मनीष ने काफी देर तक पीछे वाली कार नहीं देखी तो वह वापस लौटे घटनास्थल पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि मोहित ड्राइवर सीट पर खून से लथपथ फंसा हुआ था, जबकि रोली और मोनू कार के भीतर जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पहले जेसीबी से पिकअप हटाई गई, फिर कटर मशीन से कार काटकर तीनों को बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोली और मोनू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल मोहित का इलाज जारी है।26 जनवरी को हुई थी सगाई, नवंबर में होनी थी शादी परिजन ने बताया कि मोहित और रोली की 26 जनवरी को सगाई हुई थी। दोनों की शादी नवंबर में तय थी और परिवार तैयारियों में जुटा था। लेकिन इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां मातम में बदल दी।मनीष सोनी ने बताया कि उनके ससुर राजेंद्र प्रसाद के निधन के बाद से रोली और मोनू उनके साथ ही रहते थे। दोनों की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक पल में सब कुछ खत्म हो गया। रोली और मोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी बहन दीपा का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे का मंजर स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार पिकअप के नीचे दबी हुई थी। अंदर फंसे लोग मदद के लिए चीख रहे थे, लेकिन भारी वाहन के कारण उन्हें तुरंत निकालना संभव नहीं हो सका। पुलिस ने शुरू की जांच रानीगंज थाना प्रभारी विजयकांत सत्यार्थी ने बताया- हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे खड़ी प्लाईवुड लदी पिकअप से पीछे से कार टकराने के कारण हादसा हुआ।

July 5, 2026

मजदूरी को लेकर झगड़ा, मकान मालिक की हत्या

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP

प्रतापगढ़, 05 जुलाई 2026, अंतू थाना क्षेत्र के चमनगंज गांव में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद में एक घर मालिक की हत्या कर दी गई।

शनिवार रात राजमिस्त्री और उसके दो साथियों ने क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर राममिलन गुप्ता (55) को मार डाला।चमनगंज निवासी राममिलन गुप्ता के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार रात करीब 9:30 बजे मजदूरी के भुगतान को लेकर राजमिस्त्री राजा राम और उसके दो साथियों से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि तीनों आरोपी शराब के नशे में थे।विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने क्रिकेट बैट से राममिलन गुप्ता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही एसपी फोर्स घटनास्थल पहुंचे। निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पूरे मामले की जांच जारी है।

June 29, 2026

महिला से लूटा गया सोने का लॉकेट बरामद, मुठभेड़ में बदमाश घायल गिरफ्तार

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र में महिला से सोने का लॉकेट लूटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान लूटा गया सोने का लॉकेट, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय और क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता के पर्यवेक्षण में महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम संयुक्त रूप से गश्त एवं चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि 28 जून को टेंडा सरैया के पास ई-रिक्शा में बैठी महिला के गले से सोने का लॉकेट छीनने की घटना में शामिल दो आरोपी गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सर्विस रोड स्थित आईटीडी प्लांट के आगे आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपी अंकित जोशी पुत्र मुक्तिलाल जोशी निवासी वासुपुर पौड़ियां, थाना लीलापुर ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अंकित जोशी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेज दिया। वहीं उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में ले लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीना गया सोने का लॉकेट बरामद कर लिया। इसके अलावा एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह का हिस्सा तो नहीं था। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संदीप तिवारी के नेतृत्व में महेशगंज पुलिस के साथ स्वाट टीम के उपनिरीक्षक अमित कुमार चौरसिया, दिनेश सिंह, अजीत कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महेशगंज पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय का माहौल है, वहीं आम जनता ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की है। महिला से लूट की घटना का महज एक दिन में खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की तत्परता का उदाहरण मानी जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »