Web News

www.upwebnews.com

प्रतापगढ़ में 12 लाख की लूट का खुलासा

August 7, 2026

प्रतापगढ़ में 12 लाख की लूट का खुलासा

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH (UP)

प्रतापगढ़,  पुलिस ने आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में 2 अगस्त को हुई करीब 12 लाख रुपये के जेवरात की लूट का खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इनमें से दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया, जबकि दो अन्य को अलग कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने का एक कंगन, चार अंगूठियां, दो जोड़ी टॉप्स, दो जोड़ी झुमके, एक मांग टीका, दो जोड़ी बालियां, तीन चेन, एक लॉकेट तथा बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण शामिल हैं।गौरतलब है कि 2 अगस्त की रात चार बदमाश एक घर में घुस गए थे। उस समय घर में एक महिला अकेली थी। आरोपियों ने महिला को बंधक बनाकर अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखे जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की। गहन छानबीन और जुटाए गए सुरागों के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा लूटे गए अधिकांश जेवरात भी बरामद कर लिए। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

August 6, 2026

Pratapgarh सौ साल पुराना मकान ढहा, परिवार के छह लोगों की मृत्यु

News  Posted on 06.08.2026 Thursday, Time 10.01 AM, Source VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP, Samachar Sewa, UP News,

प्रतापगढ में 100 साल पुराना मकान बना मौत का मलबा, एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

प्रतापगढ़, 06 अगस्त 2026 (उत्तर प्रदेश समाचार सेवा), जिले में गुरुवार तड़के ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली गांव में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त पूरा परिवार गहरी नींद में था। देखते ही देखते मकान मौत के मलबे में तब्दील हो गया और एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच निकला।

जानकारी के मुताबिक महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान वर्षों पुराना और बेहद जर्जर हो चुका था। गुरुवार तड़के करीब दो बजे अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। तेज धमाके और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी राहत एवं बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव, माधव और मासूम अद्विक की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। वहीं प्रमोद श्रीवास्तव के पुत्र अमन (28 वर्ष) किसी तरह सुरक्षित बच गए। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।एक ही परिवार के छह लोगों की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतने जर्जर मकान में परिवार रहने को मजबूर क्यों था? क्या ऐसे खतरनाक भवनों की समय रहते पहचान और कार्रवाई नहीं होनी चाहिए थी? यह हादसा सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि जर्जर भवनों के खतरे को लेकर प्रशासन और व्यवस्था के सामने गंभीर चेतावनी भी है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

August 5, 2026

चिलबिला में रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP
MO –9919606061-

प्रतापगढ़ , नगर कोतवाली क्षेत्र के चिलबिला स्थित आदर्श ढाबा के पीछे रेलवे ट्रैक पर बुधवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी प्रतापगढ़ व नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फिलहाल अज्ञात युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

August 4, 2026

युवती का शव पुल के नीचे फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP
MO — 9919606061

प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के करेंटी स्थित दुर्गा भाभी सेतु पुल के नीचे मंगलवार सुबह एक 25 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य संकलन में जुटी है। मृतका की पहचान प्रीति निर्मल (25 वर्ष) पुत्री रामदेव निर्मल, निवासी ऊंचा गांव, मुबारकपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रीति चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटी थी तथा उसकी अभी शादी नहीं हुई थी।परिजनों का कहना है कि 3 अगस्त की शाम करीब 7 बजे किसी बात पर डांट-फटकार के बाद वह घर से चली गई थी। परिवार के लोगों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना मानिकपुर थाना पुलिस को दी। परिजनों ने गांव के ही युवक अमित कुमार सोनकर (25 वर्ष) पुत्र संतोष कुमार सोनकर पर संदेह जताया। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने करेंटी के दुर्गा भाभी सेतु पुल के नीचे युवती का शव फंदे से लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

बाइट — मृतक की मां प्रेमा देवी

लीलापुर में मैजिक लोडर पलटा, चालक गंभीर घायल

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP
MO –9919606061

प्रतापगढ़।लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे लीलापुर थाना क्षेत्र के सगरा सुंदरपुर किठावर तिराहे के पास एक प्राइवेट बस और मैजिक लोडर की टक्कर में बड़ा सड़क हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक लोडर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
घायल चालक की पहचान राजेश मिश्रा (45 वर्ष) पुत्र बलराम मिश्रा, निवासी पूरे अन्ती, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि वह प्रतापगढ़ शहर से हार्डवेयर का सामान लेकर मैजिक लोडर से सगरा सुंदरपुर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक प्राइवेट बस ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद मैजिक लोडर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सगरा सुंदरपुर चौकी प्रभारी दीपक यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बस की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मैजिक लोडर को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार बस चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

« Newer PostsOlder Posts »