Web News

www.upwebnews.com

पेपर लीक मामले के दोषियों पर कार्रवाई होगी लेकिन आरोप के आधार पर नहीं कानून के आधार पर

July 29, 2026

पेपर लीक मामले के दोषियों पर कार्रवाई होगी लेकिन आरोप के आधार पर नहीं कानून के आधार पर

रिपोर्ट – संजय कुमार तिवारी
स्थान – बलिया यूपी
डेट – 29/07/2026

बलिया, डॉकबंगला पहुंची उत्तरप्रदेश के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी का बड़ा बयान, कहा योगी सरकार में चाहें कोई भी किसी मामले में संलिप्त है और दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी रूप से कार्रवाई होगी न कि आरोपों के आधार पर होगी। दरअसल योगी सरकार की सहयोगी पार्टी सुभासपा के विधायक बेदी राम और निषाद पार्टी के विधायक विपुल दुबे पेपर लीक मामले में आरोपी होने वाले विपक्ष के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी का एजेंडा है देश की सेवा करना और जनता की जवाबदेही करना, उस पर हमारी पार्टी काम करती है कि जनता क्या कह रही और जनता क्या कर रही है उसके लिए हमारी सरकार को क्या करना है और हमको क्या करना है यहीं पार्टी का एजेंडा है और ये सब करते करते चुनाव आ जाते हैं। योगी जी के नेतृत्व में चुनाव पुनः जीतेंगे। तत्कालीन सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि दुर्भाग्य का समय हमलोगों ने देखा है कि तुम हमें वोट दो हम नकल का अधिकार देंगे।
वहीं धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने वाले सवाल पर कहा कि युवाओं की बीजेपी सरकार किसी अहम से घिरी हुई नहीं है। युवाओं की आकांक्षाएं और युवाओं के कहने के आधार पर शिक्षा मंत्री ने स्वयं से इस्तीफा दिया। धर्मेंद्र प्रधान का बड़कपन है कि उनको लगा कि हमारा देश सबसे पहले है हमारा युवा सबसे पहले है अगर युवा ऐसा कह रहा है तो हमको इस्तीफा देना चाहिए। कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के कामों में कोई त्रुटि नहीं थी उनके आने से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 आई बहुत अच्छे अच्छे कार्य हुए। कुछ विरोधी ताकतें थी जो ये प्रोटेस्ट करवाया।

July 28, 2026

रात्रि में सड़कों पर उतरीं पालिकाध्यक्ष, सफाई व्यवस्था और पंपिंग स्टेशन का लिया जायजा

जलभराव रोकने के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, मशीनें हर समय चालू रखने पर जोर

फोटो –सफाई व्यवस्था का जायजा लेती पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी

हाथरस। बरसात के मौसम में शहर को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाए रखने के लिए नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी लगातार रात्रिकालीन निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने देर रात शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद पंपिंग स्टेशन पहुंचकर जल निकासी व्यवस्था, मशीनों की कार्यप्रणाली और आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष ने रात्रिकालीन सफाई, कूड़ा उठान, नालियों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शहर के किसी भी हिस्से में जलभराव या गंदगी की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता और गुणवत्ता के साथ संचालित की जाएं।पंपिंग स्टेशन पर उन्होंने मशीनों के संचालन की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी पंप हर समय पूर्ण क्षमता के साथ क्रियाशील रहें, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आए और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वह स्वयं देर रात तक व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सफाई व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।उन्होंने अधिकारियों को रात्रिकालीन निरीक्षण नियमित रूप से जारी रखने तथा सफाई और जल निकासी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। नगरवासियों ने भी पालिकाध्यक्ष की इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित हाथरस की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

एम्स रायबरेली के डॉक्टरों ने महिला के शरीर से 7.5 किलोग्राम का गर्भाशय ट्यूमर निकाला।

रायबरेली, सर्जरी के क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए, रायबरेली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के डॉक्टरों ने एक जटिल बहु-विभागीय सर्जिकल प्रक्रिया के ज़रिए 46 साल की महिला के शरीर से 7.5 किलोग्राम वज़न का एक बहुत बड़ा गर्भाशय ट्यूमर सफलतापूर्वक बाहर निकाला। मरीज़ के पेट में लगातार सूजन बढ़ रही थी और जांच में पता चला कि उनके गर्भाशय में एक बहुत बड़ा ट्यूमर है, जिसका आकार लगभग 30 × 30 × 20 सेमी था और जिसने पेट के लगभग पूरे हिस्से को घेर रखा था। विस्तृत जांच में गर्भाशय में फाइब्रॉएड और अम्बिलिकल हर्निया (नाभि के पास हर्निया) होने का भी पता चला। मरीज़ को पहले से ही डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या थी, जिससे सर्जरी तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण हो गई थी।
यह जटिल सर्जरी प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफ़ेसर और विभागाध्यक्षा, डॉ. पारुल सिन्हा और एसोसिएट प्रोफ़ेसर डॉ. अपाला प्रियदर्शिनी की देख-रेख में सफलतापूर्वक की गई। अम्बिलिकल हर्निया के इलाज के लिए जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. शिरीष ने टीम की मदद की, जबकि एनेस्थिसिया विभाग के डॉ. कालीचरण दास ने एनेस्थीसिया का काम बखूबी संभाला।
ऑपरेशन तीन घंटे से ज़्यादा समय तक चला, जिसके दौरान पूरे ट्यूमर और उससे जुड़ी अन्य विकृतियों को सफलतापूर्वक हटा दिया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज़ की रिकवरी बिना किसी परेशानी के हुई और अब उन्हें स्वस्थ और स्थिर हालत में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की प्रोफ़ेसर और विभागाध्यक्षा ने बताया कि इतने जटिल मामले का सफल इलाज यह दिखाता है कि संस्थान महिलाओं की गंभीर गायनेकोलॉजिकल समस्याओं के लिए आधुनिक, सबूत-आधारित और मल्टी-डिसिप्लिनरी देखभाल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह सफल परिणाम एम्स रायबरेली में मौजूद एडवांस्ड सर्जिकल विशेषज्ञता, बेहतर टीम वर्क और मरीज़-केंद्रित दृष्टिकोण को उजागर करता है।
विभाग ने कार्यकारी निदेशक (डॉ.) अमिता जैन का उनके दूरदर्शी नेतृत्व, लगातार प्रोत्साहन और संस्थान में मरीज़ों की बेहतर देखभाल और सर्जिकल सेवाओं को मज़बूत करने में अटूट सहयोग के लिए दिल से आभार व्यक्त किया। विभाग ने अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज श्रीवास्तव का भी उनके लगातार प्रशासनिक सहयोग, मार्गदर्शन और त्वरित मदद के लिए धन्यवाद दिया, जिन्होंने इस जटिल मामले के सुचारू प्रबंधन और मरीज़ों को अच्छी देखभाल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

image.png

संपत्ति विवाद में महिला धरने पर बैठी, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से संपत्ति हड़पने का गंभीर आरोप

महराजगंज रायबरेली। नगर पंचायत महराजगंज के आजाद नगर निवासी ज्ञानवती ने अपने ही पुत्र अनिल कुमार पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से संपत्ति हड़पने और घरेलू सामान पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति स्वर्गीय हनुमान प्रसाद गुप्ता के निधन के बाद संपत्ति में उनका वैधानिक अधिकार होने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है और वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। ज्ञानवती का कहना है कि उनके पुत्र ने कथित रूप से परिवार रजिस्टर से उनका नाम हटवा दिया, जिससे उन्हें उनकी वैधानिक हिस्सेदारी से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। न्याय न मिलने से आहत महिला शनिवार को एसडीएम कार्यालय पहुंची और धरने पर बैठ गई। धरने की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और पीड़िता से वार्ता की। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन के आश्वासन के बाद ज्ञानवती ने अपना धरना समाप्त कर दिया। वहीं प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। पीड़िता का कहना है कि वह लंबे समय से न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही हैं और उन्हें उम्मीद है कि अब प्रशासन उन्हें न्याय दिलाएगा।

मुड़िया पूर्णिमा मेले की तैयारियों का उच्चाधिकारियों ने लिया जायजा, सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर

मथुरा। आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेले के दृष्टिगत मंडलायुक्त आगरा, अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) आगरा जोन, जिलाधिकारी मथुरा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा ने संयुक्त रूप से गोवर्धन परिक्रमा मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही जनसुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परिक्रमा मार्ग के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य सीसीटीवी कंट्रोल रूम से परिक्रमा मार्ग की प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

« Newer PostsOlder Posts »