Web News

www.upwebnews.com

कांग्रेस नेता के बेटे की मार्ग दुर्घटना में मृत्यु

July 30, 2026

कांग्रेस नेता के बेटे की मार्ग दुर्घटना में मृत्यु

उप्रससे 30 जुलाई
बस्ती। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पांडेय ज्ञानू के इकलौते पुत्र शिवांश पांडेय 25 वर्ष की सड़क हादसे मे मौत हो गई। घटना बुधवार रात करीब 12 बजे की है। शिवांश अपने मामा के लड़के को कार से कप्तानगंज पहुंचाने ले जा रहे थे। घटना की जानकारी होने पर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही में जुट गई।
जानकारी मिली है कि बसहवा पुल के पास कोई बाइक सवार घायलावस्था में पड़ा था, वह अचानक दिखा तो कार दाहिने काटकर वह आगे निकलना चाहे, ठीक उसी समय तेज गति से आ रहे, ट्रक की चपेट में आ गये। घटना के बाद कार में आग भी लग गई। शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके मामा का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रिफर किया गया है। ज्ञानेन्द्र पांडेय बेहद व्यवहार कुशल हैं। बेटे की आकस्मिक मौत से पूरा परिवार, सगे सम्बन्धी स्तब्ध हैं। कांग्रेस पार्टी में भी शोक व्याप्त हो गया है। पार्टी प्रवक्ता मो रफीक खां से घटना की जानकारी ली गई तो उन्होने बताया कि हम लोग पोस्टमार्टम हाउस पर हैं।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार रात्रि 12ः15 पर बसहवा फ्लाई ओवर के पास बस्ती से अयोध्या मार्ग पर दो पहिया वाहन व चार पहिया वाहन में टक्कर हो गया। घटना में बाइक यूपी बीजे 3632 सवार दो लोग घायल हो गये जबकि कार संख्या यूपी 51 बीजेड 8319 सवार शिवांश पांडेय निवासी पिकौरा बक्श की मौके पर ही मौत हो गई और तपिश मिश्रा पुत्र भूषण कुमार मिश्रा सा0 तपसी धाम को काफी चोट आई है। उन्हे लखनऊ रिफर किया गया है। सूचना पर तत्काल चौकी प्रभारी फुटहिया ने घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही शुरू की। दो पहिया चालक संदीप कुमार प्रजापति पुत्र राम उजागर प्रजापति व संदीप कुमार प्रजापति को चिकित्सालय ले जाया गया जहां संदीप कुमार प्रजापति की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।

 

घटना की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि बसहवा फ्लाई ओवर के पास बस्ती से अयोध्या मार्ग पर दो पहिया वाहन व चार पहिया वाहन में टक्कर हो गया जहां सूचना पर तत्काल चौकी प्रभारी फूटहिया मय हमराह कर्मचारी गढ़ व सीसी टीम प्रभारी पहुंचकर दो पहिया चालक संदीप कुमार प्रजापति पुत्र राम उजागर प्रजापति ग्राम पिलखाए थाना कप्तानगंज जनपद बस्ती उम्र 22 वर्ष वाहन संख्या UP51BJ3632 व चार पहिया वाहन संख्या UP51BZ8319 हर्ष गुप्ता नीरज कुमार गुप्ता जिसमें घायल शिवांश पांडे पुत्र ज्ञानेंद्र पांडे ग्राम उम्र 28 वर्ष ग्राम पिकौरा बक्श थाना कोतवाली बस्ती तथा तपिश मिश्रा पुत्र भूषण कुमार मिश्रा सा0 तपसी धाम को काफी चोट आई है जिन्हें तत्काल एंबुलेंस द्वारा इलाज हेतु जिला अस्पताल बस्ती भिजवाया गया था जिसमें शिवांश पांडे व संदीप कुमार प्रजापति का इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी तथा तपीश कुमार मिश्रा को इलाज हेतु रेफर कर दिया गया हैं अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। जयन्त कुमार मिश्र संवाददाता

विकसित भारत 2047 के संकल्प को युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य’जेन‑जेड संवाद आवश्यक- विवेकानंद

उप्रससे 30 जुलाई
बस्ती।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत@2047” के संकल्प को जन‑जन और विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी, बस्ती द्वारा जिला अध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र के नेतृत्व में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ‘जेन‑जेड कैंपस संवाद’  श्रृंखला के अंतर्गत बड़े पैमाने पर युवा संवाद आयोजित किए गए। गुरुवार को मां गायत्री इंटर कॉलेज, कप्तानगंज में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री विवेकानन्द मिश्र के नेतृत्व में विद्यार्थियों के साथ देश के समकालीन विषयों पर सार्थक संवाद,  वर्तमान परिदृश्य, राष्ट्र‑निर्माण, शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व, लोकतान्त्रिक मूल्यों तथा विकसित भारत में युवाओं की भूमिका पर विचार‑विमर्श और जागरूकता फैलाना, युवाओं में सकारात्मक सोच, तकनीकी क्षमता, नवाचार और देशभक्ति को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
किसान इंटर कॉलेज, बस्ती में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखण्ड प्रताप सिंह ने “विकसित भारत में युवाओं की भूमिका” पर अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।
गन्ना विकास इंटर कॉलेज, मुंडेरवा मे अध्यक्ष प्रतिनिधि इंजीनियर अरविंद पाल ने छात्र‑छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की जेन‑जेड न केवल भारत का भविष्य है, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी है।
दशरथ चौधरी इंटर कॉलेज में भाजपा जिला महामंत्री अभिषेक कुमार ने युवाओं के साथ देश की प्रगति और युवाओं के योगदान पर चर्चा की।
परमहंस आदर्श इंटर कॉलेज कैथवलिया व जी.आर.एस. पब्लिक स्कूल ककरौली मे बनकटी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामायण सिंह ने युवाओं के उत्साह, तकनीकी क्षमता और नवाचार को सही दिशा देकर राष्ट्र निर्माण में जोड़ने पर बल दिया
कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में छात्र‑छात्राएं, स्कूल‑स्टाफ तथा स्थानीय शिक्षकों और प्रबुद्धजनों ने भाग लिया।जयन्त कुमार मिश्र संवाददाता

बस्ती: फुटहिया चौराहे पर ‘कलश वंदन यात्रा’ का हुआ भव्य स्वागत

​उप्रससे 30 जुलाई
​बस्ती। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव का प्रेरणादायी संदेश लेकर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

​इसी क्रम में, महान संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी (काशी) से प्राप्त पावन माटी युक्त ‘कलश वंदन यात्रा’ ( 29 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित हो रही है) के जनपद बस्ती पहुँचने पर भव्य स्वागत किया गया। फुटहिया चौराहा आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा, दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर यात्रा का अभिनंदन किया और इस पावन आयोजन में सहभागिता निभाई।

​जिला मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कलश यात्रा बस्ती जिले के विभिन्न संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, मंदिर समितियों, सामाजिक संगठनों और सांगठनिक स्तर पर प्रत्येक बूथ व संत रविदास मंदिरों से होते हुए पूरे जिले में भ्रमण करेगी और समाज में समरसता व एकता का संदेश फैलाएगी।

​कलश यात्रा के स्वागत कार्यक्रम के दौरान अंकुर वर्मा, दिलीप पांडे, ब्रह्मदेव यादव, अमृत कुमार वर्मा, अभिषेक कुमार, प्रेम प्रकाश चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, गौरव जायसवाल, सचिन सिंह सहित भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।जयन्त कुमार मिश्र संवाददाता

नाला निर्माण में भ्रष्टाचार देख भड़के विधायक योगेश वर्मा, खुद फीता लेकर नाले में उतरे

लखीमपुर खीरी।आवास विकास नहर पट्टी पर पिछले एक साल से लटके नाला निर्माण कार्य और उसमें बढ़ती जा रही घोर लापरवाही को लेकर सदर विधायक योगेश वर्मा का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार मिल रही जनशिकायतों का संज्ञान लेते हुए विधायक योगेश वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव अचानक औचक निरीक्षण करने मौके पर पहुंच गए।
निर्माण कार्य की बेहद खराब गुणवत्ता को देखकर विधायक खुद को रोक नहीं पाए। वे हाथ में फीता लेकर खुद ही नाले के भीतर उतर गए और उसकी नपाई शुरू कर दी। जांच में नाले का आकार और निर्माण सामग्री पूरी तरह मानक के विपरीत पाई गई। जल निगम द्वारा कराए जा रहे इस काम में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लापरवाही देखकर विधायक ने भारी नाराजगी जाहिर की।

अधिकारियों की लगाई क्लास, जांच के आदेश

सदर विधायक योगेश वर्मा ने मौके से ही फोन पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण कार्य में हुए भ्रष्टाचार की कड़ाई से जांच करने के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाला निर्माण का काम तुरंत गुणवत्ता के साथ शुरू किया जाए और बंद पड़ी नहर पट्टी के रास्ते को आम जनता के लिए जल्द से जल्द सुचारु बनाया जाए।

साल भर से परेशान हैं मोहल्लेवासी

आवास विकास नहर पट्टी से लगा यह नाला पिछले एक वर्ष से अधिक समय से अधूरा पड़ा है। इसके कारण एक तरफ का पूरा रास्ता बंद है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक के इस कड़े रुख और त्वरित ऐक्शन को देखकर अब स्थानीय जनता में जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

जिला अस्पताल ओयल में स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी, डॉक्टर के अवकाश से बिना इलाज लौट रहे मरीज

करीब एक माह से खराब चल रही अस्पताल कि लिफ्ट तीन मंजिल जीने के सहारे मरीज

लखीमपुर खीरी।स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के जिला अस्पताल मोतीपुर ओयल में इस समय स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं।अस्पताल के डॉक्टर लगातार लंबी छुट्टी पर चल रहे हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले गरीब मरीजों को बिना इलाज के ही बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है।मिली जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में तैनात डॉ. शिशिर पांडे लगातार अवकाश पर हैं। इससे पहले भी वह एक लंबी छुट्टी पर गए थे, जिससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। अब उनके दोबारा बीमार होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं ठप सी हो गई हैं। जब इस संबंध में अस्पताल स्टाफ से डॉ. पांडे की वापसी को लेकर पूछताछ की गई, तो उन्होंने कोई भी स्पष्ट जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया।

गरीबों पर दोहरी मार: समय और पैसे दोनों की बर्बादी

उत्तर प्रदेश सरकार जहां एक तरफ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। डॉक्टरों के इस तरह लंबी छुट्टी पर चले जाने से मरीजों को भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है। अस्पताल आने वाले गरीब मरीजों का न सिर्फ पूरा दिन बर्बाद हो रहा है, बल्कि आने-जाने में उनका कीमती पैसा भी खर्च हो रहा है।

पड़ोसी जिलों से भी आ रहे मरीज परेशान

ओयल जिला अस्पताल की बदहाली का असर सिर्फ स्थानीय लोगों पर ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जिलों के मरीजों पर भी पड़ रहा है।सीतापुर जनपद के हरगांव और लहरपुर जैसे सीमावर्ती इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज की उम्मीद लेकर लखीमपुर आ रहे हैं।अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे मरीज अब्दुल खान (लखीमपुर), शारिया बानो (लखीमपुर) और रीता सिंह (हरगांव) ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वे डॉक्टर को दिखाने आए थे। लेकिन डॉ. शिशिर पांडे के न मिलने और कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण उन्हें बिना दवा लिए ही मजबूरन वापस लौटना पड़ रहा है।स्थानीय निवासियों और मरीजों ने जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए ताकि गरीबों को समय पर इलाज मिल सके।जिला अस्पताल में करीब एक महीने से लिफ्ट खराब है और अन्य व्यवस्थाएं खराब है लेकिन उनको सही कराने के लिए विभागीय अधिकारी रूचि नहीं ले रहे हैं जिससे तीन मंजिल पर जाने के लिए जीने का सहारा मरीज और परिजनों को लेना पड़ रहा है हालंकि जिला अस्पताल के सीएमएस का कहना है कि समस्याओं को शीघ्र दुरुस्त कराया जाएगा और कुछ अन्य समस्याओं को सही करा दिया गया है।

« Newer PostsOlder Posts »