Web News

www.upwebnews.com

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर अपना दल (एस) का जोर

May 8, 2026

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर अपना दल (एस) का जोर

हाथरस। अपना दल (एस) के जिला कार्यालय रत्न गर्भा कॉलोनी, इगलास रोड पर गुरुवार को मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत ने की। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. सोनेलाल पटेल के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई।बैठक में जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत ने विधानसभा अध्यक्षों को जोन अध्यक्ष और बूथ अध्यक्ष बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को अपने घरों पर पार्टी के झंडे और नेम प्लेट लगाने के लिए कहा गया। बैठक में नए सक्रिय सदस्यों को जोड़ने पर भी जोर दिया गया, ताकि आगामी चुनावों में संगठन को मजबूती मिल सके।इस दौरान पश्चिम बंगाल में एनडीए गठबंधन की सरकार बनने की खुशी में मिठाइयां बांटी गईं और कार्यकर्ताओं ने “यूपी की मजबूरी है, अनुप्रिया पटेल जरूरी है” के नारे लगाए।बैठक में केडी शर्मा, डॉ. बंगाली, अजीत अंबेडकर, धीरेंद्र चौधरी, रवि खान, विजय प्रधान, जमुना प्रसाद, अजीत सिंह, राहुल शर्मा, रईस कुरैशी, देवकिशन सारस्वत, सुभाष, मनीष, शालू, तरुण शर्मा, सुनील शर्मा, तेजवीर सिंह, गुरवीर चौधरी, नीतू सारस्वत, सुनील बघेल, कोमल सिंह, अंकित सोनी, सुरेश, शिवम जाटव, गौरी पाठक, विक्रम सिंह, जैद अली, राजकुमार वर्मा, योगेश शर्मा, आशु चौधरी, अशोक कुमार उपाध्याय, अरविंद सारस्वत, प्रमोद, मुन्नालाल, ललित शर्मा, नाजिम कुरैशी, अली मोहम्मद, रामकिशन और कृष्ण बघेल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बढ़े फेरे, लालकुआं-राजकोट स्पेशल 13 जुलाई तक चलेगी

12 मई से ट्रेन संचालन की अवधि बढ़ी
Post on 8.5.26
Friday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद, उप्र समाचार सेवा
गर्मी के सीजन में बढ़ी की भीड़ के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। मांग को देखते हुए अब राजकोट से लालकुआं विशेष गाड़ी को विस्तार दिया गया है। रेलवे इस स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाते हुए 13 जुलाई तक चलाएगा।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि लालकुआं से राजकोट तक चलने वाली ट्रेन 05045-46
को संचालन को विस्तार दिया गया है। ट्रेन के फेरे बढ़ाए गए हैं। यह गाड़ी अब 17 मई से 13 जुलाई तक चलेगी। लालकुआं से रविवार और राजकोट से सोमवार को चलने वाली ट्रेन नौ फेरे और चलाईं जाएगी।

May 7, 2026

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने की एनईपी परीक्षाओं एवं नए शैक्षिक सत्र की समीक्षा

मथुरा। टीएफसी वृंदावन के कॉन्फ्रेंस हॉल में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री  रजनी तिवारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अंतर्गत आयोजित परीक्षाओं एवं आगामी शैक्षिक सत्र 2026-27 को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षाविद् शामिल हुए।
बैठक के दौरान मंत्री ने सभी शिक्षण संस्थानों को नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए महाविद्यालयों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
राज्य मंत्री ने छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया। “नारी वंदन अभियान” के अंतर्गत छात्राओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रत्येक कॉलेज परिसर में स्वच्छ शौचालय, सुव्यवस्थित कॉमन रूम तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में बी.एस.ए. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ललित मोहन शर्मा, राजकीय महाविद्यालय वृंदावन के प्राचार्य डॉ. विनय चौधरी, डॉ. गोविंद चावला, डॉ. सुरेश चौधरी, डॉ. एस.के. राय, डॉ. रवीश शर्मा, डॉ. वी.पी. राय, डॉ. बी.के. गोस्वामी, फतेह कृष्ण, डॉ. यू.के. त्रिपाठी, शाहरुख उस्मानी एवं अमित कुमार सहित कई शिक्षाविद् उपस्थित रहे।

युवक ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

हाथरस। चंदपा क्षेत्र के गांव गढ़ी कछवा में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय नरेंद्र पुत्र महाराज सिंह राजमिस्त्री का काम करता था और उसे शराब पीने की लत थी। परिजनों ने बताया कि उसकी पत्नी कुछ दिन पहले मायके चली गई थी, जिससे वह मानसिक तनाव में चल रहा था।बताया गया है कि बुधवार शाम नरेंद्र ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। देर रात जब परिजन उसे खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचे और कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। अंदर नरेंद्र का शव फंदे पर लटका मिला। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।मृतक अपने पीछे पत्नी और चार बच्चों सहित परिवार को छोड़ गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया जनगणना के प्रथम चरण का शुभारंभ

लखनऊ : 07 मई, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना भर नहीं है, बल्कि समग्र, समावेशी और सुनियोजित विकास का सशक्त आधार है। आज का युग डेटा आधारित निर्णयों का है और जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जनगणना यह सुनिश्चित करने का माध्यम है कि विकास की धारा में समाज का अन्तिम व्यक्ति भी समान रूप से सहभागी बन सके।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर प्रदेश में जनगणना-2027 के प्रथम चरण का औपचारिक शुभारम्भ करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ की भावना के साथ मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य का शुभारम्भ किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में देश में पहली बार डिजिटल जनगणना कराई जा रही है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से सम्बन्धित कार्य सम्पादित होंगे। आमजन को 07 मई से 21 मई, 2026 तक स्वगणना का विकल्प उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से नागरिक स्वयं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके उपरान्त फील्ड कार्य के अन्तर्गत जनगणना कार्मिक घर-घर जाकर सूचीकरण का कार्य करेंगे। द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति की गणना की जाएगी। इस बार जनगणना में जातीय गणना को भी सम्मिलित किया गया है। साथ ही पहली बार वन ग्रामों को भी जनगणना प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान समय में रियल टाइम डेटा अत्यन्त आवश्यक है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित बनाया गया है। इसके लिए एक विशेष जनगणना पोर्टल विकसित किया गया है, जिसके माध्यम से ग्राम एवं वार्ड स्तर तक कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी। उत्तर प्रदेश की वर्तमान अनुमानित जनसंख्या लगभग 25 करोड़ 70 लाख है। जनगणना कार्य प्रदेश के 18 मण्डलों, 75 जनपदों, 350 तहसीलों, 17 नगर निगमों, 745 अन्य नगरीय निकायों, 21 छावनी परिषदों, 57,694 ग्राम पंचायतों तथा लगभग 01 लाख 04 हजार राजस्व ग्रामों में सम्पादित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस व्यापक कार्य के सफल संचालन हेतु प्रदेश में लगभग 5.47 लाख कार्मिकों की तैनाती की जा रही है, जिनमें 4.50 लाख प्रगणक, 85 हजार सुपरवाइजर तथा 12 हजार राज्य एवं जनपद स्तरीय अधिकारी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, लगभग 5.35 लाख कार्मिकों को दोनों चरणों के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने प्रदेशवासियों से जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व मानते हुए सक्रिय सहभागिता का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति केवल एक ही स्थान पर अपनी गणना कराए तथा सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराए, ताकि विकास योजनाओं की सटीक एवं प्रभावी रूपरेखा तैयार की जा सके। मुख्यमंत्री जी ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।

« Newer PostsOlder Posts »