Web News

www.upwebnews.com

सावन की मल्हार पर झूमा आमोद आश्रम, “झूलैं राम जी हिंडोरा” कार्यशाला का समापन

August 9, 2026

सावन की मल्हार पर झूमा आमोद आश्रम, “झूलैं राम जी हिंडोरा” कार्यशाला का समापन

अवधी लोकगीतों की सुरमयी यात्रा संपन्न, महिलाओं ने बांधा समां*

*लोकसंस्कृति के संरक्षण की मिसाल बनी सावनी सुर कार्यशाला*

लखनऊ, 9 अगस्त। राजधानी के गोमती नगर स्थित संस्था आमोद आश्रम द्वारा आयोजित सावनी सुर की कार्यशाला “झूलैं राम जी हिंडोरा” का शनिवार को भव्य समापन हुआ। आश्रम परिसर में विगत 2 अगस्त से चल रही इस साप्ताहिक कार्यशाला में सावन मास की परंपरागत झूला गीतों, कजरी और लोकधुनों का प्रशिक्षण दिया गया, जिसने प्रतिभागियों को अवध की समृद्ध लोकसंस्कृति से रूबरू कराया।

कार्यशाला के प्रशिक्षक प्रसिद्ध अवधी लोकगायक श्री शिवपूजन शुक्ल रहे, जिन्होंने पूरे सप्ताह प्रतिभागियों को स्वर, ताल और भाव की बारीकियां सिखाईं। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्रीमती श्रद्धा मिश्रा उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं हमारी लोक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं और महिलाओं की इतनी उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर उन्हें विशेष प्रसन्नता हुई।

गुरु शिवपूजन शुक्ल ने भी इस अवसर पर प्रतिभागियों की लगन की सराहना करते हुए कहा कि मात्र एक सप्ताह में महिलाओं ने जिस तन्मयता से सावनी गीतों को आत्मसात किया, वह अवधी लोकसंगीत के प्रति उनके गहरे लगाव को दर्शाता है।

कार्यक्रम में नगर की लगभग 50 महिलाओं ने सक्रिय प्रतिभाग किया और समापन अवसर पर सामूहिक रूप से सावनी गीतों व झूला गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया। एक प्रतिभागी ने कहा कि इस कार्यशाला ने उन्हें बचपन की सावन की यादें फिर से जीने का अवसर दिया। इस अवसर पर अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और आयोजकों को बधाई दी।

आमोद आश्रम की सचिव श्रीमती अनिता श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षक और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी लोक कला और संस्कृति के संरक्षण हेतु इस तरह के आयोजन निरंतर करती रहेगी।

पत्रकारों को कथित अभद्र भाषा में चुनौती देने वाला वीडियो वायरल, मचा हड़कंप

शिकायत के बाद गोला पुलिस ने अरविंद गारमेंट्स को हिरासत में लिया, विरोध बढ़ने पर लिखित माफी देकर छोड़ा

कुकरा, खीरी। पत्रकारों को कथित तौर पर अभद्र भाषा में चुनौती देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गोला क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद पत्रकारों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले को लेकर पत्रकारों ने सक्षम अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

विवाद बढ़ने के बाद गोला कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए अरविंद गारमेंट्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।

बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने और पत्रकारों के विरोध के बाद अरविंद गारमेंट्स ने अपने कथित बयान को लेकर गलती स्वीकार की। इसके बाद उन्होंने लिखित प्रार्थना पत्र देकर माफी मांगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया। पत्रकारों के आक्रोश के बाद अधिकारियों से शिकायत की गई। शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और अरविंद गारमेंट्स को हिरासत में लिया गया। हालांकि, बाद में माफी नामा वीडियो एवं लिखित रूप से माफी मांगने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। वहीं पत्रकारों का कहना है कि पत्रकारिता के प्रति इस तरह की कथित अभद्र भाषा और चुनौतीपूर्ण रवैये को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

एटा में हेलीकॉप्टर से सिकंदराराऊ-कासगंज रोड से लालपुर तक कांवड़ियों पर हुई पुष्पवर्षा

एटा 09 अगस्त उप्रससे। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान एटा में कांवड़ियों का अनोखे अंदाज में स्वागत किया गया। जिले के विभिन्न कांवड़ मार्गों से गुजर रहे शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों को देखकर कांवड़ियों और स्थानीय लोगों में उत्साह नजर आया।

कांवड़ियों के स्वागत के लिए श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ ने दिल्ली से हेलीकॉप्टर बुक कराया था। हेलीकॉप्टर ने हाथरस के सिकंदराराऊ-कासगंज रोड से होते हुए एटा के अवागढ़ क्षेत्र में प्रवेश किया। यहां कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए। इसके बाद हेलीकॉप्टर ने अवागढ़ क्षेत्र के लालपुर गांव स्थित हेलीपैड पर लैंड किया। एटा के अलावा पुष्पवर्षा का सिलसिला फिरोजाबाद के टूंडला और आगरा के मनकामेश्वर मंदिर तक भी जारी रहा। इन स्थानों पर भी कांवड़ियों का हेलीकॉप्टर से फूल बरसाकर स्वागत किया गया। कांवड़ मार्गों पर पुष्पवर्षा देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने जेसीबी से बरसाए फूल

अवागढ़ के लालपुर गांव में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की तैयारियों को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह रहा। यहां श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता भी मौजूद रहे। दोनों ने जेसीबी पर खड़े होकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी भगवान शिव में गहरी आस्था है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रेरित होकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कराने का निर्णय लिया गया। समिति पिछले साल भी ऐसा आयोजन करना चाहती थी, लेकिन उस समय यह संभव नहीं हो पाया था। इस बार आयोजन किया गया।

तीन जिलों के कांवड़ मार्गों पर हुआ स्वागत

समिति पदाधिकारियों के अनुसार आगरा, फिरोजाबाद और एटा के अलग-अलग कांवड़ मार्गों पर कांवड़ियों के ऊपर पुष्पवर्षा की गई। उन्होंने कहा कि भोलेनाथ की कृपा से बरसात के मौसम में भी पुष्पवर्षा का कार्यक्रम सफल रहा। आसमान से फूलों की बारिश के बीच कांवड़ियों का स्वागत श्रद्धा और भक्ति के माहौल में किया गया।

बलिया में दूसरी शादी करने जा रहे दूल्हे को पत्नी ने बीच रास्ते में पीटा,

बलिया, जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दूसरी शादी करने जा रहे एक दूल्हे को उसकी पहली पत्नी ने बीच रास्ते में रोककर जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर हंगामा और कहासुनी भी हुई।

जानकारी के अनुसार छितूपुर महमूरगंज वाराणसी गांव
निवासी मजहरुल हक़ पुत्र इजहरुल हक़ आज दूसरी शादी के लिए बारात लेकर सिकन्दरपुर क़स्बा स्थित मैनापुर जा रहा था। इसी दौरान उसकी पहली पत्नी को सूचना मिल गई। पत्नी अपने परिजनों के साथ जलपा कलपा चौक सिकन्दरपुर पहुंच गई और दूल्हे को रोक लिया
चौक पर हाईवोल्टेज ड्रामा के बीच पत्नी ने दूल्हे पर धोखे से दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए उसे थप्पड़ से पीटना शुरू कर दिया। दूल्हे के परिजनों और पत्नी के पक्ष के लोगों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई।

“बोल बम” की जगह वहां “पुलिस बुलाओ” की आवाजें गूंजने लगीं।

सूचना पर मौके पर क़स्बा चौकी की पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बारातीयों ने गुपचुप तरीके से कन्या पक्ष की मिली भगत से शादी रचा ली

पीड़ित पत्नी ने बताया की हम लोगो का बलिया न्यायालय मे मुकदमा विचाराधीन है (56/2025 व 50/2025) यह तीन तलाक का उलंघन करके दूसरी शादी कर लिया

पीड़ित पत्नी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूल्हे का कहना है कि पहली पत्नी से उसका विवाद चल रहा था और उसने दूसरी शादी करने का फैसला लिया था।

Shahjahanpur जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्र में आयोजित किए गए बहू-बेटी सम्मेलन

शाहजहाँपुर—( संजीव गुप्त द्वारा ) उ0प्र0 शासन के आदेशानुसार महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु संचालित “मिशन शक्ति” अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में “बहू-बेटी सम्मेलन” का आयोजन किया गया।
आयोजित कार्यक्रमों में महिला पुलिस कर्मियों एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए उनकी सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, उनके विधिक अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें वूमेन पावर लाइन-1090, यूपी-112, महिला हेल्पलाइन-181, साइबर हेल्पलाइन-1930, एम्बुलेंस सेवा-108 एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 के उपयोग की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का निर्भीक होकर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला पुलिस कर्मियों एवं एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा अन्य समस्या की स्थिति में पुलिस को तत्काल सूचित करें। पुलिस द्वारा उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान में लेते हुए आवश्यक सहायता एवं विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
जनपद शाहजहाँपुर पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

« Newer PostsOlder Posts »