Web News

www.upwebnews.com

आतंकी गतिविधियों में शामिल था मुरादाबाद में बीडीएस का छात्र

March 17, 2026

आतंकी गतिविधियों में शामिल था मुरादाबाद में बीडीएस का छात्र

काँलेज परिसर में पसरा सन्नाटा
-एटीएस की कार्रवाई से मुरादाबाद में आतंकी कनेक्शन उजागर

Post on 17.3.26
Tuesday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
मुरादाबाद में बीडीएस(डेंटल) के छात्र हारिश अली आंतकी संगठन से जुड़ा था। मुरादाबाद में छात्र को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार किया। छात्र की गिरफ्तारी से काँलेज में सनसनी मची है। कार्रवाई से मुरादाबाद एक बार आंतकी गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में हैं। इससे पहले भी आतंकी कनेक्शन सामने आए हैं। सहारनपुर का निवासी छात्र आईएसआईएस ( ISIS) के लिए सक्रिय था।
रविवार को यूपी एटीएस ने बीडीएस के छात्र हारिश को पकड़ा। उसकी गिरफ्तारी से मुरादाबाद मंडल भर में सनसनी है। माना जा रहा है कि हारिश
मुरादाबाद में रहकर आतंकी संगठन के लिए युवाओं को आँनलाइन जोड़ने के काम में सक्रिय था। एटीएस को जांच में पता चला कि छात्र ने मुरादाबाद
समेत वेस्ट यूपी के कई जिलों में नेटवर्क तैयार किया हुआ था।
मुरादाबाद में बीडीएस में सेकंड ईयर के छात्र हारिश को आतंकी गतिविधियों में शामिल में पकड़ा गया है। आरोप है कि उसने मुरादाबाद मंडल के युवाओं से कई बार देश विरोधी सामग्री भी साझा की थी। दो साल पहले उसने कई बार जम्मू-कश्मीर के दौरे किए। इस दौरान वह युवाओं से जुड़ कर उन्हें देश के खिलाफ उकसाने में शामिल था एटीएस को उसके बार बार जम्मू कश्मीर जाने की जानकारी भी मिली। सहारनपुर में मानक मऊ मोहल्ले के निवासी रियासत हुसैन ने दो साल पहले जून, 24 में बेटे हारिश का मुरादाबाद के एक कॉलेज में बीडीएस में दाखिला कराया था। जांच में पता चला कि शुरुआत में कॉलेज के हॉस्टल में रहा पर बाद में उसने कॉलेज से बाहर किराये पर मकान ले लिया था। कॉलेज में अन्य संगी साथियों से भी कम बात करता।पर उसका ज्यादा समय मोबाइल व लैपटॉप पर बीतता।

*एटीएस की हारिश की काफी समय से गतिविधियों पर थीं नजर*

काफी समय से एटीएस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। सोशल मीडिया पर अपना एक अलग ग्रुप अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन भी बनाया। सोशल मीडिया के जरिए वह सरकार के खिलाफ वाले पोस्टों पर नजर रखता। ऐसों लोगों को ऑनलाइन जोड़ लेता और फिर ग्रुप में आईएस की प्रचार- सामग्री साझा करता।

*पहले भी मुरादाबाद में पकड़ा गया है आतंकी संगठनों का कनेक्शन*

आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से नेटवर्क का यह पहला मामला नहीं है।इससे पहले भी मुरादाबाद मंडल में संदिग्ध आतंकी पकड़े गए हैं। खतरनाक हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी उल्फत हुसैन, आईएस, लश्कर-ए-तैयबा का भी बड़ा नेटवर्क का भी खुलासा हो चुका है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने 2 अक्तूबर, 23 को मुरादाबाद से आईएस के आतंकी अरशद वारसी को पकड़ा था। लश्कर-ए-तोयबा से जुड़े संदिग्ध आतंकी फरहान व हिजबुल के अहमद रजा की भी यहां से गिरफ्तारी हो चुकी है। मुगलपुरा क्षेत्र से 27 अक्तूबर 2017 को आईबी, एटीएस और पुलिस की संयुक्त टीम ने गोधरा कांड व लश्कर के सदस्य फरहान की गिरफ्तारी से तब भी मुरादाबाद सुर्खियों में आया।

*संवेदनशील बना मुरादाबाद मंडल*
इससे पहले मंडल में अमरोहा, संभल, रामपुर व बिजनौर में आतंकी कनेक्शन के मामले सामने आए हैं।
बीडीएस के छात्र हारिश अली से पहले भी आतंकी संगठन की गतिविधियों से जुड़े संदिग्धों को पकड़ा गया।

March 16, 2026

श्रद्धा, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है नवरात्र : जयवीर सिंह

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह होली मिलन समारोह में हुए शामिल

लखनऊ, दिनांक 16 मार्च, 2026 जनकल्याण महासमिति, गोमती नगर, लखनऊ द्वारा आज अटल क्रीड़ा स्थल (मिनी स्टेडियम), विराम खण्ड में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रवज्जलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

मंत्री श्री जयवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि लखनऊ की धरती गंगा-जमुनी तहजीब की प्रतीक रही है, जहाँ सदियों से प्रेम, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं की समृद्ध विरासत विकसित हुई है। होली का त्योहार केवल रंगों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह समाज में व्याप्त भेदभाव और दूरियों को मिटाकर लोगों को एक सूत्र में बांधने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मंत्री ने सभी नागरिकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को बनाए रखने का आह्वान किया।

होली के बाद आने वाले चैत्र नवरात्र की भी मंत्री श्री जयवीर सिंह ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नवरात्र भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्र के अवसर पर देवी शक्ति की आराधना के साथ प्रदेश भर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन होते हैं। यह पर्व श्रद्धा, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना को प्रबल करता है।

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। विशेष रूप से राधा-कृष्ण का मनमोहक मयूर नृत्य तथा फूलों की दिव्य होली कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे, जिनका उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय परिवारों एवं नागरिकों ने भाग लेते हुए प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे के इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

कार्यक्रम में विधायक श्री ओ.पी. श्रीवास्तव, जनकल्याण महासमिति के अध्यक्ष डॉ. बी.एन. सिंह, महासचिव डॉ. राघवेन्द्र शुक्ला, मा० रक्षामंत्री के पी.आर.ओ., कर्नल ए.एन. पाण्डेय (कार्यकारी महासचिव), श्री आर.सी. मिश्रा, डॉ. ओ.पी. सिंह, श्री ओ.पी. दीक्षित, श्री बी.एस. सिसोदिया, श्री अरुण तिवारी (सभासद), श्री संजय सिंह राठौर (सभासद), श्री रामकृष्ण यादव (सभासद), डॉ. वीरेन्द्र कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

माता पिता की गुहार: बेटे के हत्यारों को गिरफ्तार करो

माता पिता ने लगायी बेटे की हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की गुहार
हरिद्वार, 16 मार्च। विष्णु लोक कालोनी निवासी दिव्यांग ई रिक्शा चालक मनीष की हत्या के मामले में मृतक के माता पिता ने पुलिस से पूरे मामले की गहराई से जांच कर हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की गुहार लगायी है। मृतक ई रिक्शा चालक के पिता रामाश्रय एवं माता रानी ने प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि मनीष एक फरवरी से लापता था। इसके बाद उन्होंने पुलिस में उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी। गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि ज्वालापुर निवासी अयान ने काॅल करने के बहाने मनीष का मोबाइल लेकर भाग गया था। जब मनीष ने उसके घर जाकर मोबाइल वापस मांगा और पुलिस में जाने की धमकी दी तो अयान ने अपने साथी बिलाल के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव प्लास्टिक के कट्टे में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया था। इसके बाद पुलिस ने मनीष का शव बरामद करने के साथ अयान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन बिलाल को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। मृतक मनीष माता पिता ने आरोप लगाया कि मनीष की हत्या केवल मोबाइल फोन की वजह से नहीं हुई। बल्कि षड़यंत्र के तहत की गयी है। इसमें अयान तथा बिलाल के अलावा कई अन्य लोग शामिल हैं। इसलिए पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें सजा दिलाए। मृतक के माता पिता ने कहा कि वे मेहनत मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। मनीष की हत्या के बाद उसके तीन बच्चों के पालन पोषण की जिम्मेदारी भी उन पर आ गयी है।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, एक घायल

फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को बाइक से ईद की खरीदारी करने आ रहे तीन दोस्तों को नौशहरा के पास एक बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। जबकि घायल युवक को इलाज के लिए शिकोहाबाद के जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव शेख की सराय निवासी अरहान (19) पुत्र मोहम्मद अकील कुरैशी, अनस (19) पुत्र सफीक कुरैशी, उजेफ (20) पुत्र अकरम कुरैशी आपस में दोस्त थे। सोमवार को तीनों दोस्त ईद के लिए कपड़ों की खरीदारी करने के लिए शिकोहाबाद के लिए आ रहे थे। जब उनकी बाइक प्रहलाद फैक्ट्री नौशहरा के पास कट पर पहुंची ही थी कि तभी उन्होंने हाईवे को क्रास किया, तभी फिरोजाबाद की ओर से आ रहे अज्ञात ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया।
हादसे के दौरान उजैफ उछलकर दूसरी साइड पर गिरा। जबकि अरहान, अनस ट्रक की चपेट में आ गए जिससे दोनों के रौंदने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। जबकि घायल को अस्पताल भेज दिया।
इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी शिकोहाबाद अनुज कुमार का कहना है हादसे में मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। घायल को उपचार के लिए भर्ती कराया है। हादसे की जांच की जा रही है।

जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस-रवि बहादुर


हरिद्वार, 16 मार्च। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रवि बहादुर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभा रही है। हाल ही में गैरसैंण में संपन्न हुए विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस ने जनहित के तमाम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं के साथ प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए विधायक रवि बहादुर ने कहा कि कांग्रेस के दबाव के चलते विधानसभा सत्र पूरे पांच दिन चला और कांग्रेस विधायक सदन में सरकार को घेरने में कामयाब रहे। एकजुट विपक्ष ने सत्ता पक्ष को जनहित से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने के लिए मजबूर किया। बजट को निराशाजनक बताते हुए उन्होंने कहा कि बजट में युवा, महिलाओं, बेरोजगार, किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है। पलायन जैसी समस्या का भी कोई समाधान बजट में दिखाई नहीं देता है। अगले वर्ष हरिद्वार में कुंभ मेला होना है। लेकिन राज्यपाल के अभिभाषण में कुंभ मेले की चर्चा के दौरान हरिद्वार का नाम तक नहीं लिया गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शर्मा ने कहा कि बजट सत्र में कांग्रेस विधायकों ने जनता से जुड़े तमाम मुद्दे और सरकार की विफलता को उजागर करने में कामयाब रहे। मनोज सैनी ने कहा कि विपक्ष को दुश्मन के रूप में देख रही सरकार का रूख जनभावनाओं के अनुरूप नहीं है। जनता गैस की किल्लत से जूझ रही है। सरकार और प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद गैस एजेंसियों पर रोजाना लंबी लाईनें लग रही हैं। सोम त्यागी ने कहा कि भाजपा के पास हिंदू मुसलमान के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। लेकिन प्रदेश की जनता अब भाजपा के बहकावे में आने वाली नहीं है। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पूनम भगत ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रहेगी। प्रैसवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी, विकास चंद्रा, विभाषा सिन्हा, विशाल प्रधान, आशु, राजीव चैधरी, समर्थ अग्रवाल, समीर त्यागी, महरूफ सलमानी सहित कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »