Web News

www.upwebnews.com

संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत से मचा कोहराम

August 22, 2026

संदिग्ध परिस्थिति में युवक की मौत से मचा कोहराम

हाथरस। गांव बिजहारी के माजरा न्यू बिजलीघर कॉलोनी में आवास निर्माण के दौरान करीब 22 वर्षीय कमल गोस्वामी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान अचानक गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सासनी सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

लेखपालों ने किया थाना समाधान दिवस का बहिष्कार

धरना प्रदर्शन करते लेखलपाल

हाथरस।फर्जी व दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा सासनी के लेखपालों ने शनिवार को थाना समाधान दिवस का बहिष्कार कर तहसील परिसर में धरना दिया। लेखपालों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम शिव प्रकाश यादव को ज्ञापन सौंपकर अयोध्या के सोहावल में लेखपाल के खिलाफ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की। संघ ने ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता और रंजिश की जांच तथा एसीओ व विजिलेंस के लिए स्पष्ट एसओपी लागू करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय सेवा योजना की 7 नवीन इकाइयों सहित कुल 19 इकाइयों का आवंटन*


शाहजहांपुर। ( संजीव गुप्त द्वारा
उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जारी आवंटन आदेश के अंतर्गत स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की 7 नवीन इकाइयों सहित कुल 19 इकाइयों का आवंटन किया गया है।
शासन द्वारा किए गए आवंटन के अनुसार विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाइयां संचालित होंगी। आवंटन में आर्य महिला महाविद्यालय को 02, जी.एफ. कॉलेज को 03, राजकीय महाविद्यालय कांट को 01, ईश्वरी प्रसाद महाविद्यालय निगोही को 01, ओशो ध्यान विज्ञान महाविद्यालय म्यूना खुदागंज को 01, प्रेम किशन खन्ना राजकीय महाविद्यालय जलालाबाद को 01, पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय तिलहर को 02, स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय को 03, स्वामी विवेकानंद कॉलेज पुवायां को 02 तथा सावित्री देवी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज पुवायां को 03 राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों का आवंटन किया गया है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी.बी. सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। विश्वविद्यालय की एन.एस.एस. इकाइयां शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जन-जागरूकता एवं सामाजिक विकास के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करेंगी।
विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक, राष्ट्रीय सेवा योजना, प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि नवीन इकाइयों के गठन से विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में एनएसएस का विस्तार होगा तथा अधिक से अधिक विद्यार्थी सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से जुड़ सकेंगे। विश्वविद्यालय स्तर से सभी इकाइयों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं समन्वय प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य राष्ट्रीय सेवा योजना को केवल नियमित गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए इसे “सेवा से व्यक्तित्व विकास और व्यक्तित्व विकास से राष्ट्र निर्माण” के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित करना है।
इस अवसर पर प्रो.अनुराग अग्रवाल, प्रो.आलोक मिश्रा, प्रो. आदित्य कुमार सिंह सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने हर्ष प्रकट किया।

*नवीन इकाइयां*
स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय परिसर-02
स्वामी विवेकानंद कॉलेज पुवायां-02 9
सावित्री देवी गर्ल्स पी.जी. कॉलेज पुवायां-03

प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

*जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप*
( संजीव गुप्त दारा)
शाहजहाँपुर, 22 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप ने शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

प्रभारी मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में शादी अनुदान योजना के 15, ओ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना वर्ष 2024-25 के 20 तथा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के 05 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य है कि पात्र कोई भी व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे प्रत्येक नागरिक को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

कार्यक्रम में बताया गया कि शादी अनुदान योजना के अंतर्गत अब तक 1,062 लाभार्थियों को कुल 212.40 लाख रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है। वहीं, कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में ओ लेवल के 422 तथा सीसीसी के 275 लाभार्थियों का प्रशिक्षण प्रारंभ कराया जा चुका है।

इसी प्रकार राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 175 लाभार्थियों के पक्ष में 52.40 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। अधिकारियों ने प्रभारी मंत्री को विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं लाभार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे लाभ की जानकारी दी।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा योजनाओं के लाभार्थी उपस्थित रहे।
___________

रालोद ने कर्नल ब्रह्मपाल तोमर को सौंपा लखनऊ कार्यालय प्रभारी का दायित्व

*लखनऊ।* राष्ट्रीय लोकदल के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल ब्रह्मपाल सिंह तोमर (सेवानिवृत्त) को राष्ट्रीय लोकदल, उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय का प्रभारी नियुक्त किया है।

उनकी नियुक्ति पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा पूर्व सैनिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि कर्नल ब्रह्मपाल तोमर का राजनीतिक एवं संगठनात्मक अनुभव अत्यंत समृद्ध रहा है। वे वर्ष 2013 से 2017 तक राष्ट्रीय लोकदल की आईटी विंग के प्रदेश संयोजक के रूप में सफलतापूर्वक कार्य कर चुके हैं। इसके अतिरिक्त पिछले एक दशक से वे प्रदेश में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के विस्तार, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं पूर्व सैनिकों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कर्नल तोमर की पार्टी नेतृत्व के प्रति निष्ठा, अनुशासन, प्रशासनिक दक्षता तथा व्यापक जनसंपर्क क्षमता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उनके नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख बनेगी तथा प्रदेश भर में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।

मयंक त्रिवेदी ने विश्वास व्यक्त किया कि कर्नल ब्रह्मपाल तोमर के अनुभव एवं नेतृत्व क्षमता से राष्ट्रीय लोकदल को प्रदेश स्तर पर नई ऊर्जा, नई दिशा और नई मजबूती मिलेगी। उनकी नियुक्ति संगठन विस्तार एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की है कि कर्नल तोमर के मार्गदर्शन में पार्टी संगठन गांव, किसान, युवा, महिला एवं पूर्व सैनिक वर्गों के बीच और अधिक प्रभावी ढंग से अपनी पहुंच स्थापित करेगा तथा प्रदेश में संगठनात्मक आधार को और मजबूत करेगा।

« Newer PostsOlder Posts »