Web News

www.upwebnews.com

एनएच-19 जाम, फायरिंग व पथराव मामले में 15 गिरफ्तार 

March 23, 2026

एनएच-19 जाम, फायरिंग व पथराव मामले में 15 गिरफ्तार 

फरसा बाबा प्रकरण:
मथुरा। छाता थाना पुलिस ने फरसा वाले बाबा स्व. चन्द्रशेखर की दुर्घटना में मृत्यु के बाद हाईवे जाम, फायरिंग, पथराव और तोड़फोड़ करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध डंडे, ईंट-पत्थर, चप्पलें और खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2026 को बाबा चन्द्रशेखर की दुर्घटना में मृत्यु के बाद आक्रोशित लोगों ने कस्बा छाता स्थित एनएच-19 पर शव रखकर हाईवे जाम कर दिया था। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बीच भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग व पथराव शुरू कर दिया।
घटना के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आम जनमानस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने मौके से 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य आरोपी को 22 मार्च को शेरगढ़ तिराहे से पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में गौरव उर्फ भूरा, नरेश, हिमांशु, पवन, कपिल, धर्मेंद्र, विष्णु, अनुज, शनि, केशव, अरुण, अमन, सुभाष सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
घटनास्थल से 15 मोटरसाइकिल, ईंट-पत्थर, लाठी-डंडों के टुकड़े तथा .315 व .312 बोर के खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
इस कार्रवाई में छाता, शेरगढ़, कोसीकला, बरसाना समेत कई थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

बरसाना में रोड जाम व पथराव मामले में 5 गिरफ्तार

बरसाना में रोड जाम व पथराव मामले में 5 गिरफ्तार, फरसा बाबा की मृत्यु के बाद भड़की थी भीड़
मथुरा। बरसाना थाना क्षेत्र में फरसा बाबा स्व. चन्द्रशेखर दास की मृत्यु के बाद हुए रोड जाम और पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पत्थर, चप्पल और लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च 2026 को बाबा चन्द्रशेखर दास उर्फ फरसा वाले बाबा के अंतिम संस्कार के दौरान ग्राम आजनौख स्थित गौशाला के पास बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने छाता-बरसाना रोड को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ और उग्र हो गई तथा पुलिस और आम लोगों पर जान से मारने की धमकी देते हुए पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में दक्ष पुत्र राधेश्याम (गाजियाबाद), अक्कू पुत्र प्रमोद (गाजियाबाद), सचिन पुत्र मनोज (नई दिल्ली), रितेशपाल पुत्र मातादीन (फर्रुखाबाद) और डॉ. प्रकाश सिंह पुत्र संजय सिंह (गाजियाबाद) शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और पूर्व में भी इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है।

फरसा बाबा प्रकरण पर विहिप की निष्पक्ष जांच की मांग

मथुरा। विश्व हिंदू परिषद ब्रज प्रांत द्वारा रविवार को मसानी क्षेत्र स्थित परिणय गार्डन में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने हाल ही में चर्चा में आए फरसा बाबा प्रकरण को लेकर अपना पक्ष रखा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ब्रज प्रांत के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने कहा कि घटना को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, जिन्हें दूर करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संत समाज और हिंदू संगठनों की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संगठन पीड़ित पक्ष के साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

पंचायत चुनाव: बसपा का बूथ-सेक्टर की मजबूती पर जोर

Moradabad Samachar

मुरादाबाद समाचार

Post on 23.3.26
Monday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
यूपी में प्रस्तावित पंचायत चुनाव को लेकर बसपा फिर से संगठन की मजबूती पर जोर दे रही है। बसपा नेताओं ने रविवार को बैठक में चुनाव से पहले बूथ और सेक्टर कमेटियों को मजबूत बनाने कू निर्देश दिए। कहा कि कमेटियों की मजबूती ही 2027 में बसपा की सरकार बनाने में गठन का रास्ता साफ करेगी। इसके लिए विधानसभा बैठकों के जरिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गई।
बसपा जिलाध्यक्ष निर्मल सिंह सागर कांठ क्षेत्र में सिगलऊ सेक्टर में मनकुंआ मकसूदपुर में बैठक की। बताया दी कि जिला पंचायत चुनाव की रणनीति तैयार की गई। चुनाव के कभी भी होने की संभावनाओं को देखते हुए संगठन की मजबूती की तैयारी की जा रही है।इसके मद्देनजर ही बूथ और सेक्टर कमेटियों के सशक्त बनाने पर जोर है।
बैठक में मुरादाबाद मंडल के सेक्टर प्रभारी रामकुमार गुलाब ने भी बसपा की नीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।कार्य कर्ताओं से आव्हान किया कि वे पार्टी नीतियों को घर-घर पहुंचाएं।
बैठक में जिला सचिव करतार सिंह, विस प्रभारी बंटी भारती, विसअध्यक्ष भूप सिंह के अलावा मुख्य रूप से सेक्टर अध्यक्ष बृजपाल सिंह,साकिर हुसैन, मौलाना आरिफ,कपिल जाटव,विपिन दीवान,आरिफ आदि रहे।

मुरादाबाद में आरएसएस का पथ संचलन,पुष्प वर्षा हुई

Post on 23.3.26
Monday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।

शहर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने पथ संचलन किया। महानगर के विभिन्न क्षेत्रों से निकले पर संचलन में तमाम लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया।
रविवार को महानगर में विभिन्न स्थानों पर एक दर्जन बस्तियों में पद संचलन व एकत्रीकरण के कार्यक्रम हुए। इनमें प्रमुख रूप से मिलन विहार में महानगर प्रचार प्रमुख संजीव चौधरी, विजय निकेतन संघ कार्यालय में भगवानदास, राय बैंकट हॉल सांईपुरम में संदीप विभाग व्यवस्था प्रमुख,सामुदायिक केंद्र प्रीत विहार में प्रमोद महानगर सहकार्यवाह,अर्धनारीश्वर मंदिर हिमगिरी में सुरेश ध्यानी, सरस्वती शिशु मन्दिर पाकबड़ा में ओम प्रकाश शास्त्री,शहनाई मंडप चंद्रनगर में विभाग प्रचारक ब्रजमोहन, डिप्टी जगन्नाथ सिंह विद्यालय में रणवीर जी बौद्धिक वक्ता रहे।
इस दौरान विभाग प्रचारक ब्रजमोहन ने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से भारतीय नववर्ष का आरंभ होता है। यह दिन अनेक दृष्टियों से अत्यंत पवन और ऐतिहासिक है। मान्यता यह कि इस दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की थी। भगवान श्री राम के राज्याभिषेक के लिए भी इसी दिन का चयन किया गया। इस तिथि को आर्य समाज की स्थापना व विक्रम संवत का प्रारंभ भी माना जाता है। राष्ट्र स्वयंसेवक संघ के संस्थापक परम पूजनीय डॉक्टर केशव राम बलिराम हेडगेवार का जन्म भी पावन दिवस पर हुआ।
महानगर प्रचार प्रमुख संजीव चौधरी ने कहा कि भारतीय काल गणना केवल समय बताने का माध्यम नहीं है बल्कि यह हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर संतुलित जीवन जीने की भी प्रेरणा देती है। संघ साल में 6 उत्सवों को संगठन के विशेष कार्यक्रम के रूप में मनाता है। संघ में मनाये जाने वाले छह पर्व की वजह उनको सीधे राष्ट्रभाव से जोड़ना है।यह अवसर केवल एक तिथि का परिवर्तन का नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना व परंपराओं के पुनःस्मरण का भी है। ओम प्रकाश शास्त्री ने कहा की कि स्वयं सेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष के वर्ष में प्रत्येक कार्यक्रम में अपने पांच परिवर्तनों को लेकर के समाज के बीच जा रहा है। वह पांच परिवर्तन है-सामाजिक समरसनता, कुटुंब प्रबोधन,स्व का बोध,नागरिक कर्तव्य व पर्यावरण।
महानगर में विभिन्न स्थानों पर पद संचलन के दौरान प्रमुख रूप से विभाग संघचालक सुरेन्द्र, महानगर संघ चालक डाक्टर विनीत,विपिन, डा.पवन जैन,प्रमोद जोशी, शरद जैन, निपेंद्र, राजेश,राजीव, आशुतोष, शानू, जितेंद्र, संजय, दिनेंद्र, भगवान दास, वरद,आदि सारस्वत, हरिमोहन गुप्ता समेत समस्त स्वयंसेवक रहे।

« Newer PostsOlder Posts »