Web News

www.upwebnews.com

हाईवे पर कार पलटने से युवक की मौत, दो गंभीर घायल

April 28, 2026

हाईवे पर कार पलटने से युवक की मौत, दो गंभीर घायल

हाथरस। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना चंदपा क्षेत्र के कुंवरपुर पुलिया के पास बलेनो कार अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे में नगला भोपा, खैर (अलीगढ़) निवासी 35 वर्षीय नीरज पुत्र गजराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार 32 वर्षीय योगेंद्र पुत्र कुंवरपाल और 30 वर्षीय रवि पुत्र राम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।बताया जा रहा है कि तीनों युवक आगरा के खंदौली क्षेत्र में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान चालक को नींद का झोंका आने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक नीरज खैर की मंडी समिति में निजी कार्य करता था। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने की मांग, सांसद को सौंपा ज्ञापन

अखिल भारतीय प्रधान संगठन के सदस्य ज्ञापन देते हुए

हाथरस। अखिल भारतीय प्रधान संगठन के बैनर तले सोमवार को हाथरस में ग्राम प्रधानों ने जोरदार हंगामा किया। प्रधानों ने अपने कार्यकाल में विस्तार की मांग को लेकर ज्ञापन हाथरस सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा। संगठन का कहना है कि अगर पंचायत चुनाव समय पर नहीं होते हैं तो प्रशासकों की नियुक्ति से बेहतर होगा कि मौजूदा प्रधानों का कार्यकाल बढ़ा दिया जाए।
अखिल भारतीय प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि सभी ग्राम प्रधान लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए जनप्रतिनिधि हैं और अपने-अपने गांव की हर समस्या से भलीभांति वाकिफ हैं। वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल 26 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, लेकिन आशंका है कि पंचायत चुनाव करीब एक साल विलंब से होंगे। ऐसे में अगर प्रशासक लगाए गए तो विकास कार्य ठप हो जाएंगे। पूर्व में प्रशासकों के समय भ्रष्टाचार की शिकायतें भी सामने आई थीं। मौजूदा प्रधान अधिक जवाबदेह और प्रतिबद्ध हैं।
प्रधानों का तर्क है कि जनहित और सुचारु विकास कार्यों को देखते हुए उनका कार्यकाल बढ़ाया जाए। संगठन ने मुख्यमंत्री से इस मामले में सकारात्मक निर्णय लेने की गुहार लगाई है। ज्ञापन सौंपने वालों में तामसी प्रधान धर्मेन्द्र कुमार, प्रधान राकेश कुमार, जितेंद्र कुमार, धर्मेंद्र सिंह, महाराज सिंह, धर्मपाल सिंह, योगेश कुमार सहित कई अन्य प्रधान मौजूद रहे।

UP Election 2027 से पहले हाथरस की जमीनी हकीकत पर घिरती सत्तारूढ़ पार्टी

Posted on 28.04.2026 Time 10.58, Tuesday, UP Vidhan Sabha Election 2027, Neeraj Chakrapani  Hathras

हाथरस में अफसर-नेता गठजोड़ पर उठे सवाल, चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

हाथरस, आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। राज्य की सत्ता में वापसी की चुनौती के बीच सत्तारूढ़ दल के सामने जमीनी स्तर पर संगठन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। खासतौर पर ब्रज क्षेत्र के हाथरस जनपद को लेकर उठ रही चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों वाले इस जनपद में फिलहाल दो सीटों पर भाजपा और एक पर सहयोगी दल का कब्जा है। जिला पंचायत से लेकर नगर निकायों तक सत्ता पक्ष की पकड़ मजबूत मानी जाती रही है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर असंतोष की स्थिति सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि जिले में प्रशासनिक अधिकारियों और कुछ जनप्रतिनिधियों के बीच तालमेल जनहित के बजाय निजी हितों की पूर्ति की ओर झुका हुआ है। आरोप हैं कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही, जिससे भूमाफिया सक्रिय बने हुए हैं। कई मामलों में सांठगांठ की आशंका भी जताई जा रही है।
विकास कार्यों की स्थिति भी सवालों के घेरे में है। लंबे समय से लंबित यातायात सुधार, मेडिकल सुविधाओं के विस्तार और ट्रांसपोर्ट नगर जैसी परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है। जनसुविधाओं की कमी और अव्यवस्था को लेकर आम नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ विभागों जैसे लोक निर्माण, बिजली, जल निगम,वन विभाग ,समाज कल्याण , स्वास्थ्य सेवाएं, उप निबंधन कार्यालय,जिला उद्योग  और परिवहन विभाग सहित आदि में भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इन विभागों में कार्यप्रणाली को लेकर पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश से मिले संकेतों के बाद सत्तारूढ़ दल के लिए आगामी विधानसभा चुनाव आसान नहीं होंगे। ऐसे में यदि स्थानीय स्तर पर संगठन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया, तो इसका असर चुनावी परिणामों पर पड़ सकता है।
विपक्षी दल भी इन मुद्दों को लेकर सक्रिय हो गए हैं और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। आने वाले महीनों में चुनावी माहौल और तेज होने के साथ ही हाथरस जैसे जनपदों की स्थिति प्रदेश की व्यापक राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।फिलहाल नजर इस बात पर है कि सरकार प्रशासनिक स्तर पर उठ रहे आरोपों और जन असंतोष को दूर करने के लिए क्या कदम उठाती है।

बच्चों के झगड़े से भड़की जातीय हिंसा, कई घायल

मैनपुरी।  एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम मंछना में बच्चों के विवाद ने कथित तौर पर जातीय हिंसा का रूप ले लिया। गांव के एक विकलांग युवक महेंद्र सिंह जाटव ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बच्चों के खेल के दौरान हुए मामूली झगड़े के बाद गांव के दबंगों ने संगठित होकर हमला कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, शाम करीब साढ़े पांच बजे 10 नामजद और 5 अज्ञात लोग लाठी-डंडे, सरिया और फावड़े के बेंट लेकर पहुंचे और जातिसूचक गालियां देते हुए हमला बोल दिया। आरोप है कि महेंद्र सिंह, उनकी नानी रेशमा देवी, मामी संगीता देवी और ममेरे भाइयों अमित कुमार व रामू के साथ मारपीट की गई, जिससे सभी घायल हो गए। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। शोर सुनकर जब मोहल्ले के अन्य लोग बचाव में पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। जितेंद्र और राकेश के घर में घुसकर हमला करने तथा बचाने आई महिलाओं और बेटियों बसंती, संध्या और काजल को भी पीटने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि हमलावर जातिसूचक टिप्पणी करते हुए गांव छोड़ने और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। महेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी प्रभावशाली और दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना एलाऊ में तहरीर देकर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले में जातीय उत्पीड़न, मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। तहरीर के आधार पर आरोपों की पड़ताल की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस की नजर बनी हुई है।

जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी 

मैनपुरी।  जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने त्रिलोकपुर, कुचेला में फार्मर रजिस्ट्री के कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते हुए फॉर्मर रजिस्ट्री की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उप कृषि निदेशक को आदेशित किया कि फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति सुधारने के लिए सम्मिलित प्रयास करें, लेखपाल, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, ए.टी.एम., बी.टी.एम. सहित अन्य ग्राम स्तरीय कार्मिकों से सुबह-शाम फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य करायें, अभी त्रिलोकपुर में 1771 एंव कुचेला में 1132 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री होना शेष है। उन्होने ग्राम पंचायत कुचेला के लेखपाल अवध बिहारी को आदेशित करते हुए कहा कि अवशेष किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री तत्काल कराना सुनिश्चित करें, निरीक्षण के दौरान मुख्य मार्ग से पंचायत घर तक का सम्पर्क मार्ग क्षतिग्रस्त पाये जाने, नालियों में गंदगी व्याप्त होने, पंचायत घर परिसर में घास, गदंगी पाये जाने, विकास कार्यों में लापरवाही बरतने, खराब हैंडपंपों को ठीक न कराने पर सचिव प्रबल प्रताप को प्रतिकूल प्रविष्टि एवं सफाईकर्मी संजू को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर नये सफाईकर्मी की तैनाती किये जाने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को देते हुए कहा कि गांव में जो भी हैडपंप खराब हैं उन्हें प्राथमिकता पर ठीक कराया जाये ताकि ग्रामवासियों को भीषण गर्मी में पानी की समस्या का सामना न करना पड़े।
              श्री त्रिपाठी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि गांव मंे जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक, ट्यूवेल, पाइप लाइन का कार्य कराया गया है, घरों में नल कनेक्शन भी लगाये गये हैं लेकिन ग्रामवासियों ने बताया कि जलापूर्ति नहीं की जा रही है, जिस पर उन्होने अधिशाषी अभियंता जल निगम को गांव का भ्रमण कर हर घर नल के माध्यम से स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित कराये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होने जिला पंचायत राज अधिकारी से कहा कि गांव में बने पंचायत घर तक जाने वाले मार्ग पर अगले 10 दिन में सी.सी. कराकर फोटोग्राफ्स उपलब्ध करायें। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार हरेंश कर्दम, ग्राम प्रधान विमल चन्द्र, अनिल सक्सैना आदि उपस्थित रहे।
« Newer PostsOlder Posts »