Web News

www.upwebnews.com

मथुरा में दुष्कर्म के प्रयास में हत्या के आरोपी को फांसी की सजा

May 5, 2026

मथुरा में दुष्कर्म के प्रयास में हत्या के आरोपी को फांसी की सजा

Mathura News

Mathura Samachar

मथुरा में सनसनीखेज फैसला: रिश्तों को शर्मसार करने वाले दरिंदे को फांसी
मथुरा, 5 मई 2026। जनपद की एक अदालत ने बेहद जघन्य अपराध में दोषी पाए गए युवक को मृत्युदंड सुनाते हुए सख्त संदेश दिया है। फरह थाना क्षेत्र में अपनी ही रिश्ते की बहन के साथ दुष्कर्म के प्रयास में असफल रहने पर उसे जिंदा जलाने वाले आरोपी उमेश को जिला जज विकास कुमार की अदालत ने मंगलवार को फांसी की सजा सुनाई। अदालत ने इस मामले को ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ श्रेणी में रखते हुए दोषी पर 1.30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
 क्या था पूरा मामला?
यह दिल दहला देने वाली घटना 11 मार्च 2025 की है। हरियाणा के पलवल जनपद (थाना हसनपुर) निवासी उमेश, मथुरा के फरह क्षेत्र स्थित एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में पहुंचा। आरोपी ने महिला का वेश धारण कर दुपट्टा ओढ़कर घर में प्रवेश किया।
घर में घुसते ही उसने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उस पर ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ डालकर आग लगा दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो आरोपी छत से कूदकर भागने की कोशिश में घायल हो गया।
 अस्पताल में तोड़ा दम
गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। वहीं घायल आरोपी को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से स्वस्थ होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
अदालत का कड़ा रुख
मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज किया था। मामले में जिला शासकीय अधिवक्ता शिवराम सिंह तरकर ने प्रभावी पैरवी की। सभी गवाहों और ठोस साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने उमेश को दोषी करार देते हुए मृत्युदंड सुनाया।
अदालत ने अपने फैसले में स्पष्ट कहा कि इस प्रकार के जघन्य अपराध समाज के लिए गंभीर खतरा हैं और ऐसे अपराधियों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं है।

May 4, 2026

पश्चिम बंगाल पर विजय सनातन की विजय है : धर्म रक्षा संघ

वृंदावन : धर्म रक्षा संघ की एक धर्म गोष्ठी महंत दशरथ दास महाराज की अध्यक्षता में हनुमान टेकरी आश्रम, वृन्दावन में आयोजित की गई। धर्म गोष्ठी में आए चुनाव परिणाम में सनातन की विजय और पश्चिम बंगाल के भगवाकरण पर साधु-संतों द्वारा हर्ष व्यक्त किया गया।
धर्म रक्षा संघ के कार्यकारी अध्यक्ष *महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज* ने कहा कि पश्चिम बंगाल का ममता बनर्जी ने पूरी तरीके से इस्लामीकरण कर दिया था लेकिन आज के चुनाव परिणाम से उनके हिन्दू विरोधी मंसूबे ध्वस्त हो गये।
धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष *सौरभ गौड़* ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर कहा कि पश्चिम बंगाल में सिर्फ भाजपा की ही नहीं बल्कि भारत राष्ट्र की विजय हुई है, क्योंकि ममता बनर्जी ने ऐसे हालात पैदा कर दिए थे कि पश्चिम बंगाल घुसपैठियों और इस्लामी जिहादियों का गढ़ बनकर रह गया था।
 *डॉ. मनोज मोहन शास्त्री* ने कहा कि पश्चिम बंगाल भक्ति की भूमि है जिसे ममता बनर्जी ने पूरी तरीके से इस्लामी जिहादियों के हाथ सौंप दिया था अब पश्चिम बंगाल उन जिहादियों से मुक्त हो गया है।
*महंत दशरथ दास महाराज* ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सनातन का सूर्योदय हुआ है संपूर्ण प्रदेश भगवामय हो चुका है।
धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय महासचिव *महंत अतुल कृष्ण दास महाराज* ने कहा कि हिंदू विरोधी सरकार जाने के बाद अब पश्चिम बंगाल में सनातनी बिना किसी भय के अपने धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे।
धर्म गोष्ठी में आचार्य बद्रीश महाराज, आचार्य ज्ञानेश महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी रामदास महाराज, श्रीदास प्रजापति, आदि उपस्थित थे।

May 3, 2026

अस्कुंडा घाट पर चला सख्त स्वच्छता अभियान, दुकानदारों को दी चेतावनी

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन की अधिकृत संस्था नेचर ग्रीन एवं प्रोजेक्ट मथुरा के संयुक्त तत्वावधान में द्वारकाधीश मंदिर के निकट स्थित अस्कुंडा घाट पर विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घाट क्षेत्र में व्यापक सफाई करते हुए कूड़ा-कचरा हटाया गया और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
टीम ने घाट के आसपास स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, खासकर खाने-पीने की दुकानों को अपने प्रतिष्ठानों पर कूड़ेदान रखने और उसका नियमित उपयोग करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने या नियमों की अनदेखी करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की गई।
इस मौके पर नेचर ग्रीन के ऑपरेशन मैनेजर अभिषेक वाजपेयी, आईईसी मैनेजर सुजीत सिंह, जोनल गिरीश सहित आईईसी टीम के सदस्य—कान्हा, बुलबुल, काजल, वंदना, हेमा, भावना, दामिनी, रूपा—तथा प्रोजेक्ट मथुरा से विपुल जी और उनकी टीम मौजूद रही।
अभियान का संदेश स्पष्ट रहा—“स्वच्छ घाट – स्वच्छ बाजार – स्वच्छ मथुरा।”

May 2, 2026

मथुरा में सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को रौंदा, महिला की मौत

मथुरा। थाना फरह क्षेत्र के रेलवे फाटक पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से लदी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 52 वर्षीय रतनदेई (निवासी खेरागढ़, आगरा) की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार  मृतका अपने बेटे और नातिन के साथ हरियाणा जा रही थीं, तभी रेलवे फाटक के पास यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रतनदेई ट्रॉली के टायर के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
इस घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

April 28, 2026

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने राया मंडी के गेहूं क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

किसानों से संवाद कर जानी समस्याएं, पारदर्शी व समयबद्ध खरीद के दिए निर्देश
मथुरा। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सोमवार को राया मंडी में संचालित गेहूं क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली और केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संचालित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तौल व्यवस्था, भुगतान प्रक्रिया और साफ-सफाई की स्थिति का गहन अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में 28 गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है। सरकार द्वारा गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जबकि मंडी में 2300 से 2400 रुपये प्रति कुंतल की दर से खरीद हो रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक क्रय केंद्रों पर ही अपना गेहूं बेचें, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने के 24 घंटे के भीतर भुगतान सीधे किसानों के बैंक खाते में कर दिया जाता है। सरकार का उद्देश्य है कि किसानों की उपज समय पर और उचित मूल्य पर खरीदी जाए तथा उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
« Newer PostsOlder Posts »