Posted on 14.06.2026 Time 09.39 PM Mathura Vrandavan
मथुरा, 14 जून 2026, गोकुल बैराज पर दाह संस्कार से लौटने के दौरान एक युवक यमुना नदी में डूब गया। घटना के बाद से प्रशासन और राहत दल युवक की तलाश में जुटे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अडूकी निवासी उमेश कुमार (38 वर्ष) पुत्र हरिओम अपनी चचेरी बहन के दाह संस्कार में शामिल होने के लिए गोकुल बैराज गया था। बताया गया है कि दाह संस्कार के बाद वह यमुना किनारे हाथ धो रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। युवक के नदी में डूबने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर रात तक और अगले दिन भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खोज अभियान तेज करने और जल्द से जल्द युवक का शव बरामद करने की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि गोताखोरों एवं संबंधित टीमों द्वारा लगातार तलाश की जा रही है।
