Web News

www.upwebnews.com

 विकलांग महिला पर हमला, मंगलसूत्र लूटा, पुलिस पर लापरवाही आरोप

May 4, 2026

 विकलांग महिला पर हमला, मंगलसूत्र लूटा, पुलिस पर लापरवाही आरोप

मैनपुरी।  एलाऊ थाना क्षेत्र से एक विकलांग महिला के साथ मारपीट, लूट और पुलिस की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। पीड़िता रीता देवी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के मुताबिक, वह शारीरिक रूप से विकलांग है और घर पर अकेली रहती है। आरोप है कि 2 मई की सुबह करीब 5:30 बजे पड़ोस के ही कुछ लोग उसके घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके गले में पहना सोने का मंगलसूत्र भी तोड़ लिया गया। रीता देवी का कहना है कि आरोपी पड़ोसी आए दिन उसे परेशान करते हैं और घर से निकलने का रास्ता तक बाधित कर देते हैं, जिससे रोज विवाद की स्थिति बनी रहती है। पीड़िता ने बताया कि घटना की सूचना थाना एलाऊ में दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसी दिन दोपहर में एक और विवाद हुआ, जब उसके देवर के घर पर शौचालय का टैंक बन रहा था। आरोप है कि विरोधी पक्ष ने गाली-गलौज के साथ दोबारा हमला कर दिया और टैंक में मिट्टी डाल दी। इस दौरान जब पीड़िता के बेटे अभिषेक और देवरानी किरण ने विरोध किया, तो उन पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। पीड़िता का दावा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है, लेकिन पुलिस ने उसे देखने तक की जहमत नहीं उठाई। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए उसके बेटे और देवर का चालान कर दिया, जबकि आरोपी पक्ष को फोन आने के बाद छोड़ दिया गया। फिलहाल पीड़िता और उसका परिवार दहशत में है। आरोप है कि विरोधी पक्ष जान से मारने की धमकी दे रहा है और घर के बाहर रास्ता रोककर बैठा है, जिससे पीड़िता अपने घर तक नहीं जा पा रही है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा की तीन राज्यों में जीत का जश्न: सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता, चलाई आतिशबाजी

मैनपुरी। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों को तीन राज्यों में प्रचंड बहुमत मिलने पर मैनपुरी में जश्न का माहौल देखने को मिला। पार्टी कार्यकर्ताओं और हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने जिला मुख्यालय से लेकर शहर के विभिन्न चौराहों तक आतिशबाजी, नारेबाजी और मिठाइयां बांटकर जीत का उत्सव मनाया।
शहर के करहल रोड चौराहे पर राष्ट्रीय करणी सेवा के जिला अध्यक्ष शंकर भदौरिया के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की, नारे लगाए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। राहगीरों को भी मिठाई बांटकर जीत की बधाई दी गई। इस दौरान शंकर भदौरिया ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहा है और यह दिन पार्टी के लिए स्वर्णिम क्षण के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने इसे सनातन विचारधारा की जीत बताते हुए कहा कि जनता ने तुष्टिकरण की राजनीति को नकारा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। आगे आने वाले चुनावों में भी भाजपा नए आयाम स्थापित करेगी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2027 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी। वहीं भाजपा जिला कार्यालय पर जिला अध्यक्ष ममता राजपूत के नेतृत्व में भी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। यहां कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। पूरे कार्यालय परिसर में “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंज उठा। इस मौके पर ममता चतुर्वेदी ने भी बयान देते हुए कहा कि यह जीत देश की जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व की नीतियों पर जनता ने मुहर लगाई है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती का ही परिणाम है कि भाजपा को यह बड़ी सफलता मिली है।

May 3, 2026

दस केंद्रों पर कराई गयी नीट की परीक्षा 

मैनपुरी।  रविवार को जिले के दस केंद्रों पर नीट की परीक्षा कराई गई। कड़ी निगरानी के बीच यह परीक्षा कराई गई। परीक्षा देकर आए ज्यादातर परीक्षार्थियों ने बताया कि फिजिक्स और केमिस्ट्री के सवालों ने थोड़ा उलझाया जरूर, लेकिन बायोलॉजी के सवालों ने राहत दी। बड़ी संख्या में परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हुए।
दोपहर को परीक्षार्थी इन परीक्षा केदो पर परीक्षा देने के लिए पहुंचने लगे थे। दोपहर 2:00 बजे शुरू हुई परीक्षा से एक घंटे पहले ही परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।  परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही उनकी सघन तलाशी ली गई और परीक्षा के दौरान भी अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां व्यवस्थाओं को देखा।  परीक्षा छूटने के बाद परीक्षा देकर आए परीक्षार्थियों ने बताया कि नीट प्रश्न पत्र ज्यादा कठिन नहीं था फिर भी फिजिक्स और केमिस्ट्री के सवालों ने कुछ देर तक जरूर उलझाया। इन सवालों को आसानी से हल नहीं किया जा सकता। जिन परीक्षार्थियों ने अच्छे से तैयारी की है वही इन सवालों को हल कर पाएंगे।  बायोलॉजी के सवाल कठिन नहीं थे और वह आसानी से हल कर लिए गए। 3 घंटे का समय मिला था और इस समय में प्रश्न पत्र को हल करने में कोई कठिनाई नहीं आई। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थी भी परीक्षा देने देने के लिए पहुंचे। क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया की इस परीक्षा के लिए दस केंद्रों पर कुल मिलाकर  3259 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।  उन्होंने बताया कि परीक्षा में 200 पुलिसकर्मी लगाए गए थे। परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण तरीके से कराई गई।

डीएम ने फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे भूमि अधिग्रहण के संबंध में की बैठक

मैनपुरी।  जिलाधिकारी डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि अधिग्रहण के संबंध में यूपीडा, तहसील भोगांव, किशनी के उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों, क्षेत्रीय लेखपालों, राजस्व निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक में असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि अधिग्रहण की प्रगति काफी निराशाजनक है, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं जिन ग्रामों में एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि अधिग्रहण की जानी है, उन ग्रामों के लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र के किसानों से संवाद कर बैनामों की प्रगति सुधारें, यदि कहीं कोई अवरोध हो तो उप जिलाधिकारी स्वयं मौके पर जाकर किसानों से संवाद करें, अगले एक सप्ताह में अधिक से अधिक बैनामें करायें जाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की भूमि अधिग्रहण की जाए और उनके द्वारा बैनामे कर दिए जाएं तो उन्हें तत्काल सर्किल रेट के अनुसार धनराशि का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, बैनामें के उपरांत किसी भी दशा में भुगतान में विलंब न किया जाए। उन्होंने क्षेत्रीय लेखपालों से कहा कि अपने-अपने गांव के उन व्यक्तियों, जिनसे लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु भूमि क्रय की जानी है, से संवाद करें यदि उनकी कोई समस्या हो तो उसका समाधान अपने स्तर से करने के प्रयास करें, यदि आपके स्तर से समाधान संभव न हो तो उप जिलाधिकारी के संज्ञान में लाएं, यदि किसी व्यक्ति का नाम खतौनी में गलत दर्ज हैं, तो उनके नाम गांव में ही कैंप लगाकर उनसे साक्ष्य प्राप्त कर तत्काल ठीक कराए जाएं ताकि बैनामा करते समय किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
           उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि तहसील किशनी के 15 ग्रामों में 217 हेक्टेयर भूमि क्रय की जानी है, जिसके सापेक्ष अब तक मात्र 62 हेक्टेयर भूमि के ही बैनामें लिंक एक्सप्रेस-वे हेतु किए गए हैं, तहसील भोगांव के 12 ग्रामों में कुल 141 हेक्टेयर भूमि के सापेक्ष मात्र 47 हेक्टेयर भूमि के ही बैनामें हुए है, तहसील भोगांव में प्रगति बेहद खराब है। तहसील भोगांव के ग्राम छबीलेपुर, कमालपुर महमूदिया, अकबरपुर बिकु, रामनगरिया, चनेपुर, मुडई, वहदीनपुर, पटना टिलुआ, दुर्जनपुर, हुसैनपुर, हाजीपुर वरान, घूसमपुर में एवं तहसील किशनी के ग्राम धमियापुर, तरिहा, ख्वाजापुर, शिवसिंहपुर, बहरामऊ, अहमलपुर, टोडरपुर, नगला कले, नगला गवे, नगला पाण्डे, कैथपुर, रठेह, सींगपुर, नगला बले, महोली शमशेरगंज में भूमि क्रय की जानी है, सम्बन्धित उप जिलाधिकारी लीडरशिप देकर बैनामों की प्रगति में सुधार लायें। इस दौरान अपर जिला अधिकारी श्याम लता आनंद, उप जिलाधिकारी किशनी, भोगांव गोपाल शर्मा, नीरज कुमार द्विवेदी, सहायक महा निबन्धक स्टाम्प पवित्र कुमार, एलबीसी वीरेश पाठक सहित सम्बन्धित ग्रामों के लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, सूचना विभाग से अब्दुल जहीन आदि उपस्थित रहे।

May 2, 2026

मथुरा जेल में बंद रिटायर्ड फौजी की मौत, हार्ट अटैक की आशंका से मचा हड़कंप

मथुरा। जिला कारागार में बंद एक रिटायर्ड फौजी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कुशलपाल पाल के रूप में हुई है, जो थाना नौहझील क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुशलपाल पाल की मौत हार्ट अटैक से होना बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। बताया जा रहा है कि मृतक पिछले करीब चार महीनों से हत्या के प्रयास के मामले में मथुरा जेल में बंद था। उसके खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
जेल प्रशासन के मुताबिक, अचानक तबीयत बिगड़ने पर बंदी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जेल प्रशासन का कहना है कि बंदी की तबीयत अचानक खराब हुई थी, जिसके चलते यह घटना हुई। परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
« Newer PostsOlder Posts »