हाथरस, 11 जनवरी 2026 (उप्रससे)। युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मीडिया कोऑर्डिनेटर बी.के. दिनेश ने युवाओं से पवित्र ब्रह्मचारी जीवन की प्रेरणा स्वामी विवेकानंद से लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के उत्थान के लिए युवाओं की ऊर्जा को सबसे बड़ा आधार बताया था और कहा था कि यदि उन्हें 100 ऊर्जावान ब्रह्मचारी युवा मिल जाएं तो वे भारत का चेहरा बदल सकते हैं।
बी.के. दिनेश ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में एक ओर भक्ति और पूजा-पाठ बढ़ा है, वहीं दूसरी ओर काम विकार का प्रभाव भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे समाज और युवा वर्ग अपनी ऊर्जा खो रहा है। उन्होंने कहा कि असली शक्ति और मर्दानगी काम वासनाओं में नहीं, बल्कि संयम, चरित्र और राष्ट्र सेवा में है। युवाओं को अपनी शक्ति को आध्यात्मिक, सामाजिक और राष्ट्रीय निर्माण में लगाना चाहिए।
उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रह्मचर्य को लेकर सृष्टि के संचालन की चिंता करना मनुष्य की कमजोरी को दर्शाता है। वेदों में वर्णित ब्रह्मचर्य को ओज, तेज और बुद्धि का आधार बताया गया है। उन्होंने कहा कि सभी से आजीवन ब्रह्मचर्य की अपेक्षा नहीं की जा सकती, लेकिन संयमित जीवन अपनाकर युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा दे सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत भ्रमण के दौरान स्वामी विवेकानंद के शिष्य हाथरस के सहायक स्टेशन मास्टर शरत चंद्र गुप्त थे, जो बाद में संन्यास लेकर स्वामी सदानंद कहलाए। इस ऐतिहासिक घटना का उल्लेख हाथरस सिटी स्टेशन पर लगे शिलालेख में था, जो स्टेशन के जीर्णोद्धार के दौरान लापरवाही से हट गया और आज वह स्मृति लुप्त हो चुकी है।
बी.के. दिनेश ने कहा कि स्वामी विवेकानंद को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब भारत का युवा अपनी ऊर्जा को राष्ट्र को आध्यात्मिक, सामाजिक और भौतिक रूप से सशक्त बनाने में लगाए।
हाथरस, 11 जनवरी 2026 (उप्रससे)। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाप्रभारी मेंबर सिंह के नेतृत्व में घंटाघर पर एकत्र होकर बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं पर भाजपा सरकार की चुप्पी और बांग्लादेसी हिंदुओं की रक्षा करने में विफल केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश से जो डर जाए, वो सरकार निकम्मी है और पुकारती पुकारती मां भारती, खून से तिलक करो गोलियों से आरती जैसे नारे लगाए।प्रदर्शन में विनीता माथुर, के.के. वर्मा (महासचिव), पूर्व जिला महासचिव नीरज कुमार, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रहमत अली, छात्र विंग अध्यक्ष देवेन्द्र चौधरी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ महासचिव राकेश गौतम, कार्यालय सचिव रमेश चन्द्र, छात्र विंग सचिव करण कश्यप, गौतम सिंह, राजेंद्र राना, पुनीत गुप्ता, अजय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महासचिव द्वारा सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में मौजूद संस्कार भारती के सदस्य
हाथरस, 11 जनवरी 2026 (उप्रससे)। । विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर संस्कार भारती द्वारा रुई की मंडी में एक विशेष साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार गोपाल शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि डॉ जितेंद्र शर्मा रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांतीय संरक्षक आशुकवि अनिल बौहरे ने हिंदी के वैश्विक महत्व और उसकी निरंतर बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए हिंदी को जन-जन की भाषा बनाने पर जोर दिया।
वरिष्ठ साहित्यकार श्याम बाबू चिंतन ने कहा कि हिंदी हिंद की पताका है, जो संविधान के विधान से विश्वगुरु बनने की क्षमता रखती है। जिलाध्यक्ष चेतन उपाध्याय ने हिंदी को भारतीय संस्कृति की मिठास से जुड़ी भाषा बताया। सुखप्रीत सिंह सुखी ने कहा कि पर्ण की किस्मत कंद हो जाना नहीं होती, वहीं डॉ सुनीता उपाध्याय ने हिंदी की समन्वयकारी शक्ति पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में जीवन लाल शर्मा, चौ जयवीर सिंह, सोनाली वार्ष्णेय, अनु विमल, हेमेंद्र कुमार सहित अन्य साहित्यकारों ने भी हिंदी के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में महामंत्री एआर शर्मा ने सभी उपस्थित साहित्यकारों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष चेतन उपाध्याय द्वारा किया गया।