Web News

www.upwebnews.com

उत्तराखंड मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

February 2, 2026

उत्तराखंड मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

नूरपुर पंजनहेड़ी मामले में आरोपी अतुल चौहान की पत्नी ने मुख्यमंत्री से लगायी निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार
सरकारी भूमि को खुर्द बुर्द होने से बचाने की लड़ाई को कमजोर करने के लिए रचा गया षड़यंत्र-दीपशिखा चौहान
हरिद्वार, 2 फरवरी। नूरपुर पंजनहेड़ी में भूमि पैमाईश के दौरान भाजपा नेताओं के दो गुटों में खूनी हुए संघर्ष मामले में गोलीकांड के आरोपित अतुल चौहान की पत्नी दीपशिखा चौहान ने पूरे मामले में पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगायी है। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि यह मामला सिर्फ मारपीट का नही बल्कि कई सौ करोड़ की सरकारी भूमि को खुर्दबुर्द किये जाने का है। जिसे बचाने की लड़ाई उनके पति अतुल चौहान लड़ रहे है। उन्होंने कहा कि उनके पति द्वारा समाज सेवा, बाग-कृषि भूमि तथा सरकारी भूमि बचाने की लड़ाई को कमजोर करने की नीयत से यह सोचा समझा षडयंत्र किया गया है। दीपशिखा चौहान ने बताया कि उनके पति अतुल चौहान द्वारा ग्राम नूरपुर पंजनहेडी में बागो की अवैध कटाई एवं बड़े पैमाने पर हो रही कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग के संबंध में काफी समय से प्रशासन एवं हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण में शिकायत की जा रही थी तथा उच्च न्यायालय में जनहित याचिका भी दायर की थी। जिस कारण जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान व सचिन चौहान पुत्र उदेश चौहान आदि मेरे पति अतुल चौहान से रंजिश रखने लगे थे। अतुल चौहान को जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थी। जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई थी तथा अपनी सुरक्षा के लिए उच्च न्यायालय नैनीताल में याचिका दायर की थी। जिस पर उच्च न्यायालय ने 16 अक्टूबर 2024 को अतुल चौहान को सुरक्षा दिए जाने के आदेश पारित किए गए थे। अतुल चौहान की शिकायत पर 28 जनवरी को खसरा नंबर 154 और 158 ग्राम नूरपुर पंजनहेडी पर हो रही अवैध प्लाटिंग पर उपाध्यक्ष हरिद्वार- रुड़की विकास प्राधिकरण के आदेश पर प्रशासन द्वारा जमीन की पैमाईश की जानी थी। इसके लिए तहसीलदार एवं लेखपाल द्वारा अतुल चौहान को मौके पर बुलाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर अतुल चौहान अपने भतीजे तरुण चौहान के साथ कार से मौके पर पहुंचे तो वहां पहले से ही मौजूद अमित चौहान, सचिन चौहान पुत्रगण उदेश चौहान, कृष्णपाल उर्फ नानू पुत्र सीताराम , शोभित चौहान पुत्र कृष्णपाल, सहदेव निवासी नूरपुर पंजनहेडी एवं करीब 5 – 6 अज्ञात लोग ने अतुल चौहान व तरुण चौहान को देखते ही गाली-गलौच करते हुए उन पर जान से मारने की नियत से लाठी-डंडों से हमला कर दिया तथा पीछे से छिपकर कई फायर भी किये। बचाव में अतुल चौहान ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवा व नीचे सड़क पर फायर किए तथा अपनी जान बचाते हुए वहां से वापस आ गए और कनखल थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी देते हुए अपनी पिस्टल भी जमा करा दी। इसके बाद षड्यंत्र के तहत अपने रसूख का गलत फायदा उठाते हुए अमित चौहान ने अपने भाई व एक अन्य को गोली लगने का हल्ला मचा दिया और अस्पताल आ गए। दीपशिखा ने बताया कि जिस सचिन चौहान को पेट मे गोली लगने की बात प्रचारित की जा रही है। वीडियो में वह ठीक-ठाक स्थिति में गाड़ी से उतरते हुए दिख रहा है, आराम से घूम रहा है और फोन पर बात भी कर रहा है। जिसकी सभी वीडियो फुटेज उनके पास सुरक्षित हैं। दीपशिक्षा ने कहा कि उनके पति ने किसी को भी गोली नही मारी। उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए जमीन की तरफ फायरिंग की थी। दीपशिखा ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस उनके घर आयी और महिलाओं व बच्चों से गाली-गलौच करते हुए उनके नाबालिग बेटे, जिसका घटना से कोई लेना देना नहीं है, को जबरन उठा कर ले गयी तथा चौकी में ले जाकर उसे बुरी तरह से पीटा गया। बेटे की मेडिकल रिपोर्ट में पिटायी किए जाने की बात सामने आयी है। जिसकी शिकायत सभी जगह की गई है। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। दीपशिखा ने कहा कि उनका बेटा आर्चरी का राष्ट्रीय स्तरीय का खिलाड़ी है और कई बार राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीत चुका है। पिटायी के बाद से वह गहरे सदम में है और ठीक से सो भी नहीं पा रहा है। दीपशिखा ने आरोप लगाया कि बेटे को उठाने आयी पुलिस के साथ सादे कपड़ों में कोई पेशेवर अपराधी प्रशांत शर्मा भी था। वीडियो में पुलिस के साथ कार्यवाही में वह साथ दिख रहा है।
दीप शिखा चौहान ने बताया कि उनकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अमित चौहान, उसके भाई सचिन चौहान सहित 6-7 लोगो पर मुकदमा तो दर्ज कर दिया है। लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नही हुई। आरोपी गांव में दहशत बनाये घुम रहे है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी अमित चौहान, सचिन चौहान सहित सभी आरोपियों की तुरन्त गिरफ्तारी हो, साथ ही उनके नाबालिक बेटे को घर से जबरन उठाने वाले तथा उसके साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कठोर कार्यवाही की जाए।

January 30, 2026

हरिद्वार में बीवी जी राम जी सम्मेलन

Posted on 30.01.2026, Friday Time: 02:14 PM, By Ramchandra Kannojia, UP Web News, Haridwar 
हरिद्वार, 30 जनवरी 2026, रानीपुर विधानसभा के नवोदय नगर मंडल में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार ग्रामीण मिशन (वी बी जी राम जी ) के जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया।
जिला सम्मेलन का उद्घाटन मंच पर आसीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने संबोधित करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) विधेयक संसद में पारित हुआ है। यह विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।इस विधेयक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जनता तक पहुंचें। इसके लिए सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। जिससे कि इसके अंतर्गत आने वाली जानकारी जनता को दी जा सके। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत के सदस्य इस योजना के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण नियमों को अवश्य जाने जिससे कि लोग लाभान्वित हो सके। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर योजना में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं। जिससे कि मजदूरों को सुनिश्चित रोजगार मिल सके। और उनकी आजीविका में बढ़ोतरी की जा सके। उन्होंने बताया कि इस योजना में 125 दिन रोजगार की गारंटी दी गई है। और मजदूरों का वेतन साप्ताहिक दिया जाएगा।
इसमें मजदूरी का पैसा सीधे उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से डाला जाएगा।
और इसके अंतर्गत पर्यावरण, कृषि, आपदा प्रबंधन, डेयरी विभाग, पशुपालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को जोड़ा गया है। हमारी सरकार किसान, मजदूर, गरीबों ,पिछड़ों ,अनुसूचित और अल्पसंख्यक सभी का जीवन स्तर बढ़ाना चाहती है। इसके लिए हमारी सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के द्वारा भ्रम फैला कर इस महत्वपूर्ण योजना का विरोध किया जा रहा है। हम सबका यह कर्तव्य है कि हम विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ से पर्दा उठाकर जनता को सच बताएं।
जिलाअध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार योजना के द्वारा युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जाएंगे। और देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाया जाएगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए ईपीएफओ पर पंजीकरण करना होगा। इससे रोजगार के नए अवसर प्रदान करने के साथ-साथ इसमें काम करने वाले लोगों की आय में बढ़ोतरी होगी और रोजगार के नए अवसर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर आधारित विचारधारा को लेकर चल रहे हैं। जिससे आमजन लाभान्वित हो रहा है। हम सब का यह दायित्व है कि महत्वपूर्ण योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं और उनके लाभ के बारे में बताएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने का है। उसमें यह योजना मील का पत्थर साबित होने जा रही है। इस अवसर पर हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि हमारी केंद्र और राज्य की सरकारी आम जन के लिए काम कर रही है। और बिना किसी भेदभाव के सभी को समान अवसर दिए जा रहे हैं। कांग्रेस के लोग इससे बौखलाए हुए हैं। और उनके पास कोई भी मुद्दा नहीं है। मुद्दा न होने पर यह लोग सरकार की योजनाओं को जनता के समक्ष गलत रूप में पेश कर रहे हैं। जनता सब जानती है और आने वाले चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखा कर जवाब देगी। इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने बताया कि उत्तराखंड कि भाजपा सरकार पुष्कर सिंह धामी का नेतृत्व में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। और उत्तराखंड राज्य प्रगति की ओर अग्रसर है। हमारी सरकार हर चुनौती का डटकर सामना कर रही है। और आमजन सरकार के साथ है।
इस अवसर पर हरिद्वार महापौर किरण जैसल, जिला सह प्रभारी दीपक धमीजा ,राज्य मंत्री डॉ जयपाल सिंह चौहान , संदीप गोयल,महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रीता चमोली,प्रदेश सह मीडिया संयोजक विकास तिवारी,जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट ,संजीव चौधरी, कार्यक्रम संयोजक तरुण नैय्यर,जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा , आशु चौधरी संदीप अग्रवाल निपेंद्र चौधरी, सीमा चौहान, रिशु चौहान, जसवीर बसेड़ा ,तेलूराम प्रधान, प्रीति गुप्ता एजाज हसन , सोहनवीर पाल विजय चौहान, धर्मेंद्र चौहान अरविंद कुशवाहा, मनोज शर्मा ,बिंदरपाल ,चीनू चौधरी अंशु कुमार ,लोकेश पाल ,देवकीनंदन पुरोहित ,सहित प्रदेश व जिला पदाधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, बी डी सी सदस्य, ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

January 29, 2026

Haridwar: श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का रजत जयंती समारोह आयोजित

आज के दौर में पत्रकारिता बड़ी जिम्मेदारी-अरूण शर्मा
समाज को सही दिशा देने में पत्रकारों की बड़ी भूमिका-आदेश चौहान
पत्रकार समाज का आईना हैं-किरण जैसल

Published on 29.01.2026, Thursday, 09:51 PM, Report by Ramchandra Kannojia, Haridwar, UP Samachar Sewa
हरिद्वार, 29 जनवरी (उत्तर प्रदेश समाचार सेवा)। उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का रजत जयंती समारोह आयोजित किया गया। प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पत्रकार यूनियन के रजत जयंती समारोह में पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और भविष्य की दिशा पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां शारदा की स्तुति के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कथावाचक रविदेव शास्त्री ने की। मुख्य अतिथि के रूप में रानीपुर विधायक आदेश चौहान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रजनीकांत शुक्ला ने किया। जिलाध्यक्ष संजय आर्य ने यूनियन के गठन से लेकर वर्तमान तक की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने सदैव जमीनी स्तर पर काम करने वाले पत्रकारों की आवाज़ को बुलंद किया है। कार्यक्रम संयोजक डा.हिमांशु द्विवेदी ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों और गणमान्य नागरिकों का पटका पहनाकर स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने यूनियन के 25 वर्षों के संघर्ष, उपलब्धियों और पत्रकार हितों के लिए किए गए आंदोलनों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता एक बड़ी जिम्मेदारी है। जिसमें सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक प्रतिबद्धता सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे मानकों और मर्यादाओं का पालन करते हुए निर्भीक और ईमानदार पत्रकारिता करें। उन्होंने बताया कि यूनियन लगातार पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए संघर्षरत है। मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को दिशा देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विधायक आदेश चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हो पाया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की। मेयर किरण जैसल ने समारोह में उपस्थित पत्रकारों को रजत जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार समाज का आईना हैं और उनकी लेखनी समाज को जागरूक करने का कार्य करती है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी एवं प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु शंकर करौरी महादेव ने ऑडियो संदेश के माध्यम से यूनियन को 25 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं और पत्रकारों की भूमिका की सराहना की। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समारोह पत्रकारिता के मूल्यों को सशक्त करने वाला रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्वामी रविदेव शास्त्री ने कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां हैं। लेकिन श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने सदैव सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी है। इस अवसर पर जगदीश लाल पाहवा, डा.विशाल गर्ग, विजयपाल बघेल ग्रीन मैन, नितिन गौतम, लोकेंद्र अंतवाल, विजयपाल सिंह, प्रेस क्लब महामंत्री दीपक मिश्रा सहित शहर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं डा.हिमांशु द्विवेदी, अमित कुमार गुप्ता, मनोज कुमार खन्ना, राजकुमार पाल, संजय शर्मा, गगनदीप गोस्वामी, सुनील दत्त पांडे, रामचंद्र कनौजिया, दीपक नौटियाल, सुभाष कपिल, रोहित सिखोला, मनोज रावत, लव शर्मा, महेश पारिक, ऋषि सचदेवा, विपिन शर्मा, संदीप गोयल, संजय संतोषी, संजय रावल, जगदीश प्रेमी, अनिरुद्ध भाटी, संजय चौहान, सुनील शेट्टी, नरेंद्र ढीला, गौरव चक्रपाणि, देशप्रेमी, रामकुमार शर्मा, देवेश शर्मा, सुमित तिवारी, कुलदीप अग्रवाल, आशु शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

January 24, 2026

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद प्रकरण में कांग्रेस नेताओं ने आक्रोश जताया

हरिद्वार। प्रयागराज में हिन्दुओं के राजा ज्योतिष पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी के कनखल स्थित आश्रम में पहुंचकर उनके शिष्य कमलेश पांडेय जी से मिलकर उत्तरप्रदेश की योगी और केंद्र सरकार की मोदी सरकार के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि माघ मेले में शंकराचार्य जी और उनके शिष्यों के साथ उत्तर प्रदेश सरकार की पुलिस और प्रशासन द्वारा की गई अभद्रता हिंदुओं की आस्था पर चोट करना है। ये शंकराचार्य जी का अपमान नहीं बल्कि देश के करोड़ों हिंदुओं का अपमान है और हिन्दू धर्म इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। युवा नेता अखिल शर्मा त्यागी और मनोज जाटव ने कहा कि मुगलशासको के समय ब्राह्मणों को अपने जनेऊ की रक्षा करनी पड़ती थी।
आज खुद को सनातनी सरकार कहने वाली सरकार से ब्राह्मणों को अपनी शिखा की रक्षा करनी पड़ेगी। हिंदुओं और भगवान राम के नाम पर सत्ता में आई सरकार अब राम के नाम पर राजनीतिक व्यापार और सत्ता के मद में चूर हिंदुओं के राजा के अपमान करने से भी नहीं डर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें हिंदुओं के खिलाफ ही कार्य कर रही है, उन्हें सिर्फ हिन्दू धर्म में आस्था के हिंदुओं का वोट चाहिए। शंकराचार्य जी के शिष्य कमलेश पांडेय जी ने बताया कि योगी सरकार को शंकराचार्य जी के अपमान की कीमत चुकानी पड़ेगी। अब पूरा हिंदू समाज शंकराचार्य जी के समर्थन में उतर आया है और उन्होंने योगी सरकार के ख़िलाफ़ बिगुल बजा दिया है। योगी सरकार द्वारा शंकराचार्य जी को लगातार मिल रहे नोटिस से स्पष्ट है कि भाजपा सरकार हिन्दू विरोधी ही नहीं हिंदुओं के भी अपमान करने से नहीं बाज नहीं आ रही है।

January 13, 2026

हरिद्वार में विवेकानंद जयंती पर स्वदेशी संकल्प दौड़

हरिद्वार। ग्रामीण विधानसभा के फेरूपुर रामखेड़ा के डिग्री कॉलेज में स्वामी विवेकानंद की 164वीं जयंती के अवसर पर स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया संकल्प दौड़ का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा जिला ,उपाध्यक्ष लव शर्मा, जगपाल सैनी ,धर्मेंद्र चौहान और विक्रम भुल्लर ने झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा स्वामी विवेकानंद ने कहा कि उठो जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। ऐसे महान व्यक्तित्व की जन्म जयंती के अवसर पर हम सब युवाओं को संकल्प लेना है कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मस्तक ऊंचा किया है। उनकी शिक्षाएं युवाओं को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है। युवाओं के कंधों पर इस देश का भविष्य टिका है उन्हें मानसिक रूप से मजबूत होकर देश सेवा में लगना चाहिए।
इस अवसर पर युवा मोर्चा प्रभारी लव शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अमेरिका स्थित शिकागो में सन 1893 आयोजित विश्व धर्म संसद में भारत की ओर से सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने रामकृष्ण मिशन की स्थापना की थी जो आज भी देश सेवा में लगा हुआ है। स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ था बचपन में उन्हें नरेंद्र नाथ के नाम से जानते थे। आज उनकी जयंती को मनाने का मकसद नौजवान उनके प्रेरणादायक विचारों और आदर्शों से परिचित हो और उनके बताएं मार्ग पर चलें।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष किसान मोर्चा जगपाल सैनी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी सभी युवाओं को शिक्षा और खेल से जुड़कर देश सेवा करनी चाहिए उन्हें नशा और बुराइयों से बचना चाहिए। आज हमारे देश में सबसे ज्यादा युवा है। युवा हमारे देश की पूंजी है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र चौहान,किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जगपाल सैनी , प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुललर, प्रदेश मंत्री तरुण चौहानजिला महामंत्री दीपांशु शर्मा,कार्यक्रम संयोजक सचिन चौहान,सहसंयोजक चीनू नितीश चौधरी,जिला मंत्री लेखराज, प्रियांशु गोयल ,मंडल अध्यक्ष विवेक चौहान,रीनू चौधरी,मोहित चौहान,श्रवण चौहान दीपक सैनी जी, आदर्श कश्यप,सचिन आर्य, राहुल चौहान,विनीत प्रताप सिंह,राजु पाल,बीरसिंह कश्यप सैकड़ो युवा सम्मिलित हुए।

« Newer PostsOlder Posts »