Web News

www.upwebnews.com

घबराइए मत, बच्चे के इलाज में नहीं आने देंगे कोई बाधा: मुख्यमंत्री

April 16, 2026

घबराइए मत, बच्चे के इलाज में नहीं आने देंगे कोई बाधा: मुख्यमंत्री

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
16/04/2026

जनता दर्शन में श्रावस्ती से आई महिला को सीएम योगी ने दिया भरोसा, कहा- आयुष्मान कार्ड बनवाएंगे, विवेकाधीन कोष से भी होगी मदद

200 लोगों की समस्याएं सुनीं सीएम योगी ने, समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

गोरखपुर, 16 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान श्रावस्ती से आई एक महिला ने गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चे के इलाज में मदद का अनुरोध किया। साथ में आए बच्चे को देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए।

मुख्यमंत्री ने महिला से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा। जब महिला ने बताया कि उसका कार्ड नहीं बना है, मुख्यमंत्री ने कहा- घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे। आयुष्मान कार्ड बनवाएंगे और विवेकाधीन कोष से भी बच्चे के इलाज में आर्थिक सहायता देंगे। महिला का प्रार्थना पत्र लेकर उन्होंने मौके पर मौजूद अफसरों को इस निर्देश के साथ हस्तगत किया कि इसे श्रावस्ती के जिलाधिकारी को भेजकर आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए। साथ ही डीएम के जरिये इलाज का इस्टीमेट भी शासन को उपलब्ध कराया जाए।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी करीब 200 लोगों से मिले। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना। इत्मीनान से बात सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए। पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए। अलग-अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषप्रद होना चाहिए।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं। उन्होंने उनसे मिलने आए लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, घबराइए मत। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी। अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर आई थीं। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को दुलारा और चॉकलेट के साथ आशीर्वाद दिया।

April 15, 2026

अपराध नियंत्रण को लेकर डीजी रेलवे ने गोरखपुर में की बैठक

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
15/04/2026

पथराव की घटनाओ को रोकने के दिए कड़े निर्देश

गोरखपुर : पुलिस महानिदेशक जीआरपी प्रकाश डी बुधवार को गोरखपुर पहुचे,इस दौरान उन्होंने जीआरपी पुलिस लाइन के सभागार में अपराध समीक्षा हेतु,अनुभाग गोरखपुर के सभी पुलिस अधिकारियों थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी के साथ बैठक किया।मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि एसपी रेलवे गोरखपुर,पुलिस उपाधीक्षक गोरखपुर व बलिया और अनुभाग के समस्त थानाध्यक्ष,चौकी प्रभारियों के साथ रेल यात्रियों की सुरक्षा,रेल यात्रियों के सामान की सुरक्षा,पटरी की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा किया गया।समीक्षा में यह पाया गया है कि रेलवे अनुभाग गोरखपुर में रेलवे संबंधित अपराध नियंत्रण में है।हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती ट्रेनों में पथराव की घटनाओं को रोकना और उसमें तत्काल कारवाई करना है।इसके अलावा रेलवे ट्रैक्ट पर कही कोई अनुचित सामान पाया जाता है।तो उस प्रकार की घटनाओं को रोकना हैं।इसको लेकर आरपीएफ अधिकारियों व रेलवे एनईआर गोरखपुर ऑफिसर के साथ मेरी बैठक होगी।मैं आपके जरिए जनता के सहयोग में चाहता हूँ।की यदि किसी प्रकार का कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे,तो अपने निकटतम थाना चौकी या हमारे वर्दीधारी किसी व्यक्ति को आप तत्काल सूचना दें,कोई भी लावारिश वस्तु पाये जाने पर उसको ना छुयें और पुलिस को सूचित करें,अपने बच्चों को अकेला न छोड़ें और अपराध नियंत्रण में हमें सहयोग प्रदान करें।पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में रेल मित्र के जरिये जनता के बीच जाकर हमारे कर्मचारियों द्वारा उनका सहयोग लेने कार्यक्रम शुरू किया गया है।और मुझे उम्मीद है।की हमारे जवान सतर्क रहकर और जनता के साथ अच्छा व्यवहार व तालमेल बनाकर काम करेंगे,तो रेल सम्बंधित घटनाओं में कमी जरूर आएगी।महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा मिशन शक्ति का पांचवा संस्करण पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है,जिसमें राजकीय रेलवे पुलिस भी शामिल हैं।

टाटा संस के चेयरमैन ने सीएम योगी के साथ किया गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
15/04/2026, Gorakhpur News

मंदिर परिसर का भ्रमण कराकर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एन. चंद्रशेखरन को दी नाथपंथ और इसके महान संतों के बारे में विस्तार से जानकारी

After visiting the temple complex, Gorakshapithadhishwar and Chief Minister Yogi Adityanath gave a detailed account of Nathpanth and its great saints to N. Chandrasekaran

गोरखपुर, 15 अप्रैल (उप्र समाचार सेवा) टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गुरु गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन किया। गोरखनाथ मंदिर आगमन पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दर्शन-पूजन कराने के बाद उन्हें मंदिर परिसर का भ्रमण कराया और नाथपंथ तथा इसके महान संतो के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में स्थापित पूर्वी उत्तर प्रदेश के पहले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लोकार्पण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने गोरखपुर आए टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन बुधवार दोपहर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से पूजन किया। मंदिर में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने उन्हें शिवगोरक्ष नामाकृत अंगवस्त्र और मंदिर का प्रसाद भेंट किया।

गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन करने के बाद टाटा संस के चेयरमैन ने सीएम योगी के साथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नाथपंथ के इतिहास, विस्तार-प्रसार, इस पंथ के प्रवर्तक महायोगी गुरु गोरखनाथ के जीवन दर्शन और नाथपंथ के प्रसिद्ध संतों के बारे में बताया। मंदिर परिसर का भ्रमण करने के बाद एन. चंद्रशेखरन गोरक्षपीठ की तरफ से आयोजित दोपहर भोज में भी शामिल हुए।

April 13, 2026

रेती में पार्किंग को लेकर भड़का विवाद, दो पक्षों में जमकर चले ईंट-पत्थर

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
13/04/2026

कोतवाली क्षेत्र में हिंसक झड़प से मची अफरा-तफरी, कई घायल—पुलिस जांच में जुटी

गोरखपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के रेती इलाके में रविवार को वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई और जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इस अचानक हुई हिंसा से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेती क्षेत्र में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन मामला जल्द ही मारपीट और फिर ईंट-पत्थरबाजी तक पहुंच गया। दोनों ओर से एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया गया, जिससे कई लोग चोटिल हो गए।
इस घटना में संदीप टेबरीवाल पक्ष के करीब पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष के भी कई लोगों को चोटें आई हैं। पथराव के दौरान आसपास खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
संदीप टेबरीवाल पक्ष की ओर से कोतवाली थाने में लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस दूसरे पक्ष से भी तहरीर लेकर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बढ़ा दी है ताकि दोबारा कोई तनाव की स्थिति न बने। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेती क्षेत्र में अक्सर पार्किंग को लेकर विवाद होते रहते हैं, जिस पर प्रशासन को स्थायी समाधान निकालने की आवश्यकता है।

डीआईजी एस. चन्नप्पा का खोराबार व खजनी थानों का वार्षिक निरीक्षण

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
13/04/2026

रजिस्टरों की जांच, मालखाना व परिसर की व्यवस्था पर दिया जोर, चौकीदारों को किया सम्मानित

गोरखपुर। पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से गोरखपुर रेंज के डीआईजी एस. चन्नप्पा ने सोमवार को थाना खोराबार व थाना खजनी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थानों में रखे जनसुनवाई रजिस्टर, महिला अपराध रजिस्टर, अपराध रजिस्टर संख्या-04 सहित अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। साथ ही थाना मालखाना का निरीक्षण करते हुए वहां रखे शस्त्र, कारतूस, माल मुकदमाती वाहन एवं अन्य सामान की स्थिति का जायजा लिया।
डीआईजी ने पूरे थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने में जब्त वाहनों का बेहतर रख-रखाव किया जाए और सभी अभिलेख अद्यावधिक एवं व्यवस्थित तरीके से संधारित किए जाएं।
इस दौरान मिशन शक्ति टीम से भी संवाद कर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों का टर्नआउट चेक किया गया तथा बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। ड्यूटी के निर्वहन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाने पर उपस्थित चौकीदारों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने थाने पर आए फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर निरीक्षक व उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित कर विवेचनाओं की समीक्षा भी की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश पुरी, क्षेत्राधिकारी कैण्ट अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी खजनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

« Newer PostsOlder Posts »