Web News

www.upwebnews.com

एटा में ऑटो-ट्रैक्टर भिड़ंत में मासूम समेत 6 लोग घायल, जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती

February 24, 2026

एटा में ऑटो-ट्रैक्टर भिड़ंत में मासूम समेत 6 लोग घायल, जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती

एटा 24 फरवरी उप्रससे। जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र में अखतोली गांव के पास एक ऑटो और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक मासूम समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।

घायलों अभिषेक ने बताया कि वह अपनी बहन अंजलि और पड़ोस की महिला सुमन पत्नी बृजेश कुमार के साथ ऑटो में सवार था। ऑटो में कुल आधा दर्जन से अधिक लोग सवार थे, जो अखतोली गांव के पास ट्रैक्टर से टकरा गया। जिसमें अभिषेक पुत्र बृजेश, निवासी ओढ़नी, सुनीता पत्नी सुमित, महक पुत्री सुमित, ज्ञान सिंह पुत्र साहब सिंह, नित्या पुत्री सुमित, सरोज देवी पत्नी बृजेश और अंजलि पुत्री बृजेश घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मिरहची पुलिस ने तत्काल घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां घायलों का उपचार जारी है।

मिरहची थाना प्रभारी नीतू वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

एटा में मोर को पकाते समय युवक को किया गिरफ्तार, वन विभाग ने दर्ज कराई रिपोर्ट

एटा 24 फरवरी उप्रससे। जनपद में नया गांव थाना क्षेत्र के नगला चंदी गांव में वन्य कर्मियों ने पुलिस की मदद से एक युवक को राष्ट्रीय पक्षी मोर पकाते हुए रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के खिलाफ भारतीय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।

वन विभाग की टीम को मौके से खून से सना चाकू, मोर के जले हुए पंख और एक बर्तन में पकते हुए मोर के अंग मिले। यह बरामदगी आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत मानी जा रही है। वन कर्मियों को मोर पकाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी चरण सिंह उर्फ गोलू पुत्र सरमन निवासी नगला चंदी को पकड़ा।

वन विभाग के कर्मचारी सक्षम त्रिपाठी, वन रक्षक सचिन कुमार, न्यूनतम वेतन कर्मी धर्मेंद्र कुमार, उजीर सिंह और समर पाल ने नया गांव थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि आरोपी पर मोर पकाने का आरोप है और एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

February 23, 2026

एटा में मलावन केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट नेहाईस्कूल इंग्लिश पेपर में पकड़े दो ‘मुन्ना भाई’ पकड़े,

दूसरे के स्थान पर दे रहे थे परीक्षा

एटा 23 फरवरी उप्रससे। जिले के मलावन थाना क्षेत्र में स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने सघन चेकिंग के दौरान हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा दे रहे दो ‘मुन्ना भाई’ पकड़े। ये दोनों दूसरे परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दे रहे थे।

मलावन स्थित आर.के.एस.एच.एस.एस. परीक्षा केंद्र पर प्रथम पाली में अंग्रेजी का पेपर चल रहा था, तभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट और तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय की टीम केंद्र का भ्रमण कर रही थी। नीरज वार्ष्णेय को दोनों पर शक हुआ, जिसके बाद पूछताछ में उन्होंने सच उगल दिया। पकड़े गए फर्जी परीक्षार्थी अंशुल पुत्र मुनेश शुभम नामक परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहा था। दूसरा फर्जी परीक्षार्थी सुबोध पुत्र संजय पवन कुमार के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।

तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय ने बताया कि दोनों ‘मुन्ना भाइयों’ के विरुद्ध नकल विरोधी अधिनियम वर्ष 2025 के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई जा रही है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

एटा में संत निरंकारी मिशन के सैकड़ों अनुयायियों ने नहर पर श्रमदान कर गंदगी और घास-फूस हटाकर की सफाई

 

एटा 23 फरवरी उप्रससे। शहर में आगरा रोड स्थित हजारा नहर पर संत निरंकारी मिशन द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। संत निरंकारी मिशन सेवादल के सैकड़ों महिला-पुरुष अनुयायियों ने श्रमदान कर नहर की सफाई की और लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत हर वर्ष नदियों और नहरों की साफ-सफाई का अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी हजारा नहर पर व्यापक सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

हाथों में झाड़ू-फावड़ा लेकर सुबह से जुटे श्रद्धालु

प्रातःकाल से ही सेवादल के सदस्य हाथों में झाड़ू, फावड़ा और खुरपी लेकर सफाई कार्य में जुट गए। अनुयायियों ने नहर के दोनों पुलों के आसपास जमा कचरा, घास-फूस और गंदगी हटाकर पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा किया। अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करते हुए बताया गया कि भारत में नदियां और नहरें आस्था से जुड़ी हैं, इसलिए इन्हें गंदा करना हमारी संस्कृति और पर्यावरण दोनों के लिए हानिकारक है। जल स्रोतों को स्वच्छ रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्थानीय लोगों से की स्वच्छता अपनाने की अपील

मिशन के सदस्यों ने एटा वासियों से अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गंदगी से बीमारियां फैलती हैं, जबकि स्वच्छ वातावरण से स्वस्थ जीवन संभव है। सेवादल पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना इसका उद्देश्य है। आने वाले समय में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर चलाए जाएंगे।

होली, रमजान और ईद को लेकर प्रशासन सतर्क

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
23/02/2026

  • पुलिस लाइन में डीएम व एसएसपी की सद्भावना समिति संग बैठक, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश*

गोरखपुर। आगामी होली, रमजान और ईद-उल-फितर के मद्देनजर गोरखपुर पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में सद्भावना समिति, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराना रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 4 मार्च को होली है और उसी दिन रमजान का पंद्रहवां रोजा भी है, जबकि 13 मार्च को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। ऐसे में संवेदनशीलता, सतर्कता और समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दें। उन्होंने निर्देश दिया कि होलिका दहन स्थलों का पूर्व सत्यापन कर लिया जाए। विशेषकर जिन स्थानों पर मस्जिदों के सामने होलिका दहन होता है, वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अफवाह या उकसावे की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने होली के जुलूसों को लेकर विशेष रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन जुलूसों में बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं, वहां पर्याप्त फोर्स, ड्रोन निगरानी और सीसीटीवी मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए। जिन जुलूसों में मुख्यमंत्री की सहभागिता रहती है, उन मार्गों का प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा पूर्व निरीक्षण किया जाए। जुलूस समाप्त होने के बाद भी कम से कम दो घंटे तक संबंधित क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहे, ताकि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अप्रिय घटना को रोका जा सके।
बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विरासत गलियों में चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। सीओ कोतवाली कार्यालय के सामने सड़क पर निकले लोहे के रॉड को तत्काल दुरुस्त कराने के लिए संबंधित विभाग को आदेशित किया गया। जिलाधिकारी ने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि शहर के भीतर जहां-जहां सड़कें टूटी हुई हैं, वहां शीघ्र पिचिंग कार्य कराया जाए और सड़क चौड़ीकरण के कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि त्योहारों के दौरान यातायात बाधित न हो।
बिजली विभाग को निर्देशित किया गया कि शहर में लटक रहे बिजली के तारों को तत्काल ठीक कराया जाए। खुले तार या झूलती केबलें दुर्घटना का कारण बन सकती हैं, इसलिए इस पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही पेयजल आपूर्ति, सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मिठाई, खोया, रंग और अअन्य खाद्य सामग्री की जांच नियमित रूप से की जाए। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया गया कि प्रमुख बाजारों, चौराहों और जुलूस मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। अस्थायी पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं और अवैध पार्किंग पर सख्ती बरती जाए।
ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए डीजे और साउंड सिस्टम निर्धारित मानक के अनुरूप कम ध्वनि स्तर पर बजाने के निर्देश दिए गए। रात्रि में निर्धारित समय सीमा के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। अलविदा की नमाज के दिन मस्जिदों के आसपास विशेष सतर्कता रखने, यातायात डायवर्जन योजना लागू करने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।
बैठक में एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, एसपी मंदिर संतोष कुमार, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह एसडीएम सहजनवा केशरी नन्दन तिवारी एसीएम प्रथम प्रशांत वर्मा एसीएम द्वितीय राजू कुमार सीओ कैंट योगेन्द सिंह ,सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सीओ गोरखनाथ रवि सिंह सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह सीओ ट्रैफिक विवेक तिवारी विभिन्न विभागों के अधिकारी और सद्भावना समिति के सदस्य उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने भी सुझाव दिए, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
अंत में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गोरखपुर की पहचान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के लिए है। सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता है कि होली, रमजान और ईद के सभी पर्व शांति, सुरक्षा और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हों।

« Newer PostsOlder Posts »