Web News

www.upwebnews.com

एटा में बच्चों से भरी स्कूली वैन खाई में पलटी

April 24, 2026

एटा में बच्चों से भरी स्कूली वैन खाई में पलटी

चीख-पुकार सुन ग्रामीणों ने बच्चों को निकाला बाहर

एटा 24 अप्रैल उप्रससे। जनपद के अलीगंज बाईपास पर शुक्रवार दोपहर के बाद स्कूली बच्चों से भरी वैन खाई में गिर गई। हादसे में आधा दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जबकि मौके पर स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। वैन में सवार 3 बच्चों को चोट आई है। वैन स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी।

वहां मौजूद लोगों ने बताया कि वैन पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। लोगों का कहना है कि यदि समय पर मदद न मिलती, तो हादसा भयंकर हो सकता था।

वैन में फंसे घायल बच्चे कराह रहे थे दर्द से

वैन में घायल बच्चे दर्द से कराह रहे थे, लेकिन मौके पर न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही कोई प्रशासनिक अधिकारी। परिजन जब तक पहुंचे, तब तक कई बच्चों को अलग-अलग लोगों द्वारा निजी और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया जा चुका था, जिससे उनकी स्थिति को लेकर भ्रम बना रहा। चौंकाने वाली बात यह रही कि पुलिस को भी घटना की सूचना समय पर नहीं मिल सकी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक चालक वैन को वहां से भगा ले गया था और घायल बच्चे भी उपचार के लिए जा चुके थे, जिससे प्रशासनिक तंत्र की सुस्ती उजागर हो गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वैन जीडी इंटरनेशनल स्कूल की थी। ऐसे में स्कूल प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या वाहन की फिटनेस, चालक की योग्यता और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि बार-बार ऐसे हादसे सामने आने के बावजूद न तो स्कूल प्रबंधन सतर्क हो रहा है और न ही प्रशासन प्रभावी कदम उठा रहा है। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। जबकि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

कस्बा इंचार्ज मनीष बालियान ने बताया कि थाना स्तर पर घटना की स्पष्ट सूचना नहीं थी और मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। उनका यह बयान भी प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।

April 23, 2026

एटा में इंटर में विशेष राजपूत बने जिला टॉपरः हासिल किया 94% अंक

प्रिया ने 469 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल की

एटा 23 अप्रैल उप्रससे। जनपद में यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही मेधावी छात्रों की उपलब्धियों ने उत्साह का माहौल बना दिया। एम.जी.एच.एम. इंटर कॉलेज, मारहरा के छात्र विशेष राजपूत ने 470 अंक (94%) प्राप्त कर जिला टॉप किया। मारहरा क्षेत्र स्थित एम.जी.एच.एम. इंटर कॉलेज के छात्र विशेष राजपूत ने 500 में से 470 अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। उनकी इस सफलता से परिवार और विद्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। विशेष ने अपनी उपलब्धि का श्रेय कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को दिया।

जनपद की मेरिट सूची में अन्य छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। आरडी इंटर कॉलेज की प्रिया राठौर ने 469 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। जबकि एसएसडी इंटर कॉलेज, किला रोड, अलीगंज की करिश्मा 468 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। एम.जी.एच.एम. इंटर कॉलेज के दीपक कुमार ने 458 अंक और ब्रह्म संत यादव ने 456 अंक प्राप्त किए। इसी कॉलेज की शालिनी राजपूत ने 454 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
454 अंक प्राप्त करने वाले अन्य छात्रों में के. आर. मनोहर सिंह इंटर कॉलेज, पुराव आसपुर की ज्योति यादव और आर.डी. इंटर कॉलेज, अलीगंज की प्रियांशी राजपूत शामिल हैं।
श्री राम बाल भारती इंटर कॉलेज के विवेक और एस.डी. इंटर कॉलेज, मोर्चा नहर के युवराज सिंह ने 453 अंक प्राप्त किए। वहीं एस.सी.एस. इंटर कॉलेज, हरचंदपुर कलां के लक्ष्मण सिंह को 452 अंक मिले, जबकि प्रियांशी चौहान ने 451 अंक और कान्हा ने 450 अंक प्राप्त किए।
परिणाम घोषित होने के बाद जिले भर में सफल विद्यार्थियों को बधाई देने का सिलसिला जारी है। शिक्षकों का कहना है कि यह सफलता छात्रों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।

April 22, 2026

एटा में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने 14 साल के किशोर का रुकवाया बाल विवाह

एटा 22 अप्रैल उप्रससे। जनपद में पिलुआ थाना क्षेत्र के दरिगपुर गांव में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की टीम ने सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर एक नाबालिग किशोर का बाल विवाह रुकवाया गया है।

किशोर को फिलहाल चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में रखा गया है। उसे जल्द ही बाल संरक्षण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके बाद किशोर को उसके परिजनों को सौंपा जाएगा, लेकिन परिजनों को किशोर के वयस्क होने तक विवाह न कराने के लिए पाबंद किया जाएगा।

दरअसल, चाइल्ड हेल्पलाइन को नाबालिग किशोर की शादी करवाए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर टीम स्थानीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने विवाह रुकवाया और किशोर का रेस्क्यू किया।

केस वर्कर सूर्यप्रताप ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर बाल विवाह रुकवाया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 टीम प्रभारी ज्योति शर्मा, परामर्शदाता सपना तोमर और केस वर्कर सूर्यप्रताप सिंह शामिल थे। थाना एचटी के उप निरीक्षक दलवीर सिंह और आरक्षी सतीश के साथ संबंधित पिलुआ पुलिस ने भी बच्चे के रेस्क्यू में मदद की।

एटा में संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में मिला शामियाना कर्मचारी का शव

एटा 22 अप्रैल उप्रससे। शहर की कोतवाली नगर क्षेत्र में रेलवे रोड स्थित अतिथि निवास के सामने नाले में 35 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतक इंद्रजीत पुत्र गुमानी निवासी जिरसमी कोतवाली देहात का शव नाले में पड़ा देख स्थानीय लोगों ने तत्काल कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए जहां उन्होंने नाले से शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंद्रजीत शामियाना टेंट कारीगरी का काम करता था और दो दिन पहले ही काम पर जाने के लिए घर से निकला था।

मृतक के भाई राहुल ने बताया कि कल शाम टेंट मालिक का फोन आया था कि इंद्रजीत की तबीयत खराब है। रात होने के कारण परिजन मौके पर नहीं जा पाए थे। सुबह गांव के लड़कों ने काम पर जाते समय शव मिलने की सूचना दी, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे।

थाना प्रभारी कोतवाली नगर प्रेमपाल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।

April 20, 2026

एटा के कस्बा मिरहची में देव प्रतिमाओं का नगर भ्रमण, मंदिर में हुईं प्राण प्रतिष्ठा

एटा 20 अप्रैल उप्रससे। जनपद में मिरहची कस्बे के जोगियान मुहल्ले में सोमवार को श्रद्धालुओं ने देव प्रतिमाओं को नगर भ्रमण कराने के बाद मंदिर में प्राण प्रतिष्ठित किया। यह कार्यक्रम मुहल्ले के मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद आयोजित किया गया।

प्राण प्रतिष्ठा से पहले, शिव परिवार सहित अन्य देव प्रतिमाओं को बैंड-बाजों के साथ पूरे नगर में भ्रमण कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। नगर भ्रमण के समापन के बाद, सभी प्रतिमाओं को जोगियान मुहल्ले स्थित मंदिर में विधि-विधान से स्थापित किया गया। प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात श्रद्धालुओं ने मुहल्ले में प्रसाद भी वितरित किया।
इस कार्यक्रम में जयप्रकाश कश्यप, कालीचरन साहू, मुन्नालाल गोस्वामी, विनोद गोस्वामी, डॉ. एम.पी. कश्यप, हंसराज देवल, भोला कश्यप सहित मुहल्ले की कई महिलाएँ शामिल थीं।

« Newer PostsOlder Posts »