एटा 14 जुलाई उप्रससे। जनपद में अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के हरसिंगपुर मोड़ पर दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद के गांव सिटवनपुर, थाना नवाबगंज निवासी अतुल कुमार (32) अपनी भतीजी राधा (15) पुत्री सुखराम के साथ सरौठ-पिंजरी से अपने गांव लौट रहे थे। हरसिंहपुर मोड़ पर उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इस हादसे में अतुल कुमार, उनकी भतीजी राधा और दूसरे पक्ष के नदौरा निवासी गोलू (18) पुत्र अमरपाल घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसने तीनों घायलों को सीएचसी अलीगंज में भर्ती कराया।
घायल अतुल कुमार ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोग उनके रिश्तेदार हैं। इस कारण दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले की सूचना अलीगंज पुलिस को नहीं दी। सीएचसी अलीगंज में चिकित्सकों ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों ने बताया सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय देखभाल प्रदान की गई है।

