Web News

www.upwebnews.com

एटा में लखनऊ हादसे के बाद कोचिंग संस्थानों की पड़ताल

June 24, 2026

एटा में लखनऊ हादसे के बाद कोचिंग संस्थानों की पड़ताल

35 से अधिक में फायर सेफ्टी, आपातकालीन निकास नहीं, तंग गलियों में संचालन

एटा 24 जून उप्रससे। लखनऊ में एक कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद जनपद में कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की गई। इस पड़ताल में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियां सामने आईं। कस्बे और आसपास संचालित अधिकांश कोचिंग संस्थान तथा लाइब्रेरी बिना सुरक्षा इंतजामों के चल रहे हैं, जहां रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ाई के लिए पहुंचते हैं।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में लगभग 35 से अधिक कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी संचालित हैं। इनमें से अधिकांश संस्थानों में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) तक उपलब्ध नहीं हैं। कई जगहों पर छात्रों के प्रवेश और निकास के लिए केवल एक संकरा रास्ता है, जबकि आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलने के लिए कोई वैकल्पिक निकास द्वार नहीं बनाया गया है।
इधर अलीगंज तहसील क्षेत्र में जांच के दौरान मोहल्ला काजी, मोहल्ला छेदा लाल गौड़, लोहारी दरवाजा, किला रोड, सराय अड्डा और मोहल्ला राधाकृष्ण सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कोचिंग और लाइब्रेरी की हकीकत सामने आई। कई संस्थान बहुमंजिला भवनों में चल रहे हैं, जहां एक समय में बड़ी संख्या में छात्र अध्ययन करते हैं। ऐसी स्थिति में आग लगने जैसी आपदा आने पर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना बेहद कठिन हो सकता है। कई संस्थानों में बिजली के तार अव्यवस्थित पाए गए। ओवरलोडेड कनेक्शन और असुरक्षित विद्युत उपकरण संभावित दुर्घटना की आशंका को और बढ़ा रहे हैं।

कस्बे के निवासी दीपक बाबू का कहना है कि प्रशासनिक निरीक्षण के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों की प्रभावी जांच नहीं होने के कारण संस्थान बिना आवश्यक व्यवस्थाओं के संचालित हो रहे हैं। लखनऊ की घटना के बाद छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि शिक्षा के साथ सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है। यदि समय रहते सुरक्षा मानकों को लागू नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

वर्जन
उप जिलाधिकारी अलीगंज जगमोहन गुप्ता ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सभी संबंधित संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने, अग्निशमन यंत्र लगाने तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा जल्द ही जांच अभियान चलाकर नियमों का पालन न करने वाले संस्थानों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

June 23, 2026

एटा में तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलटा, 5 लोग घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर

एटा 23 जून उप्रससे। जनपद के सकीट थाना क्षेत्र में बाबली नहर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को मुख्यालय स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायलों ने बताया कि वे एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं, जो भारतीय जनता पार्टी का सहयोगी दल है। सभी लोग हाथरस से सकीट में आयोजित एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को कट मार दिया और नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक कार के ऊपर पलट गया।

हादसे में गगन ठाकुर पुत्र राजेश कुमार निवासी आदर्श नगर, हाथरस, धर्मवती पत्नी राजेश कुमार एवं प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा, संतोष वर्मा पुत्र नारायणपुर निवासी हाथरस (44), अंकित पुत्र मदन मोहन निवासी हाथरस (35) तथा चालक पवन कुमार (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात बहाल कराया।

एटा में कुटैना माफी स्थित हजारा नहर में बहता मिला अज्ञात शव, शिनाख्त के प्रयास जारी

एटा 23 जून उप्रससे। जनपद के मारहरा थाना क्षेत्र में स्थित कुटेना माफी के समीप नई नहर में मंगलवार को एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला।

मंगलवार को लगभग साढ़े 11 बजे पुल से गुजर रहे राहगीरों ने नहर में एक शव तैरता हुआ देखा। उन्होंने तत्काल मारहरा पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के.के. लोधी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। शव पूरी तरह फूलकर क्षतिग्रस्त हो गया था।

थाना प्रभारी निरीक्षक के. के. लोधी ने बताया कि शव लगभग 6 से 7 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव पूरी तरह फूल चुका है और कीड़े-मकोड़ों द्वारा भी क्षतिग्रस्त किया गया है।

शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। अज्ञात शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

एटा में दवा लेने जा रही महिला की चलती मोपेड से गिरकर मौत

एटा 23 जून उप्रससे। जनपद के अवागढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को पति के साथ दवा लेने जा रही 42 वर्षीय महिला की चलती मोपेड से गिरकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, नरौरा गांव निवासी नाजरीन बेगम (42) अपने पति मेहंदी हसन के साथ विक्की मोपेड पर सवार होकर अवागढ़ दबा लेने जा रही थीं। नगला लोधा गांव के समीप उनकी मोपेड का संतुलन बिगड़ गया, जिससे नाजरीन बेगम नीचे गिर गईं। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। महिला की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मृतका के देवर सद्दाम हुसैन ने बताया कि उनकी भाभी दवा लेने जा रही थीं, तभी अचानक मोपेड से गिर गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। इस अचानक हुए हादसे से परिवार में शोक का माहौल है।

एटा में डेढ़ बीघा जमीन विवाद में भतीजों ने 70 वर्षीय चाचा को पीटा, इलाज के दौरान मौत

एटा 22 जून उप्रससे। जनपद में जलेसर थाना क्षेत्र के गांव पुन्हैरा में डेढ़ बीघा जमीन के विवाद में भतीजों ने अपने 70 वर्षीय चाचा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई थीं, जिसमें उनके हाथ-पैर टूटने की बात भी सामने आई है। परिवार के सदस्यों ने उन्हें जलेसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।

परिवार के बुजुर्ग दुर्गपाल ने बताया कि मृतक उनके भाई थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। डेढ़ बीघा जमीन को लेकर उनका भतीजों से विवाद चल रहा था। सुबह हुई मारपीट के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

क्षेत्राधिकारी जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक ने अपने भतीजों से कुछ पैसे लिए थे और खेत में सबमर्सिबल भी लगवाया था। बाद में उन्होंने वही जमीन किसी और को बेच दी। इसी बात से नाराज बड़े भाई के बेटों ने उनके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद बुजुर्ग को जलेसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

« Newer PostsOlder Posts »