Web News

www.upwebnews.com

पुलिस हिरासत में युवक की मौत, लापरवाही पर SHO व सिपाही निलंबित

April 25, 2026

पुलिस हिरासत में युवक की मौत, लापरवाही पर SHO व सिपाही निलंबित

Breaking News UP Web News

Posted on 25.04.2026 Time 09.08 AM Hathras News, UP News

हाथरस, 24 अप्रैल 26 ( उप्र समाचार सेवा)। चंदपा कोतवाली में पुलिस हिरासत के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक पर किशोरी को भगाने का आरोप था और उसे गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था।जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय चंद्रपाल को पुलिस ने बरामदगी के बाद कोतवाली में रखा था, जबकि किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। रात में युवक शौचालय गया, जहां कुछ देर बाद वह रोशनदान की ग्रिल से कपड़े के सहारे लटका मिला। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कराई। लापरवाही मानते हुए थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को निलंबित कर दिया गया है तथा संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

गारवगढ़ी में पंचायत उत्सव भवन का विधायक ने किया शिलान्यास

गांव गारवगढी में पंचाय‍त उत्‍सव भवन का उदद्यघाटन करते विधायक अंजुला माहौर एवं मंचासीन अतिथिगण

हाथरस। गांव गारवगढ़ी में ग्रामीणों को जल्द ही मांगलिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए भव्य स्थान की सौगात मिलेगी। ग्राम पंचायत उत्सव भवन योजना के तहत नवनिर्मित होने वाले पंचायत उत्सव भवन का शिलान्यास हाथरस सदर विधायक श्रीमती अंजुला माहौर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने संयुक्त रूप से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया।
शुक्रवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक अंजुला माहौर ने कहा कि सरकार की इस योजना से ग्रामीणों को अपने निजी व सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में बड़ी सुविधा मिलेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने कहा कि विकास की किरण अब गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पीएन दीक्षित मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर दिया। इस दौरान एसडीएम नीरज शर्मा, डीपीआरओ राकेश कुमार, एडीओ पंचायत बिहारीलाल और राकेश शर्मा उर्फ राजाजी ने भी अपने विचार साझा किए।
ग्राम प्रधान श्रीमती कुंती देवी और ग्राम सचिव अजय कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर शिवदेव दीक्षित, सतीश कुमार कुशवाहा, जितेंद्र कुमार, प्रदीप उपाध्याय, विवेक कुमार, सतीश पचैरी और शेखावत खां सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन कोमल सिंह तोमर ने किया।

नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

मंचासीन  पालिकाध्यक्ष स्वेता दिवाकर ,पूर्व सांसद राजेश दिवाकर व अन्य जनप्रतिनिधि

हाथरस। नगर पालिका परिषद, हाथरस परिसर में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नामित सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नव-नामित सभासद विवेक गुप्ता और डॉ. आर.सी. गोला को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।इस अवसर पर वक्ताओं व पालिकाध्यक्ष स्वेता दिवाकर ने भरोसा जताया कि सभी सभासद जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा नगर के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। साथ ही स्वच्छता, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, जिलाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल मदनावत, अधिवक्ता दिलीप पोद्दार, सतेंद्र सिंह ठाकुर (सासनी), जिला पंचायत सदस्य प्रभा सिंह, क्षेत्रीय मंत्री विपिन लावनिया और अमित भौतका, जिला महामंत्री हरिशंकर राणा ‘भूरा पहलवान’ तथा रूपेश उपाध्याय (मंच संचालन), रामवीर सिंह, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री अनुज चौधरी, आईटी सेल जिला प्रभारी पवन रावत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।इसके अलावा एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह और अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह भी उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद के कार्यालय अधीक्षक विजय स्वर्णकार, लेखाकार संजय अग्रवाल, नजूल निरीक्षक यशुराज शर्मा, राजेश परिहार, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक मुशाहिद खान और ओमप्रकाश, गोपाल चतुर्वेदी तथा आईटीसी से अविनाश शर्मा सहित नगर पालिका परिवार और सफाई कर्मियों की भी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर नगर पालिका परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी गई।

एक परिवार की दो महिलाओं समेत चार की मौत, 50 यात्री घायल

शुक्रवार सुबह और फिर देर रात हुए हादसे

Post on 25.4.26
Saturday Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र समाचार सेवा)।
शुक्रवार का दिन मुरादाबाद अलग-अलग दो सड़क हादसों से दहल गया। मैनाठेर में सुबह हुईं पहली घटना में एक परिवार की दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। दूसरी सड़क दुघर्टना लखनऊ हाईवे पर डबल डेकर स्लीपर बस पलट गई।तेज रफ्तार से चल रहीं डबल डेकर बस में करीब दो सौ यात्री सवार थे। हादसे में 50 यात्री घायल हो गए। देर रात हादसे से हड़कंप मचा रहा। सीतापुर से हरियाणा जा रही बस यात्रियों को मुरादाबाद, रामपुर और मूंढापांडे के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
संभल मुरादाबाद के बीच मैनाठेर में डंपर और ट्रेक्टर ट्राली में टक्कर हो गई। सुबह छह बजे हुईं घटना का कारण डंपर चालक अचानक झपकीं लगना माना जा रहा है। हादसे में ट्राली में सवार लोगसंभल में कैलादेवी निवासी किसान नरेश सैनी की बेटी के लिए गांव गुरेर गए थे। किसान की पत्नी ऊषा अपने गुरेरगांव में भाई सतीश को भात का न्योता देने गई थीं।वापसी में समय डंपर से टक्कर में हो गई। इसमें शांति-65 और उनकी बहू सुमन-35 और पोता अजीत-12 व पोती सृष्टि-8 की मौत हो गई।
जबकि दूसरी घटना शुक्रवार देर रात हुईं।हाईवे पर मूंढापांडे थाने के पास स्लीपर बस पलट गई। इसमें सवार सभी यात्री घायल हो गए। सीतापुर से हरियाणा जा रहे यात्री मजदूर बताए गए हैं।‌बताया जाता है कि बस पूरी तरह से ठसाठस भरी हुईथी। यात्रियों ने पुलिस को बताया कि बस में दो चालक नशा किए थे इस दौरान दोनों में बस चलाने को लेकर खींचतान हुई। हादसे की सूचना पर एसपी ट्रैफिक सुभाष गंगवार व पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को मुरादाबाद,मूंढापांड़े व रामपुर के
अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मथुरा में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी, 17 केंद्रों पर 25–27 अप्रैल को होगी परीक्षा

मथुरा, 24 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड्स इनरोलमेंट 2025 की लिखित परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनपद के 17 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी, जिसमें कुल 7104 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर समय से व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट प्रत्येक दिन दोनों पालियों में नियमित अंतराल पर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न हो तथा परीक्षा शुरू होने और समाप्ति के समय व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहे।
« Newer PostsOlder Posts »