Web News

www.upwebnews.com

दिल्ली सरकार ने लक्ष्मी योजना को दी मंजूरी, 25 सौ मिलेंगे प्रति माह

July 29, 2026

दिल्ली सरकार ने लक्ष्मी योजना को दी मंजूरी, 25 सौ मिलेंगे प्रति माह

नई दिल्ली, दिल्‍ली सरकार ने दिल्‍ली लक्ष्‍मी योजना को स्‍वीकृति दे दी है। इस योजना का लक्ष्‍य महिलाओं का आर्थिक सशक्‍त‍िकरण और उन्‍हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। दिल्‍ली सचिवालय में कल मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता की अध्‍यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में कल यह निर्णय लिया गया।
योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। इस योजना के लिए 2026-27 के बजट में पांच हजार एक सौ दस करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने बताया कि इस योजना में पंजीकरण के लिए रजिस्‍ट्रेशन पोर्टल एक अगस्‍त से खुल जाएगा। उन्‍होंने कहा कि 21 वर्ष से 60 वर्ष तक की उम्र की वे महिलाएं इस योजना का लाभ उठाने की पात्र होंगी जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय दो लाख 50 हजार रुपये तक है।
मुख्‍यमंत्री ने कहा कि इस योजना का लक्ष्‍य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं है बल्कि इसका उद्देश्‍य महिलाओं में शिक्षा, स्‍वास्‍थ्‍य, कौशल विकास, बचत और समाज में बड़े स्‍तर पर साझेदारी को बढ़ावा देना भी है।  उन्‍होंने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि इस पहल से 17 लाख से अधिक महि‍लाओं को लाभ होगा और उन्‍हें आत्‍मनिर्भर तथा सशक्‍त बनाने में सहायता मिलेगी।

छात्रों पर ‘बर्बरता’ के लिए अमित शाह को बर्खास्त किया जाए: राहुल गांधी

Leader of opposition Rahul Gandhi

लोकसभा में नेता विरोधी दल राहुल गांधी

नयी दिल्ली, 29 जुलाई । लोकसभा में नेता विरोधी दल और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में छात्र छात्राओं के साथ हुई “बर्बरता” के लिए गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार बताया है और उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग की है।
उन्होंने विद्यार्थियों पर बलप्रयोग की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच कराने की भी मांग की।

गौशाला से गौवंश ले जाने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचे व नकदी बरामद

मथुरा। थाना कोसीकलां पुलिस ने ग्राम ऐंच स्थित शासन द्वारा संचालित अस्थायी गौशाला से गौवंश ले जाने और कर्मचारी को गंभीर रूप से घायल करने की घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को ग्राम ऐंच की अस्थायी गौशाला में तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने के बाद आरोपियों ने गौवंशों को ले जाने की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी।

इसी क्रम में थाना कोसीकलां पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे (.315 बोर), छह जिंदा कारतूस (.315 बोर), चार खोखा कारतूस (.315 बोर), बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, दो रस्से तथा ₹9,000 नकद बरामद किए गए।

घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी छाता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।

मैनपुरी में श्रद्धाभाव से मना गुरु पर्व, श्री एकरसानन्द आश्रम में  हुआ गुरु पूजन

मैनपुरी। गुरू पूर्णिमा का पर्व नगर के पंजाबी काॅलोनी स्थित श्री एकरसानंद आश्रम में ब्रहम्मलीन स्वामी श्री शारदानंद सरस्वती जी महाराज की कृपा छाया एवं महामण्डलेश्वर स्वामी श्री हरिहरानंद सरस्वती जी महाराज के सानिध्य में गुरू पूर्णिमा पर्व धूमधाम से मनाया गया। आश्रम के गर्भ गृह में स्वामी श्री एकरसानन्द सरस्वती, स्वामी भजनानंद सरस्वती जी महाराज के श्री विग्रह रूप की वैदिक मंत्रों के बीच शोडसोपचार पूजा आचार्यो द्वारा करायी गयी। इसके उपरांत ब्रहम्मलीन स्वामी शारदानंद सरस्वती जी महाराज की समाधी स्थल पर महामण्डलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती जी महाराज व दूर दराज जनपदों, दिल्ली, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश से आये श्रद्धालुओं द्वारा पूजन अर्चन किया गया। वहीं श्रद्धालुओं ने महामण्डलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती महाराज का भी पूजन कर आर्शीवाद लिया।
      इस अवसर पर  डा. संजीव मिश्रा वैधजी, सूर्यकांत त्रिपाठी, राम खिलाड़ी यादव, पुरुषोत्तम गुप्ता, रज्जन गुप्ता, अतुल कृष्ण द्विवेदी, श्याम जी दीक्षित, नीरज बाबू, रामबदन पाण्डेय, सुभाष मिश्रा, मीडिया प्रभारी आकाश तिवारी, अनिल गुप्ता समाजसेवी, अजय गुप्ता बंटी, अमित अग्रवाल, प्रवीण पालीवाल, आदि भक्त प्रमुख रुप से मौजूद रहे। इस दौरान आश्रम में प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। जो कि देर शाम तक चलता रहा।

तालाब बना काल, पशु चराने गईं दो सगी बहनें डूबीं, ग्रामीणों ने एक बच्चे को बचाया

AGRA NEWS

AGRA NEWS

आगरा। जगनेर थाना क्षेत्र के बरिगवां खुर्द गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर के पास स्थित तालाब में डूबने से एक ही परिवार की दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि तीसरे बच्चे की ग्रामीणों ने समय रहते जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, बरिगवां खुर्द निवासी मुरारी लाल का घर गांव के तालाब के समीप है। बुधवार सुबह रोज की तरह परिवार के तीन बच्चे पशुओं को चराने के लिए घर से निकले थे। पशु चराते-चराते वे तालाब के किनारे पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी कारणवश तीनों बच्चों का संतुलन बिगड़ गया। आशंका है कि पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने से तीनों बच्चे तालाब में डूबने लगे।

तालाब में बच्चों को डूबता देख कई ग्रामीण तालाब में कूद पड़े और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, दोनों बच्चियां तब तक गहरे पानी में समा चुकी थीं। ग्रामीणों ने उन्हें भी बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान पूनम (12 वर्ष) और टिंकल (8 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगी बहनें थीं और मुरारी लाल की बेटियां थीं। दोनों मासूम बेटियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी खेरागढ़ प्रीता सिंह ने बताया कि तीनों बच्चे घर के पास स्थित तालाब पर पशु चराने गए थे, जहां वे अचानक पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद बरिगवां खुर्द गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

« Newer Posts — Older Posts »