पुलिस लापरवाही के खिलाफ धरने के बाद हुआ हत्याकांड का खुलासा
लखीमपुर खीरी।लखीमपुर खीरी के फरधान थाना क्षेत्र से लापता हुए ऑटो चालक विनीत कुमार की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। थाना प्रभारी निराला तिवारी के नेतृत्व में फरधान पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने दो किशोर आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर अमानलता पुल के पास नहर किनारे झाड़ियों से विनीत का शव बरामद किया गया।पुलिस के मुताबिक, सूरजसराय निवासी विनीत कुमार (31) 3 अगस्त की सुबह ऑटो लेकर सवारी के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ था। परिजनों ने तलाश करने के बाद पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फरधान पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।थाना प्रभारी निराला तिवारी ने टीम के साथ विनीत की तलाश में संभावित स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को दो किशोरों के बारे में अहम जानकारी मिली। पूछताछ में दोनों ने विनीत की हत्या करने की बात स्वीकार की।पुलिस के अनुसार, दोनों ने गला दबाकर विनीत की हत्या की और शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अमानलता पुल के पास नहर किनारे झाड़ियों से शव बरामद कर लिया।पुलिस ने मामले में देवरिया गांव निवासी अभिषेक (करीब 17 वर्ष) और अवनीश (करीब 15 वर्ष) को पकड़ा है। दोनों बाल अपचारी हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा तथा मृतक के ई-रिक्शा की बैटरी भी बरामद की है। मामले में मुकदमे में धारा 140(3), 103(1) और 238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।इस खुलासे में थाना प्रभारी निराला तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक राजबहादुर, उपनिरीक्षक आकाश भाटी, हेड कांस्टेबल कृष्णानंद, कांस्टेबल सतेंद्र कुमार, दीपक कुमार, विकास कुमार, गजराज कुमार, एसओजी प्रभारी एसआई जय प्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल मनीष यादव सहित एसओजी व सर्विलांस टीम शामिल रही। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी और मुखबिर तंत्र के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए लापता ऑटो चालक की हत्या का खुलासा किया।
