Web News

www.upwebnews.com

24 घंटे में औंछा पुलिस का बड़ा खुलासा, दिनदहाड़े लूट करने वाले चार शातिर गिरफ्तार

July 4, 2026

24 घंटे में औंछा पुलिस का बड़ा खुलासा, दिनदहाड़े लूट करने वाले चार शातिर गिरफ्तार

मैनपुरी। थाना औंछा पुलिस ने दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1.03 लाख नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकारों को बताया कि 1 जुलाई 2026 को बदमाशों ने एक कलेक्शन एजेंट को रास्ते में रोककर उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया था। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर उसके बैग में रखे 1,24,750 नकद, जेब से 5,000, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड तथा मोटरसाइकिल की चाबी लूट ली थी और फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना औंछा में मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी कुरावली सचितांनंद सिंह के पर्यवेक्षण में थाना औंछा पुलिस, सर्विलांस टीम प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह चौहान, स्वाट टीम, एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम एवं मीडिया सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना एवं आधुनिक तकनीक (यक्ष ऐप) की सहायता से नगला हार मोड़ के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पवन पुत्र कायम सिंह, अवि यादव पुत्र धर्मेंद्र सिंह, रामू पुत्र अमर सिंह निवासीगण ग्राम पड़रिया थाना औंछा तथा शिवम पुत्र अजब सिंह निवासी नगला साबज थाना औंछा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,03,400 नकद, एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, लूट में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक काला पर्स, क्रेडिट एवं डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, दो चेकबुक तथा दो पासबुक बरामद की हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी, क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानंद सिंह, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह एवं अन्य पुलिस फोर्स मौजूद रहा।