Web News

www.upwebnews.com

सहज-सरल, लेकिन इरादों के ‘अटल’ थे पूर्व प्रधानमंत्रीः मुख्यमंत्री

August 16, 2026

सहज-सरल, लेकिन इरादों के ‘अटल’ थे पूर्व प्रधानमंत्रीः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर किया पुष्पार्चन

*भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय अध्य़क्ष, नेता प्रतिपक्ष, नेता सदन, प्रधानमंत्री समेत किसी भी पद पर रहे हों, अटल जी के लिए सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ रहा: मुख्यमंत्री*

*अटल जी का छह दशक का सार्वजनिक जीवन निर्विवाद और निष्कलंक रहाः सीएम योगी*

*लखनऊ, 16 अगस्त।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘भारत रत्न’ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धा निवेदित करते हुए लोकभवन स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

*भारतीय राजनीति के अजातशत्रु*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल जी का छह दशक का सार्वजनिक जीवन निर्विवाद और निष्कलंक रहा। वह भारतीय राजनीति के अजातशत्रु के रूप में ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के भाव के साथ निरंतर कार्य करते रहे। सार्वजनिक जीवन की शुरुआत उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में कश्मीर में धारा-370 लगाए जाने के विरोध में सत्याग्रह से प्रारंभ की थी।

*दल से ऊपर उठकर देश को दिया महत्व*
सीएम योगी ने कहा कि सांसद, विदेश मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, जनसंघ व भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रधानमंत्री की अलग-अलग भूमिकाओं में भी उनके लिए सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ रहा। वह भाजपा के सामान्य कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय अध्य़क्ष, नेता प्रतिपक्ष, नेता सदन, प्रधानमंत्री समेत किसी भी पद पर रहे हों, लेकिन उनका जीवन का ध्येय केवल ‘राष्ट्र प्रथम’ था। जब-जब भी आवश्यकता पड़ी, उन्होंने दल से ऊपर देश को महत्व दिया।

*राष्ट्र की सुरक्षा में अटल जी का योगदान*
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जब देश पर इमरजेंसी थोपी थी तो उन्होंने जनसंघ का जनता पार्टी में विलय करते हुए आपातकाल से मुक्ति के आंदोलन में बढ़ चढ़कर भाग लिया था। 1962, 1965, 1971 के युद्ध में उन्होंने सरकार को कटघरे में खड़ा करने की बजाय सरकार के साथ जिम्मेदार सांसद के रूप में खड़े होकर राष्ट्र की सुरक्षा को मजबूती प्रदान करने में अपना योगदान दिया।

*राजनीतिक अस्थिरता रोकने में भूमिका*
सीएम ने कहा कि भारत की राजनीति में अस्थिरता के दौर को रोकने और राजनीतिक स्थिरता के माध्यम से सुशासन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कैसे कदम उठाए जा सकते हैं, अटल जी ने राजनीतिक समन्वय के माध्यम से 1996-98 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का निर्माण करके जो उदाहरण प्रस्तुत किया, वह आज भी भारत की राजनीति में प्रासंगिक बना हुआ है। एनडीए भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में सहयोगी दलों के साथ मिलकर निरंतर देश, राज्यों के अंदर विभिन्न सरकारों का संचालन करते हुए सुशासन के लक्ष्यों को प्राप्त कर रहा है।

*सहज-सरल, लेकिन इरादों के ‘अटल’ थे पूर्व प्रधानमंत्री*
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी जितने ही सहज व सरल थे, उतने ही इरादों के ‘अटल’ भी थे। कारगिल संघर्ष के दौरान दुनिया ने अटल जी के दृढ़संकल्प का लोहा माना। उस समय अटल जी ने कहा था कि हम पर युद्ध थोपा गया है, जिसका हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। दुनिया की हर ताकत के सामने झुके बिना अटल जी ने भारत को एटॉमिक पावर के रूप में स्थापित किया।

*अटल जी ने प्रधानमंत्री के रूप में मनवाया यशस्वी शासन का लोहा*
सीएम योगी ने कहा कि अटल जी को पहली बार 1957 में उत्तर प्रदेश की बलरामपुर संसदीय सीट से संसद में जाने का अवसर मिला। उन्होंने पांच बार लखनऊ संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। नेता विरोधी दल व प्रधानमंत्री के रूप में यशस्वी शासन का लोहा मनवाया। आज पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री की स्मृतियों को नमन कर रहा है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, महापौर सुषमा खर्कवाल, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, विधायक नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह, भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी आदि ने भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सीएम ने वीरांगना रानी अवन्तीबाई लोधी की 196वीं जयन्ती पर उनकी प्रतिमा पर मार्ल्यापण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी

लखनऊ 16 अगस्त, 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने आज यहां स्वाधीनता संग्राम सेनानी वीरांगना रानी अवन्तीबाई लोधी की 196वीं जयन्ती पर उनकी प्रतिमा पर मार्ल्यापण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वीरांगना अवन्तीबाई लोधी सन् 1857 की महान क्रान्तिकारियों में से एक थी। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। देश के प्रति वीरांगना अवन्तीबाई लोधी का यह जज्बा अभिनन्दनीय है। प्रत्येक व्यक्ति बड़ी श्रद्धा के साथ उनकी स्मृतियों को नमन करता है। प्रत्येक भारतवासी देश के प्रति उनके योगदान के लिए उनके सम्मुख नतमस्तक होता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वीरांगना अवन्तीबाई लोधी का व्यक्तित्व वर्तमान में युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। उत्तर प्रदेश में उनका आदर्श प्रेरणा बन सके, इस उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश पी0ए0सी0 की तीन नई महिला बटालियन के गठन की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है। जनपद बदायूं में वीरांगना अवन्तीबाई लोधी के नाम पर पी0ए0सी0 की नई बटालियन के गठन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। वहां उनकी अश्वारोही प्रतिमा की स्थापना की कार्यवाही अन्तिम चरण में है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी तथा गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर महिला पी0ए0सी0 बटालियन के गठन का कार्य भी युद्धस्तर पर आगे बढ़ रहा है। इन दोनों पी0ए0सी0 बटालियनों में इन वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इन वीरांगनाओं का योगदान, तप, त्याग तथा बलिदान हमें नई प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा व सम्मान इन कार्यां का उद्देश्य है, ताकि बेटियां समाज के प्रत्येक क्षेत्र में सिर उठाकर कार्य कर सकें और उनके स्वावलम्बन के कार्य प्रभावी ढंग से आगे बढ़ सकें। डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और नेतृत्व इन कार्यक्रमों को निरन्तर आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इसी श्रृंखला में उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 20 प्रतिशत बेटियों की भर्ती अनिवार्य की गई है। वर्ष 2017 से पूर्व, उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की संख्या मात्र 10,000 थी, आज यह संख्या बढ़कर 45,000 से अधिक हो चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अब नारी केवल नारों तक सीमित नहीं है। प्रदेश सरकार नारी गौरव की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके स्वावलम्बन के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वह राष्ट्र प्रथम भाव के साथ आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपनों को साकार करने में अपना योगदान दे सकें।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक तथा कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य इंजी0 अवनीश सिंह, श्री उमेश द्विवेदी, विधायक श्री नीरज बोरा, लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

August 15, 2026

एटा में जांच में सही आरोप पाए जाने पर प्रधानाध्यापक निलंबित, बीएसए ने की कार्रवाई

एटा 14 अगस्त उप्रससे। जनपद में विकासखण्ड सकीट स्थित प्राथमिक विद्यालय नौरंगाबाद के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार को आज 14 अगस्त को निलंबित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी ने यह कार्रवाई खंड शिक्षा अधिकारी सकीट नेत्रपाल सिंह की जांच रिपोर्ट के आधार पर की है। निलंबन अवधि के दौरान मुकेश कुमार को प्राथमिक विद्यालय नंदपुर बेलामई से संबद्ध किया गया है।

यह मामला विद्यालय से संबंधित एक वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद सामने आया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी सकीट को जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद बीईओ ने विद्यालय का दौरा किया और अभिभावकों, विद्यार्थियों तथा स्टाफ सदस्यों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान विद्यालय में कुल 25 विद्यार्थियों का नामांकन पाया गया, जिनमें से केवल 18 छात्र-छात्राएं मौके पर उपस्थित थे। रिपोर्ट में बताया गया कि इन विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजिका में दर्ज नहीं की गई थी। इसके अतिरिक्त, प्रभारी प्रधानाध्यापक की विद्यालय में नियमित उपस्थिति को लेकर भी गंभीर सवाल उठे।

अभिभावकों और छात्रों ने जांच टीम को बताया कि प्रधानाध्यापक 12 अगस्त को भी विद्यालय में अनुपस्थित थे। जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि वे नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं रहते थे, जबकि उपस्थिति पंजिका में उनके हस्ताक्षर नियमित रूप से दर्ज पाए गए।
जांच रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के निलंबन का आदेश जारी किया। विभागीय स्तर पर इस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Lucknow ट्रैक्टर ट्राली पलटने से चालक समेत 4 की मृत्यु

लखनऊ, 15 अगस्त 2026, जिले के थाना गोसाईगंज अंतर्गत सुल्तानपुर हाईवे स्थित गंगागंज में आज तड़के ट्रेक्टर ट्रॉली पलटने से चालक समेत चार लोगों की मृत्यु हो गई। सभी ट्रैक्टर सवार ईंट भट्टा पर ट्रैक्टर से ईंटों की सपलाई करते थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रातः करीब 4:45 बजे गंगागंज में सुल्तानपुर हाईवे रोड पर एक ट्रैक्टर पलटने और उसके नीचे चार लोग दबे होने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल थाना गोसाईगंज पुलिस, फायर सर्विस व NHAI टीम मौके पर पहुंच गयी जहां NHAI की क्रेन बुलाकर ट्रैक्टर ट्राली हटवाई जिसके नीचे दबे लोगों को निकाल कर 108 एंबुलेंस की मदद से CHC गोसाईगंज पहुंचाया गया। जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया तथा एक व्यक्ति को ट्रामा रेफर किया गया जिसे ट्रामा भिजवाते समय उसकी भी मृत्यु हो गई।जानकारी करने पर पता चला कि मृतक पीतांबर रावत ग्राम अचकाकामऊ थाना कोठी जनपद बाराबंकी में स्थित देशराज नामक व्यक्ति के RBF ईंट भट्टा पर ट्रैक्टर चलाता था । अन्य मृत व्यक्ति ईंट लादने व उतारने की मजदूरी करते थे।

मृतकों का नाम-पता निम्नवत है
1. संदीप रावत पुत्र लल्लन रावत उम्र करीब 25 वर्ष
2. पीतांबर रावत पुत्र कालू रावत उम्र करीब 35 वर्ष
3. पवन रावत पुत्र कमल रावत उम्र करीब 25 वर्ष
निवासीगण- इलिचपुर मजरे पडरांवा थाना कोठी जनपद बाराबंकी
4. बलराम रावत पुत्र राम सुरेश रावत निवासी ग्राम सरायनदर थाना कोठी जनपद बाराबंकी।
ट्रैक्टर व ट्राली को हाईवे से हटवा दिया गया है। यातायात व्यवस्था से सुचारु रूप से चल रही है। मौके पर मृतकगणों के परिजन पहुंच गए हैं। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

आजादी का मतलब अराजकता, पिछड़ेपन, गरीबी, अशिक्षा, असमानता से सर्वथा मुक्तिः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने सरकारी आवास (5, कालिदास मार्ग) पर किया ध्वजारोहण

*मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी स्वाधीनता दिवस की बधाई दी, बोले- देश को कमजोर करने वाली ताकतों से रहना होगा सतर्क*

*मुख्यमंत्री ने कीर्ति चक्र से सम्मानित उप्र पुलिस के इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को किया याद*

*आजादी को लंबे समय तक बनाए रखना है तो 140 करोड़ भारतवासियों को अपने-अपने क्षेत्र में देना होगा योगदानः सीएम योगी

Posted on 15.08.2026 Time 07.02 PM

लखनऊ, 15 अगस्तः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पर अपने सरकारी आवास (5, कालिदास मार्ग) पर ध्वजारोहण किया। उन्होंने राष्ट्रनायकों और देश के लिए शहीद होने वाले रणबांकुरों के प्रति श्रद्धा निवेदित की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वाधीनता दिवस की बधाई दी। कहा कि आजादी का मतलब केवल राजनीतिक आजादी नहीं है, बल्कि उस अराजकता, पिछड़ेपन, गरीबी, अशिक्षा, असमानता से भी सर्वथा मुक्ति है, जिसे कारण देश लगातार कमजोर होता गया। हम सब आजादी के 79वर्ष पूरे कर चुके हैं और 80वें स्वाधीनता दिवस कार्यक्रम से जुड़े हैं। यह दिवस केवल हमें समारोह तक सीमित रखने का अवसर नहीं दे रहा, बल्कि हमें संपूर्ण आजादी के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों में नागरिक के रूप में कर्तव्य करने की भी प्रेरणा प्रदान कर रहा है। हर नागरिक का आह्वान करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आजादी को लंबे समय तक बनाए रखना है तो एक व्यक्ति, जाति, संप्रदाय नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों को अपने-अपने क्षेत्र में समान रूप से योगदान देना होगा।

*देश को विदेशी दासता से मुक्त कराना ही था रणबांकुरों का ध्येय*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कहा कि लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप 1947 में आज ही के दिन भारत को स्वाधीनता प्राप्त हुई। हर भारतवासी जिस उन्मुक्त वातावरण में स्वाधीनता का अहसास कर रहा है, वह भारत माता के महान सपूतों, बलिदानियों के त्याग, तपस्या व बलिदान का परिणाम है। देश अंतरविरोधों व षडयंत्रों के कारण गुलाम हुआ, लेकिन इसने मन-मस्तिष्क से गुलामी को कभी स्वीकार नहीं किया। देश के अलग-अलग क्षेत्रों में गुलामी के खिलाफ अलग-अलग समय में संघर्ष और आंदोलन हुए। 1857 का प्रथम स्वातंत्र्य समर सामूहिक रूप से देश की स्वाधीनता के लिए किए गए प्रयास का महत्वपूर्ण पड़ाव था, जब बैरकपुर में मंगल पांडेय, झांसी में रानी लक्ष्मीबाई, मेरठ में धनसिंह कोतवाल आदि रणबांकुरों के नेतृत्व में हर गांव, जनपद, प्रांत में स्वाधीनता की लौ जलती दिखाई दे रही थी। उस समय सभी के मन में एक ही भाव था कि हमें देश को विदेशी दासता से मुक्त कराना है।

*हर व्यक्ति के जीवन को सहज और सरल बनाने के लिए किए जाने वाले परिवर्तनों के परिणाम भी दिख रहे*
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 में देश के सामने जो अराजकता, अशिक्षा, पिछड़ापन, असमानता थी, उसमें से बहुत सारी समस्याओं का पिछले 8 दशक में समाधान हुआ है। इसी का परिणाम है कि देश में बहुआयामी गरीबी से 25 करोड़ लोग मुक्त हुए हैं। शिक्षा का दायरा बढ़ा है और बिना भेदभाव शासन का लाभ समाज के प्रत्येक तबके को मिलना प्रारंभ हुआ है। विश्वस्तरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास हुआ है। हर व्यक्ति के जीवन को सहज और सरल बनाने के लिए किए जाने वाले परिवर्तनों के परिणाम भी अब दिखाई देते हैं।

*देश को कमजोर करने वाली ताकतों से रहना होगा सतर्क*
सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देशवासियों से किए गए आह्वान का भी जिक्र किया। कहा कि अराजकता, असमानता, अशिक्षा पर विजय प्राप्त करनी है तो देश को कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहना होगा। पीएम ने कहा था कि देश में केवल चार जातियों (गरीब, युवा, महिला, किसान) को फोकस करते हुए कार्य करेंगे तो अच्छे परिणाम आएंगे। पिछले 12 वर्ष में इन्हीं चार तबकों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनीं। इस कार्ययोजना को धरातल पर उतारने के लिए सरकार की इच्छाशक्ति भी दिखाई दी, जिसका परिणाम रहा कि आमजन को शासन की योजना से जुड़ने में मदद मिली है। डायरेक्टर बेनिफिट स्कीम के माध्यम से शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराने का कार्य हुआ। मिशन रोजगार से लेकर मॉडर्न टेक्नोलॉजी के अनुरूप युवा खुद को तैयार कर सकें, इसके लिए नए-नए प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए गए, संस्थान बनाए गए। स्वास्थ्य की अच्छी सुविधा के लिए देश में मेडिकल कॉलेज, एम्स की नई श्रृंखला खड़ी हुई, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हुआ। रेलवे की कनेक्टिविटी बढ़ी, मेट्रो व रैपिड रेल जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हुईं। अमृत भारत, वंदे भारत, नमो भारत जैसी आधुनिक विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त बेहतरीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास बढ़े।

*हर क्षेत्र में नए प्रतिमानों को स्थापित करने में आगे बढ़ा भारत*
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत हर क्षेत्र में नए प्रतिमानों को स्थापित करने में आगे बढ़ा है। जब देश के पास यशस्वी नेतृत्व होता है और सामूहिकता के साथ देश की ताकत एक स्वर में बोलती है तो परिणाम सामने आते हैं। देश की आजादी की लड़ाई भी ध्यानाकर्षित करती है तो जब हम बंटे थे तो आजादी के लिए संघर्ष होता था। राजस्थान में महाराणा प्रताप, पंजाब से गुरु गोविंद सिंह, महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज ने इसे नेतृत्व प्रदान किया। सभी का उद्देश्य एक ही था कि हर हाल में विदेशी दासता से मुक्ति मिले, लेकिन सामूहिक रूप से किया गया प्रयास 1857 में देखने को मिला। इसके बाद लगातार संघर्ष को जीवंतता बनाए रखने के लिए क्रांतिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में संघर्षों को जन्म दिया। गोरखपुर में चौरीचौरा, लखनऊ में काकोरी ट्रेन एक्शन आदि संघर्ष अनवरत रूप से बढ़ता रहा।

*देश की सीमा/आंतरिक सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले जवानों को किया नमन*
सीएम योगी ने कहा कि भारत मां के जिन वीर बलिदानियों, क्रांतिकारियों ने आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाया, उन्हें देश स्मरण कर रहा है। सीएम ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आदि के प्रति श्रद्धा भी व्यक्त की। सीएम ने आजादी के लिए हंसते-हंसते फांसी के फंदों को चूमने वाले क्रांतिकारियों और स्वतंत्र भारत में देश की सीमा/आंतरिक सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले जवानों को भी नमन किया।

*मुख्यमंत्री ने कीर्ति चक्र से सम्मानित इंस्पेक्टर सुनील कुमार के बलिदान को भी किया याद*
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए आज का दिन महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश पुलिस के जांबाज इंस्पेक्टर सुनील कुमार को कीर्ति चक्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने उप्र में कानून व्यवस्था स्थापित करने, अपराध व अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के संकल्प को बढ़ाने के लिए बलिदान हुए इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम ने राष्ट्रपति के वीरता पुरस्कार पाने वाले उप्र के अन्य अधिकारियों व कार्मिकों को भी बधाई दी। सीएम ने उम्मीद जताई कि आत्मनिर्भर व विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों की कड़ी को अपने- अपने क्षेत्र में आगे बढ़ाएंगे तो स्वाधीनता अनंत काल तक भारत की यात्रा को और भी यशस्वी तरीके से आगे बढ़ाने में सफल होगी।

« Newer PostsOlder Posts »