Web News

www.upwebnews.com

मुड़िया पूनो मेला आज से, 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत को सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

July 25, 2026

मुड़िया पूनो मेला आज से, 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत को सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

470वें राजकीय मेले के लिए 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टर बनाए गए, 690 सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से होगी निगरानी
मथुरा। विश्व प्रसिद्ध 470वें राजकीय मुड़िया पूनो मेला-2026 का शुभारंभ गुरुवार से हो रहा है। 23 से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस मेले में देश-विदेश से करीब 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और दुर्घटना मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू की है।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन व सेक्टर में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर और 54 ‘गिर्राज मोबाइल’ टीमें लगातार गश्त करेंगी। वहीं मानसी गंगा, राधाकुंड सहित अन्य जलाशयों पर पीएसी, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की विशेष तैनाती रहेगी।

मथुरा में रोडवेज बस ने रौंदे मजदूर दंपती, दोनों की मौके पर मौत; पांच वर्षीय नातिन गंभीर

मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के नवादा चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे मजदूर दंपती को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद पांच वर्षीय नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, फरह थाना क्षेत्र के गांव बेरी निवासी मूलचंद अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय नातिन के साथ सड़क पार कर रहे थे। तभी आगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मूलचंद और मंजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गंभीर रूप से घायल बच्ची को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक दंपती के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, स्कूल बस की जांच कर दिए सुरक्षा के टिप्स

फोटो —–8 –जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा स्कूल बस चेक करते हुए

हाथरस। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर स्कूल वाहन का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने बस की सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक दस्तावेजों और बच्चों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बस में सवार बच्चों से संवाद कर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को हमेशा निर्धारित सीट पर बैठकर यात्रा करने, चलती बस में इधर-उधर न घूमने तथा वाहन में चढ़ते-उतरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती है।डीएम ने बस चालक और परिचालक को निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। वाहन का संचालन निर्धारित गति सीमा में करते हुए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए चालक, स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और बच्चों सभी की जिम्मेदारी है।पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अनुशासित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि स्कूली वाहनों की नियमित जांच जारी रहेगी, ताकि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

मातृ वंदना योजना में लापरवाही पर 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस

हाथरस। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण न कराने पर जनपद की 355 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि समीक्षा में पाया गया कि इन कार्यकर्ताओं ने चालू वित्तीय वर्ष में एक भी पात्र लाभार्थी का पंजीकरण नहीं कराया है।उन्होंने बताया कि प्रथम गर्भावस्था पर पात्र महिला को दो किस्तों में 5,000 रुपये तथा दूसरी गर्भावस्था में बालिका के जन्म पर 6,000 रुपये की सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जाती है।जिलाधिकारी के निर्देश पर जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि 31 जुलाई तक पात्र महिलाओं का पंजीकरण नहीं कराया गया तो संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोका जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई भी की जाएगी।जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पात्र गर्भवती महिलाओं से अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर योजना में पंजीकरण कराने की अपील की है। वहीं सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लापरवाही बरतने वाली कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई के लिए 30 जुलाई तक पत्रावली उपलब्ध कराई जाए।

श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण समापन, भव्य शोभायात्रा से भक्तिमय हुआ 

फोटो –सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर  कथा में पहुंचकर आचार्य वल्लभ महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए

हाथरस। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड स्थित श्री गया प्रसाद महाराज की तपोभूमि में श्याम गंगा इंडस्ट्रीज़ एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भावपूर्ण समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन आचार्य वल्लभ महाराज ने सुदामा चरित्र, राजा परीक्षित के मोक्ष, भागवत महात्म्य एवं श्रीमद्भागवत के उपसंहार का प्रेरणादायी वर्णन किया।कथाव्यास ने कहा कि सुदामा चरित्र सच्ची मित्रता, निष्काम प्रेम, विनम्रता और भगवान पर अटूट विश्वास का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण भक्त के प्रेम के भूखे हैं, वैभव के नहीं। श्रद्धा और निष्कपट भाव से भगवान का स्मरण करने वाले भक्तों के कष्ट स्वयं प्रभु दूर करते हैं।कथा विश्राम के बाद भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकियों, भजन-कीर्तन और जयघोषों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत महापुराण की आरती कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और सनातन धर्म की उन्नति की कामना की। इस दौरान सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने भी कथा में पहुंचकर आचार्य वल्लभ महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।आयोजन समिति के गोविंद बल्लभ ने बताया कि 28 जुलाई को नई धर्मशाला, चामड़ गेट में सायंकाल दिव्य सत्संग तथा 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से दोनों आयोजनों में सपरिवार शामिल होने की अपील की।कार्यक्रम में गिरिराज किशोर अग्रवाल, अजय अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अनुपम अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, संजय शर्मा, सत्यप्रकाश मदनावत, श्याम सुंदर शर्मा (बंटी), अतुल अग्रवाल, पंकज खंडेलवाल, राकेश बंसल सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में समिति ने कथा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, प्रशासन, मीडिया एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

« Newer PostsOlder Posts »