Web News

www.upwebnews.com

कैंट स्टेशन कांड पर देशभर में हंगामा, रेलकर्मी सड़कों पर उतरे, आरपीएफ के खिलाफ खोला मोर्चा

July 14, 2026

कैंट स्टेशन कांड पर देशभर में हंगामा, रेलकर्मी सड़कों पर उतरे, आरपीएफ के खिलाफ खोला मोर्चा

–पीडित डिप्टी एस एस की पत्नी ने दी आत्मदाह की धमकी,बहन रेलवे ट्रैक पर बैठी

आगरा। कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट (डीएसएस) नरेंद्र चाहर के साथ कथित मारपीट और उन्हें प्लेटफॉर्म पर घसीटने का मामला अब पूरे देश में तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को आगरा, मथुरा, कोटा, झांसी और दिल्ली समेत देश के करीब 30 शहरों में रेलवे कर्मचारियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रेलकर्मियों ने दोषी जवानों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

सुबह करीब साढ़े दस बजे आगरा में डीआरएम कार्यालय के बाहर सैकड़ों रेलकर्मी एकत्र हुए। प्रदर्शन में स्टेशन मास्टर्स, रेलवे कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी भी शामिल हुईं। कर्मचारियों ने “आरपीएफ मुर्दाबाद”, “गुंडागर्दी बंद करो” और “दोषियों को गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शन के दौरान डीआरएम कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में आरपीएफ जवानों को तैनात किया गया था। इसी बीच प्रदर्शन कर रहे रेलकर्मियों और आरपीएफ कर्मियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई।

रेल कर्मचारियों का आरोप है कि आरपीएफ के कुछ जवान आए दिन रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। उनका कहना है कि अगर इस घटना में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि रविवार को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के चोटिल होने के बाद ट्रेन को रोकने के मुद्दे पर डिप्टी स्टेशन सुपरिटेंडेंट नरेंद्र चाहर और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद आरपीएफ के कुछ जवानों ने डीएसएस नरेंद्र चाहर के साथ मारपीट की और उन्हें प्लेटफॉर्म पर घसीटते हुए ले गए। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद रेलवे कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई। आगरा मंडल ही नहीं, बल्कि देश के कई शहरों से रेलवे संगठनों ने इस घटना का विरोध शुरू कर दिया। जो कर्मचारी आगरा नहीं पहुंच सके, उन्होंने अपने-अपने कार्यस्थलों पर प्रदर्शन कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।

—-किए जा चुके हैं चार आरपीएफ जवान निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्राथमिक कार्रवाई करते हुए आरपीएफ के एएसआई मेघराज मीणा, बालकिशन और कॉन्स्टेबल बदन सिंह तथा जितेंद्र को निलंबित कर दिया है। घटना की जांच जारी है और रेलवे प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। हालांकि, अब तक इस विरोध-प्रदर्शन का रेल यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा है और सभी ट्रेनें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

सीतापुर में अखिलेश यादव के विवादित पोस्टर लगाए जाने पर सियासत तेज, सांसद आनंद भदौरिया ने जताया कड़ा विरोध !!

सीतापुर (उप्र समाचार सेवा)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ सीतापुर में लगाए गए कथित विवादित पोस्टरों को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। पोस्टर सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पोस्टरों को हटाते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही धौरहरा लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोस्टरों को हटवाया और इस घटना की कड़ी निंदा की।

धौरहरा के सपा सांसद आनंद भदौरिया ने कहा, “यह केवल अखिलेश यादव का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और स्वस्थ राजनीतिक परंपराओं का भी अपमान है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन इस तरह की ओछी हरकतें लोकतंत्र के लिए उचित नहीं हैं। इस कार्य में भाजपा व सूचना विभाग के शामिल होने से इनकार नहीं किया जा सकता है।प्रशासन को तत्काल दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता ऐसी मानसिकता का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा।”

सांसद ने आरोप लगाया कि इस तरह के पोस्टर लगाकर जानबूझकर सामाजिक और राजनीतिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

उधर, पोस्टर लगाए जाने की घटना के बाद पुलिस और प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एटा में दो बाइकों की भिड़ंत में 3 घायल, घायलों को सीएचसी अलीगंज पहुंचाया

एटा 14 जुलाई उप्रससे। जनपद में अलीगंज कोतवाली क्षेत्र के हरसिंगपुर मोड़ पर दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

जानकारी के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद के गांव सिटवनपुर, थाना नवाबगंज निवासी अतुल कुमार (32) अपनी भतीजी राधा (15) पुत्री सुखराम के साथ सरौठ-पिंजरी से अपने गांव लौट रहे थे। हरसिंहपुर मोड़ पर उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इस हादसे में अतुल कुमार, उनकी भतीजी राधा और दूसरे पक्ष के नदौरा निवासी गोलू (18) पुत्र अमरपाल घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसने तीनों घायलों को सीएचसी अलीगंज में भर्ती कराया।

घायल अतुल कुमार ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोग उनके रिश्तेदार हैं। इस कारण दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले की सूचना अलीगंज पुलिस को नहीं दी। सीएचसी अलीगंज में चिकित्सकों ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया।

चिकित्सकों ने बताया सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और उन्हें आवश्यक चिकित्सीय देखभाल प्रदान की गई है।

एटा में महिला पत्रवाहक ने बाबू पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए डीएम से लगाई गुहार

एटा 14 जुलाई उप्रससे। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में कार्यरत एक महिला पत्रवाहक ने ऑफिस के एक बाबू पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला ने इस संबंध में जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जि. के कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।

महिला (काल्पनिक नाम रवीना) का आरोप है कि कार्यालय में तैनात बाबू अरविंद 4 मई से उसके साथ अश्लील हरकतें कर रहा था। 10 जुलाई की शाम अरविंद ने उसे अपने घर आने को कहा। आरोप है कि सीट पर बैठे हुए उसने अपना गुप्तांग भी दिखाया। जब महिला ने आपत्ति जताई, तो उसने छेड़छाड़ की।
महिला ने बताया कि उसने पहले भी इस मामले की शिकायत डीपीआरओ एटा से की थी, लेकिन कोई विभागीय कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद उसने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। इस मामले पर जिला पंचायत राज अधिकारी राजकुमार मौर्य ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है और बताया कि जांच की जा रही है।

कलेक्ट्रेट परिसर से निकली ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली, जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

Posted On 14.07.2026,Time 4.30pm

बिजनौर 14 जुलाई, 2026:- (उत्तर प्रदेश समाचार सेवा) सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत आज जनपद बिजनौर के कलेक्ट्रेट परिसर से ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को जिलाधिकारी जसजीत कौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने शिक्षा के महत्व एवं प्रत्येक बच्चे के विद्यालय में नामांकन को बढ़ावा देने संबंधी संदेशों से युक्त तख्तियां हाथों में लेकर लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान छात्र-छात्राएं शिक्षा जागरूकता से जुड़े प्रेरक नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट परिसर से निर्धारित मार्गों पर निकले।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) देवेंद्र पाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

« Newer PostsOlder Posts »