Web News

www.upwebnews.com

अमेरिका-ईरान समझौता और भारत के हित

June 17, 2026

अमेरिका-ईरान समझौता और भारत के हित

Posted on 17.06.2026 Time 10.18 AM, Wednesday, by Sarvesh Kumar Singh

सर्वेश कुमार सिंह

सोमवार को अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की सहमति बन गई। इसकी घोषणा भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से उनके मीडिया प्लेटफार्म सोशल ट्रूथ पर हो गई है। अभी समझौते पर डिजिटल हस्ताक्षर हुए हैं यानिकि भौतिक हस्ताक्षर होना बाकी है। भौतिक हस्ताक्षर होने के बाद ही समझौते को अंतिम माना जाएगा। ये हस्ताक्षर 19 जून को जिनेवा में होंगे। लेकिन, डिजिटल हस्ताक्षर वाले समझौते को अस्थायी समझौता माना जा सकता है। इसे यह भी माना जा सकता है कि दोनों देश सैद्धान्तिक रूप से युद्धविराम और एक व्यापक समझौते के लिए सहमत हो गए हैं।

प्रारंभिक समझौते का दुनिया के अधिकाश देशों ने स्वागत किया है। अलबत्ता इस्राइल ने समझौता मानने और इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया है। इस्राइल के अपने हित हैं, वह उनकी अनदेखी नहीं कर सकता है। लेकिन, डोनाल्ड ट्रंप इस्राइल पर समझौता मानने का दवाब बना रहे हैं, जिसे इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होने कहा है कि हमें अपने हित देखने हैं। इस्राइल लेबनान, गाजा और सीरिया से पीछे नही हटेगा। जबकि ईरान चाहता है कि समझौते में इस्राइल को भी शामिल किया जाए और वह लेबनान में हमले बंद करे, वहां कब्जा की गई जमीन को छोड़े। लेकिन, इस्राइल ने साफ कह दिया है कि यह समझौता इस्राइल के लिए बाध्यकारी नहीं है। हालांकि इस्राइल ने जो मुद्दे उठाये हैं वे भी अहम हैं जैसे उसने कहा है कि आरंभिक समझौते में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने या उसके नियंत्रण की कोई बात शामिल नहीं है। क्योंकि इस्राइल इस बात के लिए कटिबद्ध है कि वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। उधर ईरान के मिसाइल कार्यक्रम को रोकने के लिए भी अमेरिका ने कोई शर्त नहीं लगाई है।  बैंजामिन ने कहा है कि न तो आज और न ही कल हम ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे। इसलिए समझौते को इस्राइल ने सिरे से खारिज कर दिया है। उसने अमेरिका को साफ बता दिया है क उसे इस्राइल के आंतरिक और सैन्य मामलों में हस्तक्षेप करने का उसे कोई अधिकार नहीं है। इतना कड़ा रुख अपनाने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि यह समझौता आधा अधूरा ही है और युद्ध की आशंका आगे भी बनी रहेगी। इस्राइल और ईरान के बीच फिर किसी भी समय युद्ध छिड़ सकता है।

सोशल ट्रूथ पर डोनाल्ड ट्रंप ने कह दिया है कि अब होर्मुज खुल गया है। तेल की स्वतंत्र रूप से आवाजाही होगी। कोई टोल नही लगेगा। ईरान होर्मुज से बारूदी सुरंगें हटाएगा और अमेरिका ईरान के समुद्री तटों की नाकेबंदी खत्म करेगा। इससे दुनिया को राहत मिलेगी। स्वतंत्र रूप से तेल के टैंकर वाले जहाज होर्मुज से निर्बाध आवाजाही कर सकेंगे। साथ ही ईरान से भी तेल खरीदा जा सकेगा। लेकिन ट्रंप इस बात पर मौन हैं कि ईरान के 60 प्रतिशत संबर्धित यूरेनियम का क्या होगा। उस पर किसका निंयत्रण होगा। क्या उसे ईरान नष्ट करेगा। क्योंकि ऊर्जा क्षेत्र के लिए सिर्फ 5 प्रतिशत संबंर्धित यूरेनियम की ही आवश्यकता होती है। हालांकि ईरान ने यह भी कहा है कि अगले दौर की बातचीत में परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा को शामिल किया जा सकता है। फिलहाल यह समझौता अगले साठ दिन के लिए लागू होने जा रहा है। इन साठ दिनों में अमेरिका और ईरान एक दूसरे पर हमले नहीं करेंगे। यह युद्ध एक तरह से 108 दिन बाद समाप्ति की ओर है। माना जाना चाहिए कि अब दोनों के बीच हवाई और मिसाइल हमले नहीं होंगे।

समझौते का विश्व के अन्य देशों और खासकर भारत पर क्या प्रभाव होगा। यह जानना भी जरूरी है। विश्व के सभी देश तेल की आवश्यकता की पूर्ति के लिए मुख्य रूप से खाड़ी देशों पर निर्भर हैं, जिनमें भारत भी शामिल है। भारत कौ गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति खाडी के देशो से होती है। इस युद्द के कारण यह आपूर्ति प्रभावित हुई। क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य को ईरान ने बंद कर दिया था। उधर अमेरिका ने ईरान के समुद्री तटों की नाकेबंदी कर दी थी। इसी नाकेबंदी के कारण भारत के तीन नाविकों की मृत्यु अमेरिकी हमले में हो गई थी। अमेरिका ने तीन विदेशी जहाजों पर ओमान के तट पर हमले किये थे, जिनपर भारतीय क्रू सवार थे। अब समझौते के बाद सभी तरह के प्रतिबंध हट जाएंगे। इससे भारतीय जहाजों को तेल और गैस लाने में कोई रोक टोक नहीं होगी। इसका असर पर देश में कच्चे तेल की कीमतो पर पड़ेगा। भारत का आयता बिल घटेगा और विदेशी मुद्रा की बचत होगी। कीमतें घटेंगीं तो घऱेलू बाजार में भी सरकार मूल्य घटाएगी। साथ ही आपूर्ति में कटौती और प्रतिंबध भी समाप्त हो जाएंगे। भारत को यूरिया की संभावित कमी का सामना भी नही करना पडेगा। कुल मिलाकर भारत के लिए और शेष विश्व के लिए यह समझौता लाभकारी है। हमें इस चर्चा में जाने की कोई जरूरत नहीं है कि इस समझौते में जीत अमेरिका की हुई है या ईरान की। विश्व के हित सुरक्षित हुए हैं यह संतोषजनक है।

June 16, 2026

नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना से पशुपालकों को मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान

Posted on 16.06.2026 Time 10.33 PM Mathura Vrandavan
मथुरा। प्रदेश सरकार द्वारा गोवंशीय पशुओं में नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से “नन्द बाबा दुग्ध मिशन” के अंतर्गत “नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना” संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य उच्च उत्पादन क्षमता वाले गोवंश का संवर्धन, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।
योजना के अंतर्गत लाभार्थी का स्थानीय निवासी होना, आधार एवं पहचान पत्र होना तथा गोपालन अथवा महिषपालन का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। इकाई स्थापना के लिए लगभग आधा एकड़ भूमि तथा चारा उत्पादन हेतु लगभग 1.5 एकड़ भूमि स्वयं की, पैतृक साझेदारी अथवा न्यूनतम सात वर्ष के अनुबंध पर होना अनिवार्य है।
योजना के तहत स्वदेशी नस्लों साहीवाल, थारपारकर, गिर अथवा गंगातीरी नस्ल के 25 गोवंशों की इकाई स्थापित की जाएगी। योजना की कुल लागत साहीवाल, थारपारकर एवं गिर नस्ल के लिए 62.50 लाख रुपये तथा गंगातीरी नस्ल (20+05 इकाई) के लिए 61 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें प्रदेश सरकार द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा।
गोवंश का क्रय प्रदेश के बाहर चयनित नस्लों के ब्रीडिंग ट्रैक्ट से कराया जाएगा, जिससे उच्च गुणवत्ता वाले पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं। इच्छुक पशुपालक नन्द बाबा पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट www.nandbaba.gov.in का अवलोकन किया जा सकता है।
पशुपालन विभाग ने पात्र पशुपालकों से योजना का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने और आधुनिक दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की है।

कूलर में उतरे करंट से 9 वर्षीय बच्ची की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Posted on 16.06.2026 Time 10.27 PM Hathras News

हाथरस, 16 जून,  थाना चंदपा क्षेत्र के गांव नगला मंस्या में बीती रात एक दर्दनाक हादसे में कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 9 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गांव नगला मंस्या निवासी बनी सिंह की 9 वर्षीय पुत्री वैष्णवी घर के अंदर चल रहे कूलर के संपर्क में आ गई। बताया जा रहा है कि कूलर में विद्युत करंट प्रवाहित हो रहा था। कूलर को छूते ही वैष्णवी करंट की चपेट में आकर बेहोश हो गई।कुछ देर बाद परिजनों की नजर बच्ची पर पड़ी तो उसे तत्काल उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल भी लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।मासूम बच्ची की असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

शादी के 4 साल बाद युवती की संदेहजनक स्थिति में मृत्यु, ससुराल पक्ष पर आरोप

एटा में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, चार वर्ष पूर्व हुई थी शादी

एटा 16 जून उप्रससे। जनपद के मलावन थाना क्षेत्र के गांव दतौली में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। विवाहिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के अनुसार दतौली निवासी विनय की पत्नी निशा (24 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि निशा का मायका जनपद मैनपुरी के नगला कोठी गांव में है। परिजनों के अनुसार निशा की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व हुई थी। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंच कर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
मायके पक्ष का आरोप है कि घरेलू विवाद के बाद निशा की हत्या की गई है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक आर के सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

क्षेत्राधिकारी सकीट नितेश गर्ग ने बताया कि मलावन थाना क्षेत्र के गांव दतौली में एक विवाहिता की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है तहरीर प्राप्त होने पर कार्रवाई की जाएगी

Gorakhpur रोहिणी नदी में दो बच्चे डूबे, एक शव मिला

Posted on 16/06/2026
Time 18:24 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

रोहिणी नदी में नहाने गए बच्चों के साथ बड़ा हादसा, दो की मौत, एक का शव बरामद दूसरी बच्ची की तलाश जारी

​गोरखपुर | 16 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) ​तिवारीपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर मोहल्ले में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब रोहिणी नदी के पास नहाने गए चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए। इस दुखद घटना में दो बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य लापता बच्ची की तलाश में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा तिवारीपुर थाना क्षेत्र के गैस गोदाम गली, बंधे के पास स्थित रोहिणी नदी में हुआ। स्थानीय निवासियों के अनुसार, नहाने गए चार बच्चे अचानक गहरे पानी में समा गए। मृतकों की पहचान तकिया कवलदह की रहने वाली 9 वर्षीय पीहू यादव और 11 वर्षीय सर्वेश यादव के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और एसपी सिटी निमिश पाटिल सहित भारी पुलिस बल और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम मौके पर पहुँच गई। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ​मंगलवार शाम करीब 3:30 बजे पुलिस को चार बच्चों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। ​तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर मोर्चा संभाला।
​जाँच में सामने आया कि चार बच्चों में से दो बच्चे सुरक्षित अपने घर पहुँचने में सफल रहे।
​अन्य दो बच्चों की तलाश के लिए चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में एक बच्चे को बरामद कर अस्पताल भेजा गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

प्रशासन वर्तमान में एक अन्य लापता बच्ची, पिंकी यादव, की बरामदगी के लिए अथक प्रयास कर रहा है। एनडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय पुलिस की टीमें पूरी सक्रियता के साथ नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जिलाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

« Newer PostsOlder Posts »