Web News

www.upwebnews.com

सीतापुर में ‘ब्रदर्स साम्राज्य’ पर प्रशासन का सबसे बड़ा प्रहार!

May 18, 2026

सीतापुर में ‘ब्रदर्स साम्राज्य’ पर प्रशासन का सबसे बड़ा प्रहार!

-अतीक अहमद के साथ तस्वीरों से चर्चा में आये दबंग भाइयों पर डीएम का शिकंजा
-करोड़ों की नजूल जमीन पर बुलडोजर कार्रवाई की आहट!

सीतापुर (उ. प्र. समाचार सेवा)। सीतापुर में वर्षों से दबंगई, रसूख और कथित अवैध कब्जों के दम पर खड़ा हुआ “ब्रदर्स साम्राज्य” अब प्रशासन के रडार पर आ चुका है। शहर में लंबे समय से जिन भाइयों के नाम का खौफ और रसूख चर्चा का विषय रहा, अब उन्हीं पर जिला प्रशासन ने सबसे बड़ा वार कर दिया है। माफिया अतीक अहमद के साथ सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और जमीन कारोबार से जुड़े चर्चित रिश्तों को लेकर पहले से सुर्खियों में रहे इन दबंग भाइयों के खिलाफ अब सरकारी मशीनरी खुलकर मैदान में उतर आई है।
सूत्रों और स्थानीय चर्चाओं के मुताबिक, इन भाइयों ने कथित तौर पर वर्षों तक दबंगई और राजनीतिक-सामाजिक रसूख के दम पर सीतापुर में जमीनों का बड़ा नेटवर्क खड़ा किया। शहर के कई इलाकों में इनके प्रभाव और कब्जों की चर्चा आम रही। लेकिन अब डीएम राजागणपति आर. के सख्त तेवरों ने पूरे खेल की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है।
छावनी कदीम, खैराबाद स्थित करोड़ों रुपये कीमत की नजूल भूमि को लेकर जिलाधिकारी न्यायालय से जारी सार्वजनिक नोटिस ने भू-माफिया नेटवर्क में हड़कंप मचा दिया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि नजूल भूखण्ड संख्या 1692, 1693/1 और 1693/2 मूल रूप से सरकारी संपत्ति हैं और इन पर वर्षों से नियमों के विपरीत कब्जा और निर्माण किये गये।
जांच में सामने आया कि जिन जमीनों को कभी बाग, तालाब और सार्वजनिक उपयोग के लिये पट्टे पर दिया गया था, वहां अब अवैध निर्माणों का जाल बिछ चुका है। इतना ही नहीं, वर्ष 2006 में हुए कथित बैनामों को भी प्रशासन ने नियमों के विपरीत मानते हुए कठघरे में खड़ा कर दिया है।
डीएम कोर्ट के नोटिस में साफ संकेत है कि अब न सिर्फ पट्टे निरस्त किये जाएंगे, बल्कि पूरी जमीन को सरकार अपने कब्जे में लेकर वहां वेंडिंग जोन और जनहित परियोजनाएं विकसित करेगी। प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि अवैध कब्जे और निर्माण हटाने की कार्रवाई बिना किसी क्षतिपूर्ति के की जा सकती है।
शहर में चर्चा है कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है। प्रशासन धीरे-धीरे उन तमाम संपत्तियों और कब्जों का रिकॉर्ड खंगाल रहा है, जिन्हें वर्षों तक रसूख और दबंगई के दम पर बचाया जाता रहा। डीएम राजागणपति के सख्त रवैये ने साफ संकेत दे दिया है कि अब “सरकारी जमीन पर साम्राज्य” चलाने वालों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
बाक्स

सीतापुर में अब सत्ता नहीं, कानून का बुलडोजर चल रहा है। जिन लोगों ने वर्षों तक दबंगई को अपनी ताकत समझकर सरकारी जमीनों पर कब्जे का साम्राज्य खड़ा किया, अब उन्हीं की नींव प्रशासन हिला रहा है। डीएम राजागणपति का संदेश बिल्कुल साफ है — चाहे रसूख कितना भी बड़ा हो, सरकारी जमीन पर कब्जे का हिसाब अब हर हाल में होगा… और अगला नंबर किसका होगा, यही सवाल पूरे शहर में गूंज रहा है।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया किशोर, मौके पर मौत

 लगभग आधा घंटे  जलता रहा शव,
हाथरस सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव हबीबपुर में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव के बाहर बने मवेशियों के बाड़े की घेराबंदी करते समय 17 वर्षीय किशोर विनोद कुमार 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि किशोर सड़क किनारे ही जिंदा जल गया और मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि विनोद अपने मवेशियों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए लोहे का तार लगा रहा था, जिसमें झटका मशीन जोड़ने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान वह तार का बंडल सड़क के पार फेंकने का प्रयास कर रहा था, तभी तार ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। बिजली का तेज करंट सीधे उसके शरीर में उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोर का शव करीब 20 मिनट तक आग और धुएं के बीच जलता रहा, लेकिन हाई वोल्टेज करंट के डर से कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उनका कहना था कि हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि बिजली विभाग के अधिकारियों ने इन आरोपों से इनकार किया है। विभाग का कहना है कि यदि लाइन नीचे गिरती या टूटती तो तुरंत बिजली सप्लाई ट्रिप हो जाती, जबकि ऐसा कोई रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

हाथरस में नहर से युवक का शव मिलने से सनसनी

हाथरस, 18 mai 2026,  अलीगढ़ रोड स्थित किंडोली नहर में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर हाथरस गेट कोतवाली पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोपहर बाद मृतक की पहचान 34 वर्षीय पप्पन पुत्र राजवीर निवासी जलेसर रोड, थाना कोतवाली हाथरस के रूप में हुई। परिजनों ने पोस्टमार्टम गृह पहुंचकर शव की पहचान की। बताया गया कि पप्पन एक मुरब्बा फैक्ट्री में काम करता था और सोमवार सुबह घर से फैक्ट्री जाने की बात कहकर निकला था। मृतक अविवाहित था। पप्पन के भाई ने आशंका जताई है कि उसके साथ कोई वारदात हुई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस की मूल्य वृद्धि को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन 

मैनपुरी(18 मई उप्रससे)। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपाल कुमार कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में  पेट्रोल-डीजल, सीएनजी व घरेलू गैस की बढ़ते दामो को लेकर मंहगाई के विरोध में प्रदर्शन जिला कलेक्ट्रेट पर धरना देकर किया गया तथा महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार को सौपा गया।
जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि भाजपा सरकार की कुनीतियों के कारण देश की जनता को महगाई के रूप में भुगतान करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी  देश की जनता को ज्ञान दे रहे है कि पेट्रोल डीजल जरूरत हो तभी इस्तेमाल करो, काम घर से करो, गैस चूल्हा का उपयोग कम करो, विदेशी यात्रा न करो, सोना मत खरीदो और मोदी देश की भोली भाली जनता को मूर्ख बनाकर खुद विदेश यात्रा पर निकल गए। आपको विदित है कि वर्तमान में भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के साथ सीएनजी के दामों में वृद्धि की गई है। इससे पूर्व व्यवसायिक गैस के सिलेन्डरों एवं 5 किलों के सिलेन्डर के दामों में भी बेतहाशा वृद्धि की गई थी। पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में की जा रही लगातार वृद्धि से घरेलू उपयोग की वस्तुओं सहित आम जनमानस के उपयोग में आने वाली रोजमर्रा की प्रत्येक वस्तु की कीमतें में वृद्धि होना स्वभाविक हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा ही आम जनमानस के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है। कांग्रेस पार्टी पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में लगातार वृद्धि एवं महंगाई का विरोध करती है व मांग करती है की महगाई को देखते हुए पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते हुए दामो पर तत्काल प्रभाव में अंकुश लगाया जाए। जिला उपाध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेसी चंद्र प्रकाश दुबे ने कहा कि मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे तब रुपया 58 पर था तो अपने भाषण में बोलते थे कि जिस देश का रुपया गिरता है उस देश की छवि गिरती है। आज मोदी जी ने इसी रुपये को 100 के करीब लाकर विश्व मे भारत देश को सम्मान की श्रेणी में लाकर खड़ा किया है। इस मौके पर अरविंद यादव, अतुल दुबे, श्रीकृष्ण तिवारी,अनुपम शाक्य,डा नवीन शर्मा, हरेन्द्र राउत, राहुल कठेरिया, हिमांशु सेन, बरनाम सिंह, मोनू यादव, दीपचंद्र भारतीय, डॉ. रामप्रमोद शाक्य, नकुल शाक्य, ब्रजेश सिंह यादव, जितेंद्र राठौर, प्रशांत कुमार, शेखर यादव, रतन शाक्य, शेखर कुमार, वैभब पाल, इंद्रेश कुमार, गौरव बादशाह, रफीक अहमद, सुशील शर्मा, विकास यादव,जयशेक कुमार,धर्मेंद्र सिंह, लालू यादव, आदेश सिंह, सुखवीर सिंह, विवेक यादव, राहुल कुमार, सरमन सिंह, राणजीत सिंह, प्रमोद कुमार, शम्भू सिंह आदि जिले के कांग्रेसी उपस्थित रहे।

बालिका से दुष्कर्म के प्रयास में आरोपी को आजीवन कारावास

मैनपुरी, 18 मई (उप्रससे)। थाना करहल क्षेत्र के एक गांव में तीन साल पहले एक बालिका से दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोपी दोषी पाया गया है। स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट जहेंद्र पाल सिंह ने उसको आजीवन कारावास की सजा सुनाकर 50000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। दोषी को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है।
करहल क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक तीन साल की बालिका नौ दिसंबर 2023 को घर के बाहर खेल रही थी। तभी गांव का रहने वाला आकाश उर्फ शिवम वहां आया। बालिका को पास में ही एक खाली जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। बालिका के चीखने पर वहां पहुंचे ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आकाश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने जांच करके आकाश के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में भेज दी।
मुकदमे की सुनवाई स्पेशल जज स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट जहेंद्र पाल सिंह के न्यायालय में हुई। अभियोजन पक्ष ने गवाहों की गवाही न्यायालय में कराई। गवाही के आधार पर आकाश को बालिका के साथ दुष्कर्म के पयास का दोषी पाया गया। स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट जहेंद्र पाल सिंह ने उसको आजीवन कारावास की सजा सुनाकर 50000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। सजा सुनाने के बाद उसको हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है।
स्पेशल जज ने आदेश में लिखा है कि दोषी पर लगाए गए जुर्माने की धनराशि वसूल होने पर पूरी धनराशि पीड़िता को दी जाएगी। यह धनराशि लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 की उपधारा 2 के तहत दी जाएगी। इस मुकदमे में अभियोजन की पैरवी विशेष लोक अभियोजक शैलेंदी राजपूत ने की है
« Newer PostsOlder Posts »