Web News

www.upwebnews.com

महिला आरक्षण पर कांग्रेस ने दोहरा आचरण दिखाया

April 20, 2026

महिला आरक्षण पर कांग्रेस ने दोहरा आचरण दिखाया

रांची, 20 अप्रैल 26, भारतीय जनता पार्टी ने आज झारखंड में विभिन्न स्थानों पर अपने “महिला जनकक्रोश” अभियान के अंतर्गत संवाददाता सम्‍मेलन का आयोजन किया। इसमें पार्टी नेताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने के लिए विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराया। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने देवघर में कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करके अपना दोहरा आचरण दिखा रहे हैं। धनबाद में पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने कहा कि वंशवादी और तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त दल महिलाओं को उनके अधिकार देने के खिलाफ हैं। हजारीबाग में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को महिला सशक्तिकरण का दुश्मन बताया। जमशेदपुर में एक संवाददाता सम्‍मेलन में सांसद मनीष जायसवाल ने इसे देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात बताया और कहा की कि पार्टी 25 अप्रैल को राज्यव्यापी विरोध मार्च का आयोजन करेगी।

सोमनाथ साह बने लोजपा (रामविलास) मथुरा के जिलाध्यक्ष, चेता सिंह को आगरा मंडल की जिम्मेदारी

मथुरा। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में संगठनात्मक बदलाव के तहत सोमनाथ साह को मथुरा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार वर्मा ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा।
वहीं, मथुरा के पूर्व जिलाध्यक्ष चेता सिंह को पदोन्नति देते हुए आगरा मंडल का महासचिव बनाया गया है और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी के अनुसार, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। इस क्रम में अरुण भारती को प्रदेश प्रभारी तथा शांभवी चौधरी को प्रदेश सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
नव नियुक्त जिलाध्यक्ष सोमनाथ साह ने कहा कि पार्टी अपनी विचारधारा और उपलब्धियों के दम पर मथुरा की सभी विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी और आगामी चुनाव में चौंकाने वाले परिणाम सामने आएंगे।

गिजरौली में संघ शाखा का वार्षिक उत्सव, स्वयंसेवकों ने दिखाए कौशल

-गुरुजी शाखा के वार्षिक उत्सव में पधारे अतिथि

हाथरस।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गिजरौली स्थित गुरुजी शाखा द्वारा वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गणवेशधारी स्वयंसेवकों ने योग, व्यायाम, दंड प्रहार और नियुद्ध के प्रदर्शन कर अनुशासन और कौशल का परिचय दिया।उत्सव का शुभारंभ जिला प्रचारक जय किशोर और नगर संघ चालक डॉ. पी.पी. सिंह ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। मुख्य वक्ता के रूप में जिला प्रचारक जय किशोर ने कहा कि शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण और संस्कारों का विकास होता है। शाखा में सामाजिक समरसता के साथ स्वयंसेवक एक-दूसरे से जुड़ते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।उन्होंने कहा कि संघ समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और शताब्दी वर्ष के तहत ‘पंच परिवर्तन’ के माध्यम से संस्कारित समाज के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही स्वदेशी, स्वधर्म, स्वराज और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यों के पालन पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव प्रताप सिंह ने की, जबकि संचालन नगर कार्यवाह अमित गौतम ने किया। इस अवसर पर नगर प्रचारक शिवम, विपिन, राजू, शरद तिवारी, रामहरी चाहर, अशोक गौड़, कृष्ण गोपाल, अरविंद, हरेंद्र सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।

पत्रकार  वेदप्रकाश हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, कुल 11 आरोपी जेल

हाथरस।पत्रकार  वेदप्रकाश शर्मा हत्याकांड में कोतवाली नगर पुलिस ने एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को आगरा निवासी नीतू शर्मा ने थाना सहपऊ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके भाई वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की 6 अप्रैल की रात मकान कब्जाने की नीयत से हत्या कर दी गई। विवेचना के दौरान घटना स्थल कोतवाली नगर क्षेत्र में पाए जाने पर मामला वहां स्थानांतरित किया गया।पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 20 अप्रैल को कोतवाली नगर पुलिस ने कन्हैया पुत्र मुरारी लाल निवासी दिल्ली वाला चौक, हाथरस को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक इससे पहले इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ताजा गिरफ्तारी के बाद कुल 11 आरोपी हिरासत में हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह राघव और उनकी टीम शामिल रही।

तीन प्रधानाचार्यों को राज्य स्तरीय सम्मान

हाथरस।जिले के तीन प्रधानाचार्यों को राष्ट्रीय आय आधारित योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान लखनऊ में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया, जिसमें प्रदेश भर के सैकड़ों शिक्षकों और प्रधानाचार्यों ने भाग लिया।सम्मान पाने वालों में रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. नीतू यादव, उमेश चंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ जैन और कन्या इंटर कॉलेज सासनी की प्रधानाचार्य डॉ. उमा कुमारी शामिल हैं। तीनों ने अपने-अपने विद्यालयों में अधिकतम छात्र-छात्राओं को परीक्षा में प्रतिभाग कराकर उल्लेखनीय परिणाम दिलाए।लखनऊ स्थित रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश भर के करीब 409 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान तीनों प्रधानाचार्यों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।बताया गया कि रामचंद्र अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज की 16 छात्राएं, कन्या इंटर कॉलेज सासनी की 13 छात्राएं और आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज के 5 छात्र इस परीक्षा में सफल हुए हैं। चयनित विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से प्रति वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान छात्रवृत्ति और प्रतियोगी परीक्षाओं में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने को लेकर कार्यशाला भी आयोजित की गई, जिसमें तीनों प्रधानाचार्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अधिकारियों ने इन प्रयासों को विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

« Newer PostsOlder Posts »