Web News

www.upwebnews.com

203 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई

April 17, 2026

203 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई

*योगी सरकार का बड़ा एक्शन, श्रम कानून उल्लंघन पर

*गौतमबुद्धनगर में श्रमिक हितों की अनदेखी पर बड़ा एक्शन, 1.16 करोड़ की पेनल्टी का नोटिस*

*24 कारखानों के 203 संविदाकारों पर कार्रवाई, ब्लैकलिस्टिंग की प्रक्रिया शुरू*

*श्रमिकों को देय भुगतान न करने पर वसूली और मुकदमे की तैयारी*

*21% वेतन वृद्धि लागू, अप्रैल से प्रभावी दरों का मई में होगा भुगतान*

*गौतमबुद्धनगर, 17 अप्रैल।* उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार श्रमिकों के हितों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़े पैमाने पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में गौतमबुद्ध नगर में श्रम कानूनों का उल्लंघन करने वाले 24 कारखानों से जुड़े 203 संविदाकारों के लाइसेंस निरस्त करने, धनराशि की वसूली करने और संबंधित एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अपर श्रमायुक्त गौतमबुद्धनगर राकेश द्विवेदी के अनुसार, जिन संविदाकारों के श्रमिकों द्वारा हालिया आंदोलन में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं, उनमें कई संविदाकारों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। साथ ही जिन संविदाकारों ने श्रम कानूनों का पालन नहीं करते हुए श्रमिकों को उनके देय हित लाभों से वंचित रखा, उनके विरुद्ध 1 करोड़ 16 लाख 5 हजार 67 रुपये की पेनल्टी का नोटिस जारी किया गया है, जिसे श्रमिकों को भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि शेष संविदाकारों की भी पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार की मंशा स्पष्ट है कि श्रमिकों के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपर श्रमायुक्त ने यह भी जानकारी दी कि श्रमिकों की वेतन वृद्धि को लेकर उत्पन्न असंतोष के बाद शासन स्तर पर गठित उच्च स्तरीय समिति की संस्तुति के आधार पर गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में 74 अनुसूचित नियोजनों के श्रमिकों के वेतन में 21 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। यह वृद्धि 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी, जिसका भुगतान मई माह की 7 से 10 तारीख के बीच किया जाएगा। नई दरें संविदा और स्थायी दोनों प्रकार के श्रमिकों पर समान रूप से लागू होंगी।

साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कर्मचारियों के वेतन से ईपीएफ और ईएसआई के अतिरिक्त कोई अन्य कटौती अनुमन्य नहीं होगी। यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। श्रम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि श्रमिकों को ओवरटाइम का भुगतान दोगुनी दर से, साथ ही बोनस और ग्रेच्युटी जैसे सभी वैधानिक लाभ सुनिश्चित किए जाएंगे। वेतन भुगतान में देरी या कम भुगतान की स्थिति में संविदाकारों के साथ-साथ उनके प्रधान सेवायोजकों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।

बॉक्स
*उद्यमी संगठन औद्योगिक इकाइयों से न्यूनतम वेतन वृद्धि का अनुपालन करने हेतु लगातार कर रहे अपील*

प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस एवं श्रमिकों के लिए निर्धारित न्यूनतम वेतन वृद्धि का अनुपालन जनपद की औद्योगिक इकाइयों द्वारा किया जाना प्रारंभ कर दिया गया है। जनपद के विभिन्न उद्यमी संगठन शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। संगठनों द्वारा औद्योगिकी इकाइयों से व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से संदेश, ऑडियो एवं वीडियो प्रसारित कर शासन की गाइडलाइंस तथा न्यूनतम वेतन वृद्धि के अनुपालन को सुनिश्चित करने की अपील की जा रही है। उद्यमी संगठनों द्वारा किया जा रहा यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है, जो जनपद में औद्योगिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान प्रदान कर रहा है।

पट्टीदारों के विवाद में महिला की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद


देवरिया। जनपद के थाना महुआडीह क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर बनहर में आपसी रंजिश और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की जान चली गई। घटना 15 अप्रैल 2026 की रात्रि की है, जब दो सगे पट्टीदारों के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान रविता देवी (पत्नी उमेश विश्वकर्मा) के सिर पर गंभीर चोट लग गई। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मृतका के बेटे की तहरीर पर थाना महुआडीह में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
जनपद के पुलिस अधीक्षक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
इसी क्रम में 17 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर खड़ाईच मोड़ के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
पूछताछ के आधार पर एक आरोपी की निशानदेही पर लीलापुल सीएचसी के पास स्थित एक बगीचे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल (कुदाल) बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद कुदाल को कब्जे में लेकर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की घटनाओं में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

सांस्कृतिक विरासत संरक्षण में साहित्यकार-पत्रकार सहयोगी बनें – डाॅ०राकेश सक्सेना

Rakesh Saxena

एटा, 17 अप्रैल उप्रससे। जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष एवं साहित्यकार डाॅ०राकेश सक्सेना ने विश्व विरासत दिवस 18 अप्रैल की महत्ता के संदर्भ में अवगत कराया कि भारत जैसे प्राचीन सांस्कृतिक राष्ट्र में विरासत की समृद्ध परम्परा रही है। यहाँ के मंदिर, स्तूप, स्मारक, किले, साहित्य, नृत्य, लोककला और जीवन-दर्शन विश्व की अनुपम, अमूल्य सांस्कृतिक विरासत प्रदान करते हैं।

डाॅ०राकेश सक्सेना ने जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के द्वारा ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत राष्ट्रीय पाण्डुलिपियों एवं दुर्लभ अभिलेखों के संरक्षण के उद्देश्य से जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान की सराहना करते हुए जनपद के पुरोहित, धर्माचार्य, ज्योतिषाचार्य, पत्रकार एवं साहित्यकार साथियों का आह्वान किया कि वे पाण्डुलिपियों को ज्ञान भारतम् मोबाइल एप के माध्यम से संरक्षित कराने में अपनी सक्रिय सहभागिता करें जिससे हमारे एटा जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण व संवर्धन सुनिश्चित हो सके।

एटा: पुलिस ने किसानों का गढ़ कूच रोका, टकराव

एटा से गढ़मुक्तेश्वर कूच पर किसने की पुलिस प्रशासन से हुई धक्का मुक्की, पूर्व मंत्री की टिप्पणी से भड़के किसान

एटा 17 अप्रैल उप्रससे। जनपद में भारतीय किसान यूनियन (भानु) के
राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह पर भाजपा के पूर्व मंत्री मदन चौहान की कथित अभद्र टिप्पणी के बाद प्रदेश में किसान आक्रोशित हो गए हैं। शुक्रवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों गाड़ियों का काफिला गढ़मुक्तेश्वर के लिए रवाना हुआ, जिसे रोकने के दौरान पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, काफिला हाथरस के सिकंदराराऊ और एटा के जलेसर क्षेत्र से निकलकर हापुड़ की ओर बढ़ रहा था। रास्ते में प्रशासन ने किसानों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने और जबरन धक्का मुक्की कर आगे बढ़ गये। किसानों को रोकने के लिए एएसपी एटा श्वेताभ पांडेय, सीओ जलेसर, एसडीएम समेत कई थानों की फोर्स तैनात रही। अधिकारियों द्वारा समझाने के बावजूद किसान नहीं रुके। इस दौरान कई जगहों पर पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। कुछ प्रदर्शनकारी आक्रामक हो गए और बैरिकेडिंग तोड़ते हुए आगे निकल गए। यहां तक आरोप है कि पुलिस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश भी की गई।
विवाद की जड़ भाजपा के पूर्व मंत्री मदन चौहान का वह बयान है, जिसमें उन्होंने भाकियू भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। इस बयान के बाद से ही किसान संगठनों में नाराजगी थी, जो अब सड़क पर उतर आई है। संगठन की मांग है कि पूर्व मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
किसानों के कूच को देखते हुए गढ़मुक्तेश्वर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूर्व मंत्री के आवास और कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात है। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि काफिले को शहर में प्रवेश से पहले रोका जा सके।
एटा से काफिला पटना पक्षी विहार पार कर आगे निकल गया है और लगातार गढ़मुक्तेश्वर की ओर बढ़ रहा है। भारी संख्या में किसान इस कूच में शामिल बताए जा रहे हैं।

भारतीय किसान यूनियन भानु के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह से ही नगला सुखदेव में आवास पर जमावाड़ा के बाद भी हापुड़ कूच शुरु हो गया है पूरे प्रदेश से भारी संख्या में किसान गढ़मुक्तेश्वर पूर्व मंत्री मदन चौहान के कार्यालय की ओर बढ़ रहे हैं उन्होंने आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। किसान नेताओं ने साफ कर दिया है कि जब तक पूर्व मंत्री माफी नहीं मांगते, आंदोलन जारी रहेगा और वे हर हाल में गढ़मुक्तेश्वर पहुंचकर विरोध करेंगे पैदल कूच के दौरान भारतीय किसान यूनियन भानु के नेता प्रशासन व भाजपा नेता के बारे में जम कर उल्टे सीधे नारे लगा रहे हैं।

वर्जन
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि भाकियू भानु के समर्थकों का गढ़मुक्तेश्वर जाने का कार्यक्रम चेतावनी के साथ पहले से निर्धारित था। पुलिस द्वारा उन्हें हापुड़ की ओर जाने से रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। उन्होंने धक्का-मुक्की करते हुए बैरिकेडिंग पार की और एटा सीमा से बाहर निकल गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात है और आगे भी निगरानी की जा रही है।

आजमगढ़ : रिश्वत लेते दरोगा गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा

आजमगढ़, सरायमीर थाने का सब-इंस्पेक्टर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरोगा अभिषेक सिंह को 20 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। मुकदमे से नाम निकालने के लिए रिश्वत लेने का आरोप है। एंटी करप्शन टीम ने केमिकल लगे नोटों के साथ दरोगा को पकड़ा।

« Newer PostsOlder Posts »