हाथरस। जनपद की सिकंदराराऊ तहसील में शनिवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कानूनगो को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में हड़कंप फैल गया।जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता धर्मवीर बघेल ने आरोप लगाया था कि जमीन की पैमाइश एवं नापतौल से संबंधित कार्य कराने के बदले कानूनगो नरेंद्र तिवारी 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की गई। शिकायत का सत्यापन होने के बाद अलीगढ़ से पहुंची एंटी करप्शन टीम ने तहसील परिसर स्थित कैंटीन में जाल बिछाया।पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही कानूनगो ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लेकर अपनी जेब में रखे, टीम ने तत्काल उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी कानूनगो को अपने साथ ले गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।एंटी करप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
