Web News

www.upwebnews.com

10 वर्षीय वैभव वर्मा हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी शिक्षक के घर के बेसमेंट से मिला शव; आरोपी गिरफ्तार

July 28, 2026

10 वर्षीय वैभव वर्मा हत्याकांड का खुलासा, पड़ोसी शिक्षक के घर के बेसमेंट से मिला शव; आरोपी गिरफ्तार

Posted on 28/07/2026
Time 13:50 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा) । खजनी थाना क्षेत्र में लापता हुए 10 वर्षीय वैभव वर्मा की तलाश मंगलवार को दर्दनाक अंत के साथ खत्म हुई। पुलिस ने बालक का शव उसके ही पड़ोसी और कंप्यूटर शिक्षक के घर के बेसमेंट से बरामद किया है। मामले में आरोपी शिक्षक सर्वेश भट्ट (36 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस हत्या के कारणों की गहन जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, खजनी क्षेत्र के निवासी और ज्वैलरी कारोबारी हनुमान वर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका 10 वर्षीय पुत्र वैभव वर्मा सोमवार दोपहर करीब 2 बजे साइकिल लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शिकायत मिलते ही खजनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस की दो टीमों के साथ एसपी साउथ के निर्देशन में एसओजी की तीन टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें पड़ोसी और पेशे से कंप्यूटर शिक्षक सर्वेश भट्ट वैभव को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दिया।
संदेह के आधार पर पुलिस ने सर्वेश भट्ट से पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ के दौरान उसने घटना से जुड़ी जानकारी दी, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर उसके घर के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद कर लिया गया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के कारणों और मृत्यु की परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस मामले में सभी पहलुओं पर जांच करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।