मथुरा/वृन्दावन, 19 जुलाई। वृन्दावन स्थित गीता शोध संस्थान परिसर के ओपन एयर थिएटर में रविवार को वैश्विक आध्यात्मिक संस्था हार्टफुलनेस के तत्वावधान में ध्यान शिविर एवं आध्यात्मिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, आत्मिक उन्नति और जीवन में संतुलन स्थापित करने का संदेश दिया गया।
परिचर्चा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मनुष्य के जीवन में शांति, संतुलन और आत्मिक विकास का मूल आधार हृदय से जुड़ाव है। धर्म, ईश्वर, परंपरा और विभिन्न मान्यताओं पर विचार रखते हुए बताया गया कि ईश्वर को केवल अनुभूति के माध्यम से ही जाना जा सकता है तथा यह अनुभूति ध्यान, प्रेम और आंतरिक साधना से संभव है। प्रतिभागियों को नियमित ध्यान को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया गया।
ध्यान शिविर में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान सत्र के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने आत्मिक शांति एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
