Santosh Kumar Singh Gorakhpur
12/05/2026
गोरखपुर। जनपद के चौरीचौरा थाना क्षेत्र स्थित मिर्जवा सरदार गांव में शनिवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई । यहाँ 32 वर्षीय स्नेहलता की सिलबट्टे से प्रहार कर निर्मम हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति और ससुर समेत ससुराल पक्ष के कुल 9 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। घटना के समय घर पर मौजूद ढाई साल का मासूम बेटा अब इस केस में मुख्य गवाह बनेगा।
मिर्जवा सरदार निवासी साधु शरण मौर्य, जो बाराबंकी में आईटीआई शिक्षक हैं, उनकी पत्नी स्नेहलता शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर के अंदर लहूलुहान स्थिति में मिलीं। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ले गए, लेकिन अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के शरीर, सिर, हाथ-पैर पर चोट के गंभीर निशान थे और गले पर रस्सी के निशान भी पाए गए हैं।
भाई का आरोप: सुनियोजित तरीके से की गई हत्या
स्नेहलता के भाई अमित मौर्य (निवासी गगहा) ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। अमित के अनुसार, उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि बहन घायल है, लेकिन अस्पताल पहुँचने पर उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि बहन के शरीर पर गहरे जख्म इस बात का प्रमाण हैं कि किसी भारी वस्तु से उन पर हमला किया गया है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति साधु शरण, ससुर गोपीनाथ, जेठ रामू , जेठानी साधना , सास , ननद वंदना , छोटे और बड़े बहनोई समेत कुल 9 लोगों को आरोपी बनाया है ।
घटना के वक्त स्नेहलता की दो बड़ी बेटियां स्कूल गई हुई थीं। घर पर केवल उनका ढाई साल का बेटा मौजूद था। पुलिस की एक टीम ने बच्चों से बातचीत की है, जिसमें मासूम के बयानों के आधार पर पति और ससुर पर शक गहरा गया है। पुलिस फिलहाल इन दोनों से सघन पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सना सिलबट्टा बरामद किया है, जिसे मुख्य हथियार माना जा रहा है।
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर ससुराल पक्ष के 9 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं और फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है। घटना के हर पहलू की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

