हाथरस। सासनी रेलवे कॉलोनी में एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार रेलवे कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय राजकुमारी पत्नी आकाश बुधवार शाम अपने घर पर तीन बच्चों के साथ मौजूद थी। बताया जाता है कि उसके पति आकाश रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के लिए गए हुए थे। इसी दौरान राजकुमारी ने अपने तीनों बच्चों को घर से बाहर भेजकर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फांसी लगा ली।कुछ देर बाद बच्चों ने खिड़की से देखा तो उनकी मां फंदे पर लटकी हुई थी। बच्चों ने तत्काल अपने पिता को सूचना दी। सूचना मिलते ही पति मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक राजकुमारी की मौत हो चुकी थी।बताया गया है कि राजकुमारी का विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व हुआ था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना से परिवार तथा आसपास के लोगों में शोक व्याप्त है।प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
