लखीमपुर खीरी। छोटी काशी के नाम से विख्यात प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गोला गोकर्णनाथ में सावन माह के मद्देनजर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सावन के पहले सोमवार से ठीक पहले शनिवार को जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मिलकर मेला क्षेत्र का जायजा लिया।जिलाधिकारी अंजनी कुमार और पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग ने गोला विधायक अमन गिरी और नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ के साथ नीलकंठ मैदान में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान सभी ने संयुक्त रूप से मेला परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।बैठक में सावन के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को केंद्र में रखकर रणनीति बनाई गई। अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, लाइटिंग और स्वास्थ्य सेवाओं जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि कांवड़ियों और शिवभक्तों को किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होनी चाहिए।सीसीटीवी से निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती,गोला गोकर्णनाथ धाम में सावन के महीने में जलाभिषेक के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखने और बैरिकेडिंग दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस की मुस्तैदी और अपनों से बिछड़े लोगों के लिए खोया-या केंद्र स्थापित करने को कहा गया है।नगर पालिका प्रशासन को पूरे मेला क्षेत्र और शहर में 24 घंटे साफ-सफाई और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षण के दौरान पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

