Posted on 15/06/2026
Time 18:15 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh
गोरखपुर । 15 जून 2026 ( उप्र समाचार पत्र) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस ने चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो ऐसे शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनका तरीका जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। अपनी पहचान छुपाने के लिए ये चोर महिलाओं की तरह ‘सलवार-सूट’ पहनकर वारदातों को अंजाम देते थे, लेकिन आखिर में सीसीटीवी कैमरे ने इनकी पोल खोल दी।
कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े इन चोरों ने पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि उन्हें लेडीज सलवार-सूट पहनने की सलाह उनके एक साथी की माँ ने दी थी। उनका मानना था कि ऐसा करने से पुलिस और राहगीरों को उन पर शक नहीं होगा और वे आसानी से बच निकलेंगे।
इन चोरों की चालाकी 11-12 जून की रात उस समय धरी की धरी रह गई, जब वे जलाल कामर्शियल कॉम्प्लेक्स की एक दुकान का शटर तोड़ रहे थे। उस समय उन्होंने सलवार-सूट पहन रखा था और वे पास लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हो गए। इसी फुटेज के आधार पर कोतवाली पुलिस ने जाल बिछाया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से
नकद 49,000 रुपये, मोबाइल फोन 5 अदद,
9 सफेद धातु (चांदी) के सिक्के और 1 सफेद धातु का कटोरा बरामद किया है।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 11-12 जून और 13-14 जून की रात को शहर की कई दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए चोरों की पहचान रियासत उर्फ इमरान खान पुत्र मो. सगी खान, निवासी पोस्ट ऑफिस के पास, कुसम्ही बाजार, थाना राजघाट, गोरखपुर और राशिद खान उर्फ पिंधु पुत्र सजिद खान, निवासी जफरा कॉलोनी, रहमतनगर, थाना तिवारीपुर, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी सिटी ने बताया कि मुखबिर की सटीक सूचना और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस इन अपराधियों तक पहुँचने में सफल रही। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और चोरी का सामान खरीदने वाले लोगों की तलाश कर रही है।

