Web News

www.upwebnews.com

सब्जियों के नीचे छिपाकर नेपाल ले जाया जा रहा लाखों का तस्करी का माल बरामद

October 10, 2026

सब्जियों के नीचे छिपाकर नेपाल ले जाया जा रहा लाखों का तस्करी का माल बरामद

उ प्र समाचार सेवा
गौरीफंटा खीरी ।भारत-नेपाल के गौरीफंटा बॉर्डर पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों और कस्टम विभाग के दावों की पोल खुल गई है। भारतीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल, स्थानीय पुलिस और कस्टम विभाग की कथित पैनी नजरों को चकमा देकर नेपाल में दाखिल हुए एक भारतीय सब्जी के मिनी ट्रक को नेपाल पुलिस ने भारी मात्रा में तस्करी के सामान के साथ दबोच लिया है। नेपाल के धनगढ़ी स्थित ट्रैफिक चौराहे पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों के सुरक्षा महकमों में हड़कंप मच गया है।यह मिनी ट्रक (नंबर: UP 23 T 8675) भारतीय सीमा से सब्जी लादकर नेपाल में दाखिल हुआ था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों और कस्टम की चेकिंग से बचकर ट्रक नेपाल के धनगढ़ी तक पहुंच गया। लेकिन वहां ट्रैफिक चौराहे पर तैनात कैलाली पुलिस को गाड़ी पर शक हुआ। जब पुलिस ने ट्रक को रोककर उसकी सघन तलाशी ली, तो सब्जियों के नीचे छिपाकर रखा गया तस्करी का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।लाखों का माल बरामद: जांच के दौरान ट्रक से 26 लाख 88 हजार नेपाली रुपये मूल्य के मोबाइल फोन डिस्प्ले और अन्य अवैध तस्करी का सामान बरामद किया गया है।भारतीय ट्रक जब्त: नेपाल पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हो रहे भारतीय मिनी ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।चालक गिरफ्तार: ट्रक चालक की पहचान लखीमपुर खीरी के पलिया निवासी 25 वर्षीय आकिब खान के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

इस सनसनीखेज मामले ने गौरीफंटा सीमा पर तैनात एसएसबी, स्थानीय पुलिस और कस्टम विभाग की चेकिंग व्यवस्था व सीमा शुल्क प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी कड़ाई के बावजूद यह ट्रक बिना चेकिंग के सीमा पार कैसे कर गया?फिलहाल, नेपाल की कैलाली पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर और सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।