Posted on 14.07.2026 Time 07.24 PM, SP MP , Basti
उप्रससे ( जयंत कुमार मिश्रा)
बस्ती, 14 July 2026, समाजवादी पार्टी के बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में राम मंदिर चंदा और कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा। कहा कि यदि चंदे में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो इसकी जवाबदेही सरकार और शीर्ष नेतृत्व की बनती है तथा मुख्यमंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए।
सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा राम मंदिर आंदोलन का नेतृत्व करती रही, लेकिन सत्ता में आने के बाद मंदिर ट्रस्ट और उससे जुड़े मामलों की प्रभावी निगरानी नहीं की गई। उनका कहना था कि देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था और दान से जुड़े इस मामले में यदि अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार अयोध्या गए, इसके बावजूद चंदे की राशि के उपयोग को लेकर कथित गड़बड़ियों की जानकारी उन्हें क्यों नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस व्यवस्था की निगरानी सरकार को करनी चाहिए थी, उसी दौरान कथित अनियमितताएं सामने आईं।
सनातन पांडेय ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगातार यह मुद्दा उठाने और सोशल मीडिया के माध्यम से सवाल किए जाने के बाद ही जांच की प्रक्रिया शुरू हुई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान सांसद ने बताया कि 5 अगस्त को लखनऊ में समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में आमंत्रित किया गया है।
प्रेसवार्ता में विधायक एवं सपा जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, विधायक कवीन्द्र चौधरी, पूर्व विधायक राजमणि पांडेय, अरविंद सोनकर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

