Web News

www.upwebnews.com

संतान का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म

May 20, 2026

संतान का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म

“झाड़-फूंक के नाम पर हवस का खेल!”
– ‘कल्लू बाबा’ गिरफ्तार
मजार, तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास की आड़ में महिला की अस्मत से खिलवाड़ का आरोप

सीतापुर(उप्र समाचार सेवा)। तालगांव थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और झाड़-फूंक की आड़ में महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को तांत्रिक और इलाज करने वाला बताने वाले कथित मौलाना कल्लू अंसारी उर्फ ‘कल्लू बाबा’ पर आरोप है कि उसने संतान प्राप्ति का झांसा देकर महिला का शोषण किया। मामला सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।
सकरन क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता का आरोप है कि वह लंबे समय से संतान न होने की समस्या से परेशान थी। इसी दौरान उसका संपर्क तालगांव क्षेत्र के कमापुर निवासी कल्लू अंसारी से हुआ, जो खुद को झाड़-फूंक और तांत्रिक विद्या का जानकार बताता था। आरोपी महिला को जंगल में बनी एक मजार पर बुलाकर इलाज और झाड़-फूंक के नाम पर पैसे ऐंठता था। बताया जा रहा है कि रुपये लेने का वीडियो भी सामने आया है।
पीड़िता के मुताबिक, झाड़-फूंक के दौरान आरोपी कई बार उसके साथ अश्लील हरकतें करता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि 15 मई को कल्लू बाबा ने उसे अपने घर बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए तालगांव पुलिस ने आरोपी मौलाना के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक अनूप शुक्ला ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है।