Web News

www.upwebnews.com

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, कार्ड बांटने गए युवक की सड़क हादसे में मौत

June 19, 2026

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, कार्ड बांटने गए युवक की सड़क हादसे में मौत

Mainpuri samachar UP Web News
News Posted on 19.06.2026 Friday Time 07.47 PM, Mainpuri
मैनपुरी, 19 जून 2026 (उप्र समाचार सेवा)। बेवर थाना क्षेत्र के गांव नगला बहोरी में उस समय खुशियां मातम में बदल गईं, जब अपनी शादी के निमंत्रण पत्र बांटने गए एक युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार नगला बहोरी निवासी पुष्पराज उर्फ लालू (24 वर्ष) की शादी आगामी 26 जून को निर्धारित थी। विवाह की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और घर में उत्सव का माहौल था। इसी बीच पुष्पराज अपने एक मित्र के साथ शादी के कार्ड बांटने के लिए पड़ोसी जनपद कन्नौज गया था। बताया जाता है कि कन्नौज क्षेत्र में उनकी बाइक सड़क हादसे का शिकार हो गई, जिसमें पुष्पराज की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने परिवार में पांच बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की असमय मौत की खबर मिलते ही माता-पिता व बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस घर से आठ दिन बाद बारात निकलनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार पुष्पराज मिलनसार एवं व्यवहार कुशल युवक था। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है। घटना के बाद परिजनों और रिश्तेदारों का घर पर तांता लगा हुआ है। शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अब इस असहनीय दुख से टूट गया है।