मैनपुरी, 21 अप्रैल 26, तहसील भोगांव स्थित उपनिबंधक कार्यालय को तहसील परिसर से हटाकर सिविल कोर्ट मैनपुरी के पीछे ग्राम पुसैना में स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं ने तूल पकड़ लिया है। कार्यालय के लिए तहसील से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थान चिन्हित किए जाने की सूचना मिलते ही वकीलों, बैनामा लेखकों और स्टाम्प विक्रेताओं में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। सोमवार को कार्य शुरू होते ही जैसे ही यह खबर फैली, अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष राजेश कुमार यादव ने सभागार में एक बैठक बुलाई। बैठक में बैनामा लेखक संघ के अध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा और स्टांप विक्रेता संघ के अध्यक्ष संतोष मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
सभी ने एक स्वर में कार्यालय को तहसील के निकट ही बनाए रखने की मांग की। आक्रोशित तीनों संघों के सदस्यों ने भीषण गर्मी के बावजूद जमकर नारेबाजी की और उपजिलाधिकारी नीरज कुमार द्विवेदी से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। वकीलों का तर्क है कि कार्यालय दूर जाने से वादकारियों और अधिवक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।आंदोलन की चेतावनी दी गई अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि इस संबंध में शीघ्र ही डीएम से मुलाकात की जाएगी। यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो वृहद आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान हेमेंद्र मिश्रा, बृजेंद्र सिंह, शिव कुमार दुबे, गौरव शाक्य, संदीप कुमार, शाहरुख अब्बासी, सुबोध सक्सेना, राजबहादुर सिंह चौहान, जयकुमार दुबे, हरिओम यादव, जयसिंह शाक्य, सुधांशु मिश्रा सहित अधिवक्ता व स्टांप विक्रेता मौजूद रहे।
