मैगलगंज !खीरी राष्ट्रीय राजमार्ग लखनऊ-दिल्ली पर मैगलगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जमुनिया रना निवासी सत्येंद्र कुमार पुत्र रामचंद्र अपने बेटे चमन के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। बाइक चमन चला रहा था। जैसे ही वे NH-30 पर पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित कार ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सत्येंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मैगलगंज कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए सिर में गंभीर चोट लगने से घायल चमन को तुरंत अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चमन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सीतापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
