Web News

www.upwebnews.com

मुबारिकपुर कपसिया में रात्रि चौपाल, ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी

June 13, 2026

मुबारिकपुर कपसिया में रात्रि चौपाल, ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी

-रात्रि चौपाल में शामिल  ग्रामीण

हाथरस। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड सिकंदराराऊ की ग्राम पंचायत मुबारिकपुर कपसिया में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण, धार्मिक स्थलों के विकास और मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। साथ ही सिकंदराराऊ में बस स्टैंड निर्माण के लिए भी शासन से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। गर्भवती महिलाओं को पोषण डलिया प्रदान की गई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के एलईडी प्रचार वाहन के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया गया।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सिकंदराराऊ, खंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।