मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से की मुलाकात, कहा- श्रीप्रकाश मणि का सैन्य एवं राजनीतिक जीवन ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का रहा प्रतीक*
*देवरिया, 09 नवंबर।*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया के पूर्व सांसद एवं भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रहे लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री आज बैतालपुर विकासखंड स्थित उनके पैतृक गांव बरपार पहुंचे और उनके आवास पर दिवंगत नेता के पार्थिक शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने सांसद शशांक मणि त्रिपाठी सहित शोकाकुल परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद के व्यक्तित्व एवं उनसे जुड़ी राजनीतिक स्मृतियों को याद करते हुए कहा कि वे स्वयं भी उनके सांसद रहे हैं। श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का सैन्य एवं राजनीतिक जीवन अत्यंत सरल, व्यावहारिक और दृढ़ निश्चयी रहा। उन्होंने अपने पूरे जीवन में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोच्च स्थान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवार उनके अपने परिवार की तरह है। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी सहित पूरे परिवार के साथ वे इस दुःख की घड़ी में खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए प्रभु श्रीराम से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत पूर्व सांसद की धर्मपत्नी शशि त्रिपाठी से भी मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पूर्व सांसद अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र शशांक मणि त्रिपाठी देवरिया से वर्तमान सांसद हैं। उनके दूसरे पुत्र मृगांक त्रिपाठी तथा एक पुत्री शिप्रा त्रिपाठी हैं।
इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, सदर विधायक सलभ मणि त्रिपाठी, सलेमपुर विधायक एवं राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, भाटपार रानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया तथा बरहज विधायक दीपक मिश्रा उर्फ शाका मिश्रा सहित जनपद एवं आसपास के जिलों के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अंतर्यामी सिंह, राजेश मिश्रा एवं पवन मिश्रा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सेना के अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें सैन्य सम्मान प्रदान किया।इस दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
*जीवन परिचय एक नजर में*
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का रविवार, 08 नवंबर को नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान सुबह 11:15 बजे निधन हो गया था। वह 91 वर्ष के थे। उनके निधन की सूचना उनके पुत्र एवं सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने दी थी। उनका जन्म 30 जून 1935 को जनपद देवरिया के बरपार गांव में हुआ था। उन्होंने जून 1955 में भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया और लगभग चार दशक तक सैन्य सेवा में रहते हुए देश की सेवा की। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह भारतीय सेना में उप सेना प्रमुख (डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद पर भी रहे। उनकी विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए वर्ष 1986 में अति विशिष्ट सेवा मेडल तथा वर्ष 1992 में परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।
सैन्य सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया और भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर वर्ष 1996 एवं 1999 में देवरिया लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए। उन्होंने 11वीं एवं 13वीं लोकसभा में जनपद का प्रतिनिधित्व किया। उनके निधन से जनपद ने एक अनुभवी सैन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी व्यक्तित्व को खो दिया है।
