गोरखपुर। नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ने के बाद इसका असर उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में भी दिखाई देने लगा है। नेपाल से बहकर पांच हाथियों के यूपी पहुंचने की सूचना के बाद वन विभाग और प्रशासन सतर्क हो गया है। वहीं, बाढ़ की आशंका को देखते हुए महराजगंज और कुशीनगर में हाईअलर्ट जारी किया गया है।
नेपाल के बैराज के सभी 36 गेट खोल दिए जाने से गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन को आशंका है कि देर रात तक दोनों जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंच सकता है। इसके मद्देनजर नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिसकर्मी गांव-गांव पहुंचकर लाउडस्पीकर से मुनादी करा रहे हैं। ग्रामीणों से जरूरी सामान समेटकर रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की अपील की जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं।
पांच हाथियों के यूपी की ओर आने की सूचना ने भी वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीमें सक्रिय की गई हैं। लोगों से अपील की गई है कि हाथियों के करीब न जाएं और उनकी लोकेशन मिलने पर तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।
