अतुल कुमार जिंदल
मथुरा। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ मतदेय स्थलों के आलेख्य प्रकाशन के उपरांत बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 4 जुलाई को प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूची पर 16 जुलाई तक किसी भी राजनीतिक दल की ओर से कोई शिकायत या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। ऐसे में इसी सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का पुनर्संभाजन किया गया। इसके तहत 24 से 28 जून तक भौतिक सत्यापन, भवनों का निरीक्षण एवं नए मतदेय स्थलों के चिन्हांकन का कार्य पूरा किया गया। इसके बाद राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार किए गए और 4 जुलाई को आलेख्य सूची प्रकाशित की गई।
उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को सूची का अंतिम अनुमोदन किया जाएगा। इसके बाद 25, 27 और 28 जुलाई को प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे जाएंगे, जबकि 31 जुलाई को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय आयोग के अनुमोदन के लिए प्रस्ताव प्रेषित करेगा।
जनपद में विधानसभावार मतदेय स्थलों की स्थिति
छाता: 416 मतदेय स्थल, 190 मतदान केंद्र
मांट: 458 मतदेय स्थल, 302 मतदान केंद्र
गोवर्धन: 397 मतदेय स्थल, 206 मतदान केंद्र
मथुरा: 495 मतदेय स्थल, 122 मतदान केंद्र
बल्देव (अजा): 481 मतदेय स्थल, 287 मतदान केंद्र
जनपद में कुल 2,247 मतदेय स्थल तथा 1,107 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि सत्यापन के दौरान जिले में 30 मतदेय स्थल जर्जर पाए गए हैं। इनमें छाता में 5, मांट में 8, गोवर्धन में 8 तथा बल्देव में 9 मतदेय स्थल शामिल हैं, जिनके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, सांसद प्रतिनिधि हेमंत अग्रवाल सहित भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा एवं आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा सहित विभिन्न उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।
